जलवायु परिवर्तन पर आधारित स्पेनिश कहानी पढ़िए। इसकी लेखिका का नाम है कैरोलिना ब्राउन कहानी का शीर्षक है- एंथ्रोपोसीन। इस कहानी का अंग्रेज़ी अनुवाद जेसिका पॉवेल ने किया है। अंग्रेज़ी से हिंदी में अनुवाद किया है युवा कवि लेखक देवेश पथ सारिया ने। यह कहानी जलवायु परिवर्तन, अंटार्कटिका और पेंगुइनों पर उसके प्रभाव, ट्रांसजेंडर और फैट फोबिया जैसे विषयों पर बात करती है। आइये कहानी पढ़ते हैं- मॉडरेटर
===========================
मैं दिन में कई बार खुद को ऑक्टेवियो की गर्दन की लटकती त्वचा के बारे में सोचते हुए पाती हूँ। पूर्णकालिक शोध करने पर होता यह है कि आप कल्पनाओं में डूब जाते है; आप बहुत समय अकेले बिताते हैं और नमूने लेना एक दोहराव वाला काम है। साथ ही, कौन नहीं चाहता कि अपने सहकर्मी को मार डाले? बिल्कुल, हर किसी ने ऐसा सोचा होगा। लोगों के मन में वैज्ञानिकों की छवि समझदार, संयमित लोगों की होती है। वह शब्द जो ब्रिटिश लोगों के लिए उपयोग किया जाता है— शांतचित्त।
मुझे यकीन है कि अगर हम आंकड़े देखें, तो शोधकर्ता, विशेष रूप से डॉक्टरेट और पोस्टडॉक्टरल छात्र, सामान्य लोगों से कहीं अधिक नुकसान पहुँचाने के सपने देखते हैं। मेरे विचार बार-बार ऑक्टेवियो की लटकती गर्दन पर लौट आते हैं, वह गुलाबी त्वचा का छल्ला जो फटने की कगार पर है, उसकी जैकेट के गले से बाहर झाँक रहा है। मैं उस त्वचा को उसकी जैकेट की ज़िप में फंसाना चाहूँगी, उसका खून बहता देखना चाहूँगी; उसे घुटते और खाँसते हुए सुनना चाहूँगी, जबकि पृष्ठभूमि में प्रिंटर स्प्रेडशीट्स छाप रहा हो। यह एक पुराना प्रिंटर है, जो बहुत शोर करता है। मैं अपनी अंगुलियों के सिरों को उसकी श्वासनली को मजबूती से दबाते हुए महसूस करना चाहूँगी।
अंटार्कटिका की सर्दियों में कोई भी एकदम समझदार या संतुलित नहीं रह पाता, खासकर इस महाद्वीप के आंतरिक हिस्सों में स्थित स्टेशनों पर, जो बहुत साधारण होते हैं। यह ठीक है, यह पहले जैसा नहीं है, जब हमारे पास चार वास्तविक मौसम होते थे और वैज्ञानिक छह महीने तक पूरी तरह से संपर्क से बाहर रहते थे। अब सर्दी केवल दो महीने की होती है और टेलीफोन और सैटेलाइट इंटरनेट ज्यादातर समय काम करते हैं। यह आठ सप्ताह का समय है, जब आप न तो अंदर आ सकते हैं और न ही बाहर जा सकते हैं और आपको अपने शोध दल के एक सदस्य के साथ एक संकीर्ण धातु के गुंबद में रहना पड़ता है। देखिए, मैं इसे किसी के लिए भी नहीं चाहूँगी। रात में आप एक कठोर खाट पर सोते हैं, एक खिड़की रहित छोटे कमरे में, जहाँ आप घुटन और पसीने के कारण जागते रहते हैं, भले ही बाहर पेंगुइन अपना पिछवाड़ा टिकाए बैठे हों। यह वास्तव में अविश्वसनीय है कि मानव शरीर कितनी गर्मी उत्सर्जित करता है। बस ऑक्टेवियो की कल्पना करें, जो दो सौ पाउंड से अधिक वजन का है: वह आदमी एक मोटी भट्टी है। हर रोज़ भोजन सैन्य शैली के राशन से बना होता है, जिसे माइक्रोवेव में गर्म किया जाता है; मुझे बताइए कि यह किसे पागल नहीं कर देगा। चाहे वह मांस और आलू हों या टमाटर सॉस में रवियोली, सब कुछ एमएसजी जैसा स्वाद देता है। अगर आप लापरवाही बरतें, मशीन से मिलने वाली कॉफी में आपके जूते भी घुल सकते हैं। मैं आपको बता रही हूँ, अगर कुछ सालों में मुझे आंतों का कैंसर हो गया, तो मैं चिली सरकार पर मुकदमा करूँगी।
पेंगुइन की बीट इकट्ठा करना। यही हमारा शोधकार्य है। चार साल का डॉक्टरेट प्रोग्राम, गर्मियों में एक लटकी हुई गर्दन वाले घमंडी मोटे आदमी की संगति में चट्टानी समुद्र तट पर रेंगते हुए बिताने के लिए। यह अजीब लगेगा लेकिन यह मुझे अब भी पढ़ाने से ज्यादा आकर्षक विकल्प लगता है। मेरे कुछ दोस्त विश्वविद्यालय में काम करते हैं। आपको उन्हें देखना चाहिए, वे अंदर से मरे हुए हैं। कॉलेज के बच्चे आपकी ऊर्जा चूस लेते हैं। वे पिशाच हैं। मैं इसके लिए नहीं बनी हूँ।
चिनस्ट्रैप प्रजाति के पेंगुइनों की आखिरी गणना 1960 में हुई थी, पचहत्तर साल से भी पहले। क्या आप इस पर विश्वास कर सकते हैं? शुरू करने से पहले ही हमें पता था कि उनकी आबादी 75 प्रतिशत कम हो चुकी है। सभी आंकड़े इस ओर इशारा करते थे। ग्रीनपीस के पास ड्रोन छवियों को गिनने वाले दर्जनों स्वयंसेवक थे। वे बेसमेंट में रहने वाले भले लोग थे। यह ऐसा काम नहीं है कि आपको इसके लिए ज्योतिषि होना पड़े : कराकास समझौते के बाद से तापमान लगभग दो डिग्री बढ़ चुका है और इस गति से, पाँच साल में इस महाद्वीप पर बर्फ नहीं बचेगी। यह अध्ययन यूरोपीय संघ द्वारा वित्तपोषित है और छह महीने तक चलेगा। मुझे वास्तव में नहीं पता कि वे अपने देशों में चल रहे संकट के बावजूद पैसे कहाँ से लाते हैं। अगर आप सोचें तो यह एक चमत्कार है कि यह परियोजना अब भी चल रही है क्योंकि वे दशकों से व्यवस्थित रूप से बजट में कटौती कर रहे हैं। यह काम सौ साल पहले किया जा सकता था, वह भी बहुत बेहतर तरीके से। लेकिन उनकी लापरवाही दिखाती है कि उन बदमाशों को जैव विविधता की कितनी कम परवाह है। अगर मैं ईमानदार हूँ, तो अब करने के लिए ज़्यादा कुछ नहीं बचा है। यह स्पष्ट है कि पेंगुइन क्यों मर रहे हैं : क्रिल मछली लगभग ख़त्म हो चुकी है, और यही वे खाते हैं। पेंगुइंस की बीट में प्लास्टिक की मात्रा बढ़ती जा रही है।
लेकिन अंटार्कटिका के इस शरण गृह में रहने की सबसे बुरी बात है इसका बाथरूम जो बहुत छोटा है और दरवाजा अंदर की ओर खुलता है। क्या आप मुझे बता सकते हैं कि आर्किटेक्चर के छात्र क्या सोच रहे थे जब उन्होंने इसे डिज़ाइन किया था? बिना आपके कपड़ों के टॉयलेट सीट को छुए उस छोटे से बाथरूम से बाहर निकलना असंभव है। फ्लशर में पानी का पर्याप्त दबाव नहीं है और बहुत बार मुझे उस अजीब आदमी ऑक्टेवियो द्वारा छोड़े गए आश्चर्यों का सामना करना पड़ा है। मैं आपको बता रही हूँ, उस आदमी को अधिक फाइबर खाना चाहिए और थोड़ा व्यायाम करना चाहिए। यहाँ कोई सीवेज सिस्टम नहीं है; आपके शरीर से निकलने वाली हर चीज़ सीधे समुद्र में चली जाती है, जो देखा जाए तो बहुत बुरी बात है। पिछले साल, अर्जेंटीना की एक टीम ने पाया कि वेडेल सील्स में एंटीबायोटिक्स के प्रति प्रतिरोध विकसित हो रहा है। लेकिन जो मुझे वाकई परेशान करता है, वह है टॉयलेट पेपर। प्रोटोकॉल के अनुसार, इसे कचरे के डिब्बे में फेंकना होता है और फिर सीलबंद कचरे के बैग में स्थानांतरित करना होता है जो हम ओ’हिगिन्स वापस ले जाएँगे। यह जानते हुए भी वह असामाजिक तत्व ऑक्टेवियो इसे मोड़ने की भी जहमत नहीं उठाता। वह बस इसे फेंक देता है और उसका कुछ हिस्सा ऊपर की ओर रहता है। आप सब कुछ देख सकते हैं। थोड़ी-सी शालीनता की उम्मीद तो आप रखते ही हैं। कभी-कभी वह कचरे के डिब्बे में बैग भी नहीं डालता। ठीक है, माना कि मेरा काम पेंगुइंस की बीट इकट्ठी करना है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मुझे ऑक्टेवियो का भी मल देखना पड़ेगा।
पेंगुइन की बीट के बारे में एक बात महत्वपूर्ण है। ध्यान दें, इसे आप गंभीर निशानेबाजी कह सकते हैं। लगभग तीस साल पहले, ओसाका विश्वविद्यालय की एक टीम ने पक्षियों के मलद्वार दबाव के आधार पर कुछ गणनाएं की थीं। यह शोध नेचर जर्नल में प्रकाशित हुआ था। उस समय नेचर फिर भी एक सम्मानजनक प्रकाशन था और अपने प्रायोजकों के अधीन नहीं था। मैंने इसे सालों पहले पढ़ना बंद कर दिया है; अब इसके सभी लेख आपको कुछ बेच रहे होते हैं या कुछ हरा-भरा कर रहे होते हैं, लेकिन मुझे यकीन है कि अगर आप इंटरनेट पर खोजेंगे तो आपको वह अध्ययन मिल सकता है। शायद आपको इसके लिए कुछ भुगतान करना पड़े। यह बकवास बात है कि आपको हमेशा भुगतान करना पड़ता है। मैं मुद्दे से भटक रही हूँ। बात यह है कि जापानियों ने पूरे एक साल तक पेंगुइन की बीट की दिशा और गति को मापने में बिताया। यह गजब का काम था। क्या आप जानते हैं कि पेंगुइन की बीट की अधिकतम रेंज लगभग साढ़े चार फीट है? अगर आप सोचें तो यह असल में दूर तक गोली मारने जैसा कारनामा है।
***
दिन क्रमांक 35
जलवायु परिवर्तन के बारे में सोचकर मुझे तनाव होता है। मुझे लगता है कि हम सब मरने वाले हैं। हम सभी। हर प्रजाति। यह साबित हो चुका है कि तापमान में वृद्धि सभी व्यक्तियों की प्रजनन दर को प्रभावित करती है और भोजन की उपलब्धता और वितरण पर भी कहर बरपाती है। लोग सोचते हैं कि थर्मामीटर पर दो डिग्री कुछ भी नहीं है, लेकिन उन्हें कोई अंदाज़ा नहीं है। हम पिछले पैंसठ सालों से एक भयंकर सूखे की चपेट में हैं। इंसान और जानवर प्यास से मर रहे हैं। चिली, कैलिफोर्निया, ऑस्ट्रेलियाई तट, दक्षिणी यूरोप। हर जगह एक जैसा हाल है। अगर तापमान इस गति से बढ़ता रहा, तो हम दो सौ साल से भी कम समय में विलुप्त हो जाएँगे। कम से कम विश्वविद्यालय में देखे गए गणितीय मॉडल यही कहते हैं।
अंटार्कटिका महाद्वीप पर हाल और भी बुरा है। आखिरी आधिकारिक माप में, पृथ्वी की सतह का तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा, लेकिन यहाँ अंटार्कटिका में यह लगभग दोगुना हुआ है। मुझे यहाँ आने से पहले यह पता था, मेरे बॉस ने मुझे फोन पर चेतावनी दी थी। मुझे स्वीकार करना होगा कि मैं वास्तव में इसकी कल्पना नहीं कर सकी थी। इसे समझना असंभव है; इसे आप तभी समझते हैं जब आप अंटार्कटिका पहुँचते हैं। यह आपके दिमाग में मौजूद छवियों जैसा बिल्कुल नहीं दिखता। जब हम यहाँ उतरे तो मेरा रोने का मन हुआ। यह जगह बस एक दलदल है। अब लगभग कोई सफेदी नहीं बची है।
***
“तुम घिनौने हो।”
“तुम्हारी समस्या क्या है?”
“तुम्हें यहाँ सिगरेट नहीं पीनी चाहिए, ऑक्टेवियो।”
“किसी ने तुमसे नहीं पूछा।”
“अगर मुझे अपने नमूनों में सिगरेट का टुकड़ा मिला, तो मैं तुम्हारी पिटाई कर दूँगी। सुन रहे हो? बेवकूफ की तरह मुस्कुराना बंद करो।”
उस मोटे आदमी के विपरीत, मैं नमूने लेते समय कभी नहीं हँसती। मेरे पास अन्य समस्याएँ हैं : सिरदर्द, मतली, चक्कर। देखिए, पेंगुइन की बीट नाइट्रस ऑक्साइड उत्सर्जित करती है, जिसे लाॅफिंग गैस भी कहा जाता है। शायद आप यह पहले से जानते हैं। यह ज्यादा नहीं होती लेकिन कुछ घंटों के बाद आप इसे नोटिस करने लगते हैं। यह आपको अंदर से जहर देता है। उदाहरण के लिए, ऑक्टेवियो, वह अपनी जीभ चलाने लगता है और वह बकवास बातें करने लगता है और चोट पहुँचाने की कोशिश करता है। यह वास्तव में उसकी गलती नहीं है, वह बुरा इंसान नहीं है। मेरे उससे भी बदतर सहकर्मी रहे हैं, जो वास्तव में हिंसक और परेशान थे। ऑक्टेवियो बस एक बिगड़ा हुआ बच्चा है। अकादमिक दुनिया वास्तव में लोगों में सबसे खराब चीज़ें सामने लाती है। ऑक्टेवियो की समस्या यह है कि वह बहुत ज्यादा ध्यान आकर्षित करता है; उसके आसपास कभी शांति नहीं होती। और काम करने के लिए शांति बहुत महत्वपूर्ण है। वह इतना विशाल है कि उसका शरीर शोर मचाए बिना नहीं रह सकता, तब भी, जब वह सोचता है कि वह शांत है। मुझे नहीं पता कि वह यह कैसे कर लेता है। आप उसे साँस लेते हुए सुन सकते हैं, जैसे कि उसके अंदर एक एम्प्लीफायर हो। नाइट्रस ऑक्साइड, आप इसे अपनी मांसपेशियों में महसूस करते हैं। क्या आप इसे अभी महसूस कर सकते हैं? शायद आपको इसका एहसास नहीं है। यह थोड़ा-सा वैसा है जैसे दंत चिकित्सक आपके दाँत निकालने के लिए एनेस्थीसिया का उपयोग करते हैं। नहीं, वह बस कुछ देर टिकने वाला एनेस्थीसिया नहीं। असली वाला।
“क्या तुम्हें दर्द हुआ जब उन्होंने तुम्हारा लिंग काटा?”
“किसी ने मेरा लिंग नहीं काटा, बेवकूफ। उस ऑपरेशन को वजाइनोप्लास्टी कहते हैं और यह आखिरी बार है जब हम इसके बारे में बात कर रहे हैं।”
“तो तुम्हारे शरीर में अब भी लिंग है?”
“तुम्हें इस बात की परवाह क्यों है?”
“खैर, यह समझ में आता है। तुम्हारे शरीर पर बाल कुछ ज्यादा ही है। मैं कभी नहीं सोच सकता कि तुम एक सामान्य लड़की हो।”
“तुम्हें कैसे पता? तुम काफी भद्दे दिखते हो।”
“शांत हो जाओ। यह बस एक मजाक था।”
“तुम मूर्ख हो, ऑक्टेवियो। क्या संयोग से तुम्हारे माता-पिता एक-दूसरे के भाई-बहन हैं?”
“अरे, मेरे माता-पिता को इसमें मत घसीटो।”
“तुम सोचते हो कि तुम बहुत अच्छे दिखते हो, या क्या? उस पेट के साथ मुझे नहीं लगता कि मानाती (समुद्री गाय) भी तुम पर रहम करेंगी, भले ही स्वीडिश लोग उन्हें हाॅर्मोन इंजेक्ट कर रहे हों ताकि वे फिर से प्रजनन शुरू कर दें।”
“तुम जैसे लोग सिर्फ सड़क के किनारे काम करने के लिए अच्छे हो।”
“हाँ। इसीलिए हम सहकर्मी हैं।”
ऑक्टेवियो ने आखिरी कश लिया और सिगरेट को अपने जूते के तलवे के नीचे कुचल दिया। उसने कुछ कदम उठाए, गीली रेत में धंसते हुए। उसने जो बैकपैक पहना था, वह उसके कंधों को गला रहा था; यह उसके मोटे बाजुओं के बगल में छोटा लग रहा था।
“मैं शर्त लगाकर कहती हूँ कि तुम अब भी कुँवारे हो, ऑक्टेवियो। हाँ या ना?”
“चुप करो।”
“यह दूर से ही पता चलता है। जब मैं तुम्हें देखती हूँ तो मैं अंदर से सूख जाती हूँ।”
“चुप हो जाओ।”
“तुम्हें पता है कि मोटे लोगों और एस्ट्रोजन के बारे में क्या कहते हैं? मैं शर्त लगा सकती हूँ कि तुम्हारा लिंग बहुत छोटा है।”
ऑक्टेवियो ने सिगरेट का टुकड़ा खाली पैक में डाला, उसे अपनी मुट्ठी में दबाया और अपने बैकपैक में डाल दिया। उसका चेहरा गुस्से से लाल हो गया था।
“तुम जैसे लोग एक भटकाव हैं।”
मैं चुलबुले ढंग से मुस्कुरायी और उसे एक हवाई चुम्बन दिया।
“हम एक-दूसरे के लिए बने हैं, प्रिय।”
वह लंगड़ाता हुआ चला गया। वह चार दिनों से अपनी सायटिका के लिए मांसपेशी रिलैक्सेंट ले रहा था, लेकिन मुझे पता था कि दवा किट में आधी गोलियाँ पुरानी हो चुकी थीं। सबसे अच्छा होगा कि वह अपना वजन कम करे, जल्द से जल्द। अगर उसे दिल का दौरा पड़ा या कुछ और हुआ, तो मैं उसे हिला भी नहीं पाऊँगी। मैंने उसका राशन छिपाने की कल्पना की ताकि वह भूखा रहे। इससे उसे कुछ फायदा होता। उसकी समस्या थी तनाव और मिठाई का बहुत शौक। कभी-कभी मैं उसे आधी रात को रसोई में सुनती थी, कंडेंस्ड मिल्क या सीरप में डूबी आड़ुओं के चटखारे लेते हुए। मैंने तब तक इंतज़ार किया जब तक वह काफी दूर नहीं चला गया और जब मुझे यकीन हो गया कि वह मुझे नहीं सुन सकता, मैं रोने लगी।
***
दिन क्रमांक 87
मेरे बॉस के ओ’हिगिन्स से सटीक शब्द थे : “मुझे काम से होने वाले तनाव पर यकीन नहीं है।” जैसे कि यह कोई सच्ची बात हो। मैंने कहा : “कार्यस्थल पर मनोवैज्ञानिक हिंसा के कृत्यों का सामना करना एक स्वास्थ्य जोखिम है, खासकर जब वे कृत्य लगातार दोहराए जा रहे हों, और विशेष रूप से हमारे जैसे लोगों के लिए जो ऐसी निर्जन जगह पर काम करते हैं।” यह सहज नहीं था; मैंने इसे अपनी नोटबुक में लिख लिया था ताकि मैं घबरा न जाऊँ। उस आदमी (बाॅस) से बात करना मेरी नसों को तोड़ देता है। उसने कहा : “एलेक्सा, अपना मुँह बंद करो, सैटेलाइट कॉल महंगे हैं और हमारे पास बजट नहीं है।” फिर उसने फोन काट दिया।
आज मैंने अपने हेल्थ प्रोवाइडर के ज़रिए एक मनोवैज्ञानिक के साथ अपॉइंटमेंट माँगा, लेकिन मेरे लिए संभव डॉक्टरों के पास कोई स्लॉट खाली नहीं है, वे डाॅक्टर जो सबसे बुनियादी हेल्थ प्लान पर काम करते हैं, जिसमें दंत चिकित्सा या फिजियोथैरेपी या किसी विशेषज्ञ की सेवाएं शामिल नहीं हैं। यह सिर्फ पच्चीस मिनट की टेलीकंसल्टेशन हैं और आधे समय वह भी नहीं हो पाती क्योंकि यहां सिग्नल अस्थिर है और कॉल बीच में कट जाता है। मुझे अब भी गुस्सा आता है कि मेरे पास बेहतर स्वास्थ्य सेवाओंं के लिए भुगतान करने का कोई ज़रिया नहीं है।
मुझे किसी से बात करने की ज़रूरत है, इसलिए मैं पेंगुइनों के पास जाती हूँ। बात यह है कि मुझे भविष्य के बारे में डर लगता है और इसे ज़ोर से कह देने से बहुत मदद मिलती है। कभी–कभी मैं उन्हें गिनती हूँ और इससे मुझे सुकून मिलता है। मैं कभी सौ से ज्यादा नहीं गिन पाती। मुझे लगता है कि वे मेरी बात को ध्यान से सुनते हैं या शायद वे गर्मी से पस्त हो गये हैं और इसलिए हिल नहीं पाते। आम तौर पर, अगर आप उनके पास जाते हैं तो वे डगमगाते हुए चले जाते हैं। कभी–कभी मुझे लगता है कि वे पहले से जानते हैं कि वे गायब हो रहे हैं, जैसे उन्हें इसका आभास हो। उन्होंने अलग तरह से व्यवहार करना शुरू कर दिया है। उदाहरण के लिए चिनस्ट्रैप पेंगुइन को ही लें, वे अब प्रवास नहीं करना चाहते। हर साल वे छोटी–छोटी दूरी तय करते हैं। और पिछले साल, हमें एक कॉलोनी में शिकार के कई अजीब मामले भी मिले। उन्होंने एक–दूसरे को खा लिया था; ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। मैं अब रात में सो नहीं पाती। गर्मी मुझे भी डराती है।
***
मैं मानती हूँ कि आज सुबह मेरा मूड खराब था। मेरे सिर में दर्द था, आँखों के ठीक पीछे, और मुझे सुबह पेंगुइन की बीट के आखिरी दो नमूनों में प्लास्टिक मिला था। ठीक है, इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है, ये बेवकूफ पक्षी प्लास्टिक के चमकीले रंगों के पीछे पागल हो जाते हैं और उसे खाए बिना नहीं रह सकते। लेकिन डेढ़ औंस की बीट में स्प्राइट और पेप्सी दोनों का ढक्कन मिलना कुछ ज्यादा ही हो गया। ढक्कन बरकरार थे, सिवाय उनके लोगो के कुछ हल्के फीके पड़ने के, जो पेट के एसिड के कारण हुआ होगा। क्या उन्होंने निष्कासन के समय मलद्वार पर अतिरिक्त दबाव डाला होगा? बेचारा जानवर! जापानियों को अपनी मल की दिशा पर अध्ययन में इस बारे में विचार करना चाहिए था, लेकिन जब उन्होंने अपना शोध किया था, तब परिस्थितियाँ बहुत अलग थीं। तब यहाँ केवल वैज्ञानिक ही आते थे। मेरी राय में, हमें पर्यटकों की यहां तक पहुँच को प्रतिबंधित करना होगा।
मैं एक चट्टान पर बैठ गई ताकि अपने दो हज़ार कैलोरी के राशन को अपनी कांख के नीचे गर्म कर सकूँ। उस दिन मेन्यू में रवियोली थी। धूप थी, अंटार्कटिक वसंत की धूप, तेज चमकती हुई। धूप के चश्मे के बावजूद आँखें मिचमिचानी पड़ रही थीं। ऑक्टेवियो मेरे पीछे था, चाय की चुस्कियां ले रहा था और एल्यूमीनियम फ़ॉयल वाले पैकेट में भरे खाने को यूँ खा रहा था जैसे कल का कोई भरोसा न हो।
“यार, मैं तुम्हें यहाँ से सुन सकती हूँ। क्या तुम्हें किसी खलिहान में पाला गया था?”
बर्फ पर एक गहरी छाया थी। एक सलेटी धब्बा जो गंदी बर्फ और समुद्र तट के अंत में चट्टानों के साथ मिल गया था। मैंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। यह इतनी दूर था कि यह एक चिनस्ट्रैप पेंगुइन भी हो सकता था।
वह चीज़ करीब आ रही थी। यह फटे हुए कपड़ों में एक वयस्क पुरुष था। उसका बायाँ हाथ गायब था। पहले तो मुझे लगा कि कोई हादसा हुआ होगा : उन लक्ज़री यॉट्स में से एक में जो एशियाई करोड़पतियों को लाती हैं, वैज्ञानिकों को ले जाने वाले एक छोटे विमान में जो प्रतिस्पर्धा के गुलाम हैं, या एक विस्फोट; निश्चित तौर पर मुझे कुछ नहीं पता। बाद में आपको एहसास होता है कि शायद आपने कुछ सुना होता : कोई क्रैश, एक विस्फोट, लेकिन तत्क्षण यह आपके दिमाग में नहीं आता। द्वीप का ज्वालामुखी कैल्डेरा पास ही था और जहाँ तक मुझे पता है, वह ज्वालामुखी अब भी सक्रिय है। मैंने अपनी किट ज़मीन पर रखी और खड़ी हो गई। वह आदमी सीधे ऑक्टेवियो की ओर जा रहा था। वह सदमे में था, नशे में डगमगाता हुआ-सा था। उसकी जैकेट से रूई निकल रही थी। वह मुझे शैकल्टन के लोगों की याद दिलाता था, आप जानते हैं कि मेरा मतलब किससे है? विशाल आँखें, धँसे हुए गाल, धूसर त्वचा। उस डैनिश आदमी का नाम क्या था जिसने ध्रुव पार किया था?
पहले तो मुझे लगा कि वह आदमी अत्यधिक उत्साही था। बेचारा। वह मेरे भद्दे सहकर्मी को गले लगाने के लिए आगे बढ़ा, जो निश्चित रूप से थर्मल कपड़ों की परतों के नीचे पसीने में लथपथ था। मैं आपको बता रही हूँ, वह आदमी डिओड्रेंट का इस्तेमाल नहीं करता। जब मैं उसके बाद बाथरूम में जाती हूँ, तो वहाँ पुराने चीज़ (cheese) जैसी बदबू आती है। मैंने उन दोनों को घृणा से देखा। मैंने कुछ कदम पीछे हटा लिए। मेरा इरादा दूरी बनाए रखने का था।
ऑक्टेवियो चीखने लगा। वे दोनों आपस में उलझ गए। क्या बकवास है, मैंने सोचा। मैं अभी भी स्पैटुला पकड़े हुए थी जब मैं उनके पास पहुँची। ऑक्टेवियो का चेहरा डर से सिकुड़ गया था, उसकी ठुड्डी उसकी लटकी हुई खाल में छिप गई थी और उसकी छोटी गुलाबी जीभ उसके खुले मुँह से तोते की तरह बाहर निकल रही थी। मैं उस दूसरे आदमी की सिर्फ पीठ देख सकती थी। उसकी जैकेट सैनिकों जैसी थी और पुरानी लग रही थी। जैकेट एक जगह से फटी हुई थी और उसमें से सलेटी पंख बाहर निकल रहे थे। हालांकि उस आदमी का एक ही हाथ था लेकिन ऑक्टेवियो को दबोचने में उसे आश्चर्यजनक रूप से ज्यादा दिक्कत नहीं हो रही थी। ऑक्टेवियो जंगलियों की तरह चीख रहा था। वह रो रहा था, कह रहा था कि भगवान के लिए मैं उसकी मदद करूं। वह पूछ रहा था कि मैं वहाँ बस खड़ी-खड़ी क्या कर रही थी? आखिरकार मैं दौड़ने लगी और अपनी पूरी ताकत से मैंने उस नए आदमी को ज़मीन पर धकेल दिया। अब मैं उसे करीब से देख सकती थी। उसकी पीली आँखें खून से भरी थीं, उसकी त्वचा रिसाइकिल पेपर की तरह उसके गालों से चिपकी हुईं थी। उसके चेहरे पर एक औंस भी चर्बी नहीं थी। उसकी जैकेट का हुड पीछे गिर गया था; उसके सिर पर न के बराबर बाल थे। उसकी खोपड़ी एक तरफ से उभरी हुई थी। इससे मुझे सचमुच डर लगा।
“उसने मुझे काट लिया, एलेक्सा। उस कमीने ने मुझे काट लिया!” मेरे सहकर्मी ने चीखते हुए कहा। उसने मुझे अपनी खून से सनी हुई हथेली दिखाई, उसका दस्ताना आधा फटा हुआ था।
उसकी तर्जनी का आखिरी जोड़ गायब था। वह घाव को मेरे चेहरे के इतने करीब ले आया कि मेरे गाल पर खून लग गया। घिनौना। मैं उसमें हड्डी का छोटा सफेद सिरा भी देख सकती थी। बेचारा मोटा आदमी अपनी उंगली देखते हुए भेंगा-सा हो गया। मुझे लगा कि वह बेहोश हो जाएगा।
“उस कमीने ने मेरा अंगूठा खा लिया, एलेक्सा।”
वह आदमी उठने लगा। उसने कुछ नहीं कहा। उसने कुछ बार अपना जबड़ा हिलाया; ऑक्टेवियो का चमकीला खून उसके चेहरे से नीचे बह रहा था। उसके मुँह के अंदर, मैंने मांस का छोटा टुकड़ा गलते हुए देखा। मैंने उसके दाँतों द्वारा हड्डी चबाने की आवाज सुनी।
मैं ऑक्टेवियो को शांत होने के लिए कहने वाली थी, लेकिन वह दूसरा आदमी मुझ पर झपटा। मैंने समय रहते अपनी बाहों से उसे रोक लिया। यह ऐसा था जैसे मैं एक ट्रेन को रोकने की कोशिश कर रही हूँ। उस दुबले-पतले आदमी में अविश्वसनीय ताकत थी। वह पागल हो गया था।
“ऑक्टेवियो, मेरी मदद करो!”
मैंने उसके सीने पर अपना पैर रखा और पूरी ताकत से उसे धक्का दिया। मैं उसे मुश्किल से हिला पाई। उस आदमी ने अपना मुँह खोला और सड़ी हुई मछली की बदबू ने मुझे घेर लिया। ऐसा लग रहा था कि उसने ऑक्टेवियो का अंगूठा अब निगल लिया था। मैं अपने चेहरे के ऊपर उसके मुंह का बैंगनी रंग का ऊपरी सिरा देख सकती थी। यह शार पेई नस्ल के चीनी कुत्तों जैसा लगता था। मुझे यह देखकर डर लगा कि उसका एपिग्लॉटिस नहीं था।
“मेरी मदद करो, लानत है! ऑक्टेवियो!”
वह मोटा कमीना बस रोता रहा, अपनी खून से सनी हुई उंगली को दूसरी हथेली से पकड़े हुए, मेरे कष्ट और हर चीज़ के प्रति उदासीन बना रहा।
“हिलो भी अब!” मैं चिल्लायी। “वरना मैं उसे तुम्हारा चेहरा खाने दूँगी। भगवान के लिए, ऑक्टेवियो, क्या मुझे सब कुछ खुद करना होगा?”
मैं किसी तरह छूट पाई और मैंने एक बड़ा पत्थर उठाया और उस आदमी के सिर पर, बाएँ कान के पास मारा। वह डगमगाया और ज़मीन पर गिर गया। इस आदमी को क्या हो गया है? अच्छा हुआ कि मेरा हाथ मजबूत है, वरना मैं यह कहानी सुनने के लिए बचती नहीं। मुझे यकीन था कि वह जल्दी फिर से नहीं उठ पाएगा। जब वह दूसरी बार यूं उठने लगा जैसे कुछ नहीं हुआ हो, मैंने ऑक्टेवियो को उसकी जैकेट से इतनी जोर से पकड़ा कि मैंने उसे ज़मीन से उठा लिया।
“रोना बंद करो, बेवकूफ। वह वापस आ रहा है।”
हमने उससे दूर होने के लिए चट्टानों पर थोड़ी दूरी तय की। ऑक्टेवियो हाँफ रहा था, उसकी गर्दन लाल धब्बों से ढकी थी और वह लंगड़ा रहा था। वह एक हाथ अपनी पीठ पर रखे हुए था। लानत है उन मांसपेशी रिलैक्सेंट्स पर। वह दूसरा आदमी अपनी बाहें फैलाए हुए हमारे पीछे आ रहा था।
“हे स्वर्ग में स्थित हमारे पिता, आपका नाम पवित्र है।”
“क्या तुम मुझसे मजाक कर रहे हो, ऑक्टेवियो?”
हम उस कंकाल जैसे आदमी से थोड़ी दूरी बनाते हुए लगभग पचास मीटर आगे बढ़े। वह भटका हुआ-सा लग रहा था, चट्टानों पर धीरे-धीरे चल रहा था, अपनी बाहें सामने फैलाए हुए, जैसे कि संतुलन बनाए रखने के लिए ऐसा कर रहा हो। क्या वह नशे में हो सकता है? मुझे लगा कि वह देख नहीं सकता; वह अपना सिर इधर-उधर घुमा रहा था जैसे कि हमें ढूँढ रहा हो। कुछ समय बाद वह रुका और पैंतालीस डिग्री मुड़ा। मुझे राहत महसूस हुई, यह सोचकर कि उसने हार मान ली है। फिर मैंने पाया कि वह मुस्कुरा रहा है। वह सीधे एक पेंगुइन की ओर बढ़ा।
आप IUCN रेड लिस्ट से परिचित हैं। चिनस्ट्रैप पेंगुइन उस सूची में है। वे गंभीर रूप से संकटग्रस्त जीव हैं। एक और कदम, और हमारे पास केवल चिड़ियाघर में उनके नमूने रह जाएँगे। मुझे चिड़ियाघर से नफरत है। मैं उस कमीने को अपने शोध विषयों में से एक को खाने नहीं देने वाली थी। जंगल में अब छह सौ से भी कम चिनस्ट्रैप पेंगुइन बचे हैं और मुझे इस परियोजना की जरूरत है। मुझे पता है कि यह एक घिसा-पिटा जुमला है, मुझे इसे कहने में भी शर्मिंदगी महसूस होती है, लेकिन सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। मुझे नहीं पता कि मुझे वह दूसरा पत्थर कहाँ से मिला। एक, दो, तीन, चार बार। मेरे हाथ भी नहीं काँपे। मैंने कोई कसर नहीं छोड़ी। इसे ऐसे सहजता से बताना घिनौना है। शायद मैं भी सदमे में हूँ। मुझे थेरेपी के लिए जाना चाहिए, लेकिन मैं उसके लिए भुगतान कैसे करूँगी? और वैसे भी, कभी कोई अपॉइंटमेंट उपलब्ध नहीं होता। कभी-कभी, जब मैं सोने से पहले अपनी आँखें बंद करती हूँ, तो मैं उसे देखती हूँ। उस आदमी का तो खून भी नहीं बहा। उसके कानों से एक सलेटी पेस्ट रिस रहा था, जैसे कोई साॅस। पहले दो प्रहारों के बाद भी वह कमीना मुस्कुरा रहा था। तीसरे के साथ, उसके सिर के अंदर कुछ ढीला हो गया। मुझे लगता है मैंने उसकी गाल की हड्डी तोड़ दी थी; उसकी एक आँख उसकी खोपड़ी के अंदर धँस गई और मैंने उसे फिर नहीं देखा। उसके नाक और मुँह गहरे काले लोथड़े जैसे थे। मैंने उसके सारे दाँत तोड़ दिए। मुझे पत्थर से उनके टूटने का एहसास हुआ। यह एक बहुत ही अजीब संवेदना थी। मैंने आखिरी प्रहार आँखें बंद करके किया। क्या आपने कभी एक ही झटके में तरबूज को दो हिस्सों में तोड़ा है?
***
दिन क्रमांक 123
यह अध्ययन तीन सप्ताह में खत्म हो रहा है। हमें अभी सूचित किया गया है, बजट खत्म हो गया है। यूरोपीय संघ के कमीने। सितंबर की शुरुआत तक हमें अपने नमूने पैक करके ओ’हिगिन्स लौटना होगा। ऑक्टेवियो और मैंने उम्मीद की थी कि हमारे पास पेंगुइन कॉलोनियों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव का अध्ययन करने के लिए और समय होगा। सितंबर अंडे सेने का मौसम है और हमने सोचा था कि हमें शिकार के नए मामले देखने को मिल सकते हैं। यह बीट के अलावा अन्य प्रेक्षण लेने का भी आदर्श समय है।
मेरा मानना है कि इस मौसम में अधिक चूजे होंगे, हालाँकि मुझे यकीन है कि उनमें से अधिकांश एक साल के होने से पहले मर जाएँगे। भूख से या फिर वयस्कों द्वारा खा लिए जाने से। पेंगुइन इसे जानते हैं; मैं इसे उनकी बिना पलक वाली आँखों में देख सकती हूँ। कम क्रिल मछली और अधिक प्लास्टिक का होना एक घातक संयोजन है।
इस अध्ययन के खत्म होने के बाद मेरे पास कोई परियोजना या वेतन नहीं होगा। बायोडायनामिक्स और जलवायु विज्ञान में दस साल का शोध और परिणाम के नाम पर कुछ भी नहीं। मेरी संभावनाएँ धूमिल हैं, मुझे इसे स्वीकार करना होगा। कुछ समय पहले मैंने सोशल मीडिया पर देखा कि एक पोस्टडॉक्टरल डिग्री वाला सहकर्मी स्टारबक्स में बरिस्ता है और एक अन्य ने ऑनलाइन पोकर में जाने का फैसला लिया। चिली अंटार्कटिक इंस्टीट्यूट में एक जगह खाली है जिसके लिए मैं आवेदन करूँगी, लेकिन ऑक्टेवियो एक अकादमिक व्यक्ति का बेटा है और मुझे पक्के तौर पर लगता है कि यह जगह उसे मिलेगी। अब मेरा आवेदन प्रक्रिया से गुजरने का भी मन नहीं करता। क्या फायदा? वे नोटरी द्वारा सत्यापित दस्तावेज़ों का ढेर माँगेंगे। यह देश व्यक्तिगत संबंधों पर चलता है; इसलिए मुझे इससे नफरत है।
***
ऑक्टेवियो और मैं अपने शरण गृह में वापस लौट आए। मैंने अपने बैकपैक में रखी अतिरिक्त मेरिनो ऊन से ऑक्टेवियो की उंगली को लपेटा। वह मोटा कमीना पूरे रास्ते रोता रहा, इतनी जोर से कि मैं सोच भी नहीं पाई। मुझे यकीन नहीं था कि मुझे सैटेलाइट फोन इस्तेमाल करना चाहिए या तब तक इंतज़ार करना चाहिए जब तक मेरा दिमाग साफ न हो जाए। मैंने एक आदमी की पत्थर से मार, मारकर हत्या कर दी थी, किसी जंगली की मानिंद और इसे किसी के लिए भी समझाना आसान नहीं है। जब मैं अपने हाथों को साबुन से लगभग कच्चा रगड़ रही थी, मैंने सोचा कि मैं अपने बॉस को क्या बताऊँगी क्योंकि उसे तो कार्यस्थल पर होने वाले तनाव पर विश्वास ही नहीं है। मेरे नाखूनों के नीचे उस आदमी के सिर से निकला भूरा पेस्ट था। मैं अपने शरीर से मछली की बदबू नहीं हटा पाई। मैंने अपना चेहरा सुखाया और ऑक्टेवियो को देखने गई। वह वैसे ही फर्श पर बैठ गया था। वह अब भी अपनी जैकेट और कीचड़ भरे जूते पहने हुए था। मुझे उसे झाड़ू से मारने का मन हुआ, बस उसकी प्रतिक्रिया देखने के लिए। उसके होंठ बिना कुछ कहे हिल रहे थे, उसकी आँखें आँसुओं से भरी थीं। मुझे सब कुछ खुद क्यों करना पड़ता है? मैंने उसके घाव को सेलाइन सॉल्यूशन से साफ किया, आयोडीन से कीटाणुरहित किया और उसे पर साफ बैंडेज लगा दिया। सारी चिकित्सा सामग्री पुरानी हो चुकी थी लेकिन मैंने उसे नहीं बताया। इससे क्या फायदा होता? मोटा होने के अलावा वह आदमी अपने स्वास्थ्य को लेकर दुश्चिंताओं में घिरा रहने वाला भी है। क्या आपको नहीं लगता कि एक सक्रिय जीवन शैली हमारे विचारों को व्यवस्थित करने में मदद करती है?
“एलेक्सा?”
“क्या?”
“मेरी उंगली काली पड़ रही है।”
“इतनी जल्दी?”
मैं उसके पास गई। तीन मिनट से ज्यादा नहीं हुआ था। बैंडेज के नीचे, उंगली की जड़ तक उसकी त्वचा काली पड़ गई थी।
“मुझे समझ नहीं आ रहा।”
“मुझे लगता है मुझे बुखार है।”
मैंने उसकी जैकेट की ज़िप खोली और थर्मामीटर ढूँढा। डिजिटल वाला बैटरी खत्म होने के कारण काम नहीं कर रहा था लेकिन सौभाग्य से एक पुराना था, पारा वाला। मैंने अपनी घृणा को दबाया और उसे उसकी पसीने से भरी बगल में डाल दिया। उस आदमी की बगल के बालों को छूना कितना घिनौना था। मैंने अपनी घड़ी पर समय नोट किया और जब मैंने थर्मामीटर निकाला तो उसमें 105.8 डिग्री दिखा। अब मुझे सचमुच डर लग रहा था। उस आदमी ने जरूर उसे संक्रमित किया होगा, कोमोडो ड्रैगन की तरह। मानव का मुँह वाकई गंदा होता है।
“सब कुछ ठीक हो जाएगा, ऑक्टेवियो। नहाने के बारे में क्या ख्याल है?”
“क्या तुम मेरे कपड़े उतारने वाली हो?”
“फालतू की बातें मत करो, बेवकूफ।”
“मेरा हाथ दर्द कर रहा है, एलेक्सा।”
मैंने उसे वहीं फर्श पर कपड़े उतारने में मदद की। वह जल्दी-जल्दी सांस ले रहा था। उसका नग्न शरीर चीज़ और सड़े हुए नींबू की तरह बदबू मार रहा था। उसके सीने पर लगभग कोई बाल नहीं था और उसके शंक्वाकार छोटे स्तनों के निप्पल कमरे की विपरीत दिशाओं में झांक रहे थे। महत्वपूर्ण बात यह थी कि घाव को सूखा रखना था। मैंने बैंडेज के ऊपर अपना एक सैंपल बैग रखा और उसके कलाई के चारों ओर इलेक्ट्रिकल टेप लपेटकर सील कर दिया, फिर उसे खड़ा होने में मदद की। उसके पसीने से भरे, तीखी गंध वाले शरीर के बालों के संपर्क से मुझे उबकाई आई। जब हम बाथरूम के दरवाजे से गुजरे, तो मैं दरवाजे के फ्रेम से टकरा गई। हम दोनों उस संकरे बाथरूम में मुश्किल से समा पाए। मैंने शावर चालू किया, पहले गर्म पानी से शुरू किया और फिर धीरे-धीरे इसे और ठंडा करती गई। ऑक्टेवियो कांपने लगा, उसके दाँत किटकिटा रहे थे। मैंने पूछा कि क्या उसे चक्कर आ रहा है; मुझे डर था कि वह गिर जाएगा। दीवार पर टेक लगाओ, मैंने कहा। उसके पीले शरीर से बहता पानी मेरे जूतों को भिगो रहा था। मैं इसे देखना बंद नहीं कर पाई; यह पतले ग्रीस के भूरे रंग का था। मैं बस उसे अकेला छोड़कर बहुत दूर भाग जाना चाहती थी, लेकिन मैंने हिम्मत नहीं की। भीतर से मैं एक अच्छी इंसान हूँ। मैंने यहाँ तक किया कि मैंने उसकी धब्बेदार पीठ पर अपना हाथ रखा ताकि उसे भरोसा हो जाए कि सब कुछ ठीक हो जाएगा।
“ओह, धन्यवाद एलेक्सा। वाकई धन्यवाद।”
“यहाँ काम खत्म करने के बाद हम ओ’हिगिन्स कॉल करेंगे।”
“उन्हें कुछ मत बताना। मुझे अब बेहतर महसूस हो रहा है।”
“तुम ठीक नहीं लग रहे हो।”
“मुझे यकीन है कि सुबह तक मैं और बेहतर हो जाऊँगा।”
“ठीक है। और उस आदमी का क्या करें?”
“एलीफेंट सील्स को उसे खाने दो। हम उसे सुबह सबसे पहले रूकरी (वह जगह जहां पेंगुइन जमा होते हैं) तक खींच सकते हैं। सूर्योदय से पहले।”
“क्या तुम इस बात को लेकर गंभीर हो, ऑक्टेवियो?”
“अगर हम कुछ कहेंगे, तो हमारा शोधकार्य बर्बाद हो जाएगा। हमारे पास सिर्फ तीन सप्ताह बचे हैं।”
“मैंने उसे मार डाला।”
“वे अगले साल के लिए हमारी फंडिंग रिन्यू नहीं कर रहे, एलेक्सा। तुम्हें यह पता है। हमें अपना रिसर्च पेपर प्रकाशित करना होगा।”
“मैं नहीं कर सकती।”
“तुम्हें करना होगा।”
“मैंने उसके चेहरे का पत्थर से कचूमर निकाल दिया।”
“किसी को पता नहीं चलेगा। अगर हम अपनी रिसर्च प्रकाशित नहीं करते तो हम दोनों ही बर्बाद हो जाएँगे। हमें कहीं नौकरी नहीं मिलेगी। वैसे भी, तुमने देखा कि वह कैसा था। यह हमारी गलती नहीं थी।”
“भले ही हम रिसर्च पेपर प्रकाशित करें, ऑक्टेवियो। भले ही वह पेपर नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज द्वारा प्रकाशित हो। इससे क्या फर्क पड़ेगा? केवल एक वैकेंसी है और हम दोनों जानते हैं कि वह काम तुम्हें मिलेगा।”
“यह सच नहीं है।”
“मुझे देखो। क्या तुम वास्तव में सोचते हो कि वे उस नौकरी को मेरे जैसे किसी को देंगे?”
मैंने पानी बंद किया और उसे तौलिए में लपेटा। मेरा तौलिया पास में था। बेवकूफ ऑक्टेवियो तो हमेशा अपने तौलिए को कहीं भी फेंक देता था। वह मेरी ओर मुड़ा, उसने अपना सिर झुकाया जब तक कि वह लगभग मेरे माथे को नहीं छू गया और रोने लगा।
“चुप हो जाओ। सब कुछ ठीक हो जाएगा।”
“मुझे माफ कर दो, एलेक्सा, लेकिन क्या तुम मुझे गले लगाओगी?”
“ठीक है, लेकिन पहले अपना गीला शरीर सुख जाने दो।”
“मुझे अकेला मत छोड़ना, प्लीज।”
उसने अपनी मोटी, गीली बाहों को मेरी पीठ के चारों ओर लपेट लिया। बहुत ही लिजलिजा एहसास। मैं स्थिर खड़ी रही, संयमित। मैं और क्या कर सकती थी? मैं एक अच्छी इंसान हूँ। मैं उसके पेट को अपने धड़ में सटते हुए महसूस कर सकती थी। यह बहुत बुरा महसूस हुआ। उसका पेट उसकी साँसों के साथ धीरे-धीरे ऊपर-नीचे हो रहा था, जैसे समुद्र तट पर कोई वालरस हो। हम एक तरह की नकली शांति में वहां खड़े थे, क्योंकि असल में तो उस आदमी के आसपास हमेशा शोर होता है। उसका सीना भरा हुआ था और वह लार्ज हेड्रॉन कोलाइडर की तरह लग रहा था। मुझे यकीन है कि हमारी दवा किट में इनहेलर भी पुराने हो चुके थे।
“ऑक्टेवियो, क्यों न तुम पाजामा पहन लो और बिस्तर पर चले जाओ? हमारा दिन बहुत भारी रहा है।”
वह पीला पड़ चुका था। मैं उसे उसके कमरे में ले गई। मैंने एक दराज से हरा पाजामा निकाला और उसे पहनने में उसकी मदद की, दूसरी तरफ देखने की कोशिश करते हुए। मेरी एकमात्र टिप्पणी यह है कि एस्ट्रोजन के बारे में जो कहते हैं, वह सच है, लेकिन मैं बस इतना ही कहूँगी। मैं गपशप नहीं करती। पाजामा आधा ऊपर खींचकर वह बिस्तर पर लेट गया। वह मुँह से साँस ले रहा था और हाँफ रहा था। मैंने बैंडेज को ढकने वाली प्लास्टिक बैग हटाई। अब न केवल उसकी उंगली की त्वचा काली थी, बल्कि उसकी पूरी भुजा काली पड़ चुकी थी।
“मुझे अकेला मत छोड़ना, एलेक्सा।”
“शांत हो जाओ। मैं कहीं नहीं जा रही।”
“मेरे साथ यहाँ लेट जाओ। बस थोड़ी देर के लिए।”
“ठीक है, लेकिन मुझे फिर से गले मत लगाना।”
“मुझे खेद है उस बकवास के लिए जो मैंने तुमसे उस दिन की थी…”
“सब ऐसा कहते हैं। मुझे इसकी आदत है।”
“लेकिन इससे यह ठीक नहीं हो जाता।”
“जाहिर है।”
“मैं बेवकूफ हूँ। मुझे खेद है।”
“ज्यादातर लोग बेवकूफ और असंवेदनशील होते हैं।”
“हाँ, लेकिन तुमने मेरे मोटे होने का मज़ाक उड़ाया।”
“खैर, तुम वाकई बहुत मोटे हो।”
“लेकिन इससे मेरी भावनाएँ आहत होती हैं।”
“तुम क्या उम्मीद करते हो? क्या मुझे चुप रहना चाहिए और खुश होना चाहिए जब तुम कहते हो कि मेरे जैसे लोगों का अस्तित्व ही नहीं होना चाहिए?”
“तुम फेटफोबिक हो, एलेक्सा।”
“हो सकता है। तुम भी कुछ चीजें हो।”
“एलेक्सा?”
“क्या?”
“मैं कुंवारा मरना नहीं चाहता।”
“मैंने तुमसे कहा था कि मुझे गले लगाने की कोशिश मत करना।”
“साॅरी।”
मैंने उसका वह हाथ पकड़ा जो सही-सलामत था। उस पर इतना पसीना था कि उसने गद्दे पर एक गीला धब्बा छोड़ दिया था।
“एलेक्सा, मुझे पता है तुम क्या सोच रही हो लेकिन ओ’हिगिन्स कॉल मत करना। हमें सैंपलिंग खत्म करनी होगी।”
“शांत हो जाओ। हम इसके बारे में कल बात करेंगे।”।
“तीन सप्ताह, हम बहुत करीब हैं। चलो उसे (मरे हुए आदमी को) रूकरी तक ले चलें। हम एक अच्छी टीम हैं।”
“नहीं, हम टीम नहीं हैं और तुम यह जानते हो। यार, मैंने तुमसे कहा था न कि मुझे गले मत लगाना।”
वह आगे की ओर झुका और उसने कुछ नारंगी और चिपचिपी उल्टी कर दी, जिससे मेरी जैकेट पर छींटे पड़ गईं। वह धीरे-धीरे मेरी ओर मुड़ा। उसकी आँखों का सफेद हिस्सा पीला पड़ गया था। उसने अपना मुँह खोला और बंद किया, अपने दाँत किटकिटाए। वह अपना चेहरा मेरे करीब लाया।
“ऑक्टेवियो?”
वह मुझ पर झपटा। मैं किसी तरह पीछे की ओर गिर पाई, और फर्श पर गिरी।
“यह क्या बकवास है?”
उसने अपनी बाहें फैलाईं और मेरे पैरों को पकड़ने की कोशिश की। मैं जितनी जल्दी हो सका, खड़ी हुई। उसने मेरी पैंट पकड़ी लेकिन कपड़ा इतना पुराना था कि वह फट गया और मैं छूट गई। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं उस साल नई वर्दी न देने के लिए मंत्रालय को धन्यवाद दूँगी। मैं हॉलवे में गई और आग बुझाने वाला यंत्र उतारा। समाप्ति तिथि—तीन साल पहले की—नीले रंग में स्पष्ट रूप से मुद्रित थी।
“मेरे पास मत आना, मैं तुम्हें चेतावनी दे रही हूँ।”
सिलेंडर भरा हुआ था, भारी। किसी ने पहले इसका उपयोग नहीं किया था। लानत अंटार्कटिका पर, इस ग्रह पर एकमात्र महाद्वीप जहाँ हथियार नहीं हैं। मैं आपको बता रही हूँ, इस काम में, आपको जो मिलता है, उसी से काम चलाना पड़ता है। शायद मैं ऑक्टेवियो को रासायनिक धूल के धमाके से जहर दे सकती थी और फिर उसका सिर तोड़ सकती थी। दरवाजे से मेरी ओर बाहें फैलाए हुए आते हुए वह एकदम साफ दिखाई दे रहा है। उसके चेहरे की त्वचा नीली-सलेटी रंग की थी, उसके पीले होंठ लगभग सफेद। उससे मछली की बदबू आ रही थी। मैंने अपनी बाहें पीछे की ओर झटकीं ताकि मेरे शरीर को गति प्राप्त हो सके। ललाट की हड्डी खोपड़ी का सबसे कठिन हिस्सा है।
***
दिन क्रमांक 122
आज एक पेंगुइन ने मुझसे बात की। यह असाधारण था।
ऐसा हुआ। मैं एक नमूना इकट्ठा कर रही थी और मुझे एक आवाज सुनाई दी जो मुझसे कह रही थी : तुम्हारा भविष्य तुम्हारे हाथों में है, एलेक्सा, इसे संभालो। पहले तो मुझे लगा कि मैं कल्पना कर रही हूँ। मुझे पता है कि मेरा बॉस कार्यस्थल पर होने वाले तनाव में विश्वास नहीं करता लेकिन मैंने पढ़ा है कि ऐसा तब हो सकता है जब कोई बहुत दबाव में हो। ऑक्टेवियो रात में अंतरिक्ष यान की तरह खर्राटे लेता है, सोना असंभव है। और फिर गर्मी। मुझे रसोई का तौलिया उसके मुँह में ठूँसने का मन करता है ताकि वह चुप हो जाए।
पेंगुइन मोटा था और चट्टानों पर चलते समय थोड़ा डगमगाता था। मुझे उसे गले लगाने की तीव्र इच्छा हुई; शायद वह बाकियों से छोटा था। वह भाग्यशाली था कि उन्होंने उसे नहीं खाया। निश्चित रूप से उसका मलद्वार दबाव कम है और वह साढ़े चार फीट तक अपनी बीट की गोली नहीं मार सकता। उसने मेरा ध्यान तब खींचा जब मैंने देखा कि उसकी आँखें नीली झिल्ली से ढकी थीं। क्या पेंगुइनों की आँखें नीली हो सकती हैं? पेंगुइन भी कंजंक्टिवाइटिस से पीड़ित हो सकते हैं और यहाँ सब कुछ बहुत जहरीला है। मैं स्थिर रही, अपनी एड़ियों पर बैठी ताकि वह करीब आ जाए। उसकी आँखें शफ्फाफ थीं। उसकी आवाज़ कोमल थी, जैसे किसी रेडियो होस्ट की। एलेक्सा, यह दुनिया भूखों की है और तुम बहुत, बहुत भूखी हो, उसने मुझसे कहा।
***
मैंने सुबह होने से पहले शवों को रूकरी तक खींच लिया : सात सौ मीटर। हड्डियों वाला आदमी अपने कपड़ों के नीचे साठ पाउंड से ज्यादा नहीं था; दूरी तय करना आसान था। उसके पैर इतने पतले थे कि जूतों के भीतर उसके टखने (घसीटते समय) हिल रहे थे। दूसरी ओर, ऑक्टेवियो के शरीर को ले जाने में मुझे पूरी सुबह लग गई। उसकी त्वचा नीली-सलेटी रंग की हो गई थी, जैसे मोम। उसकी ठुड्डी पर कुछ चिपचिपी पपड़ियाँ थीं। उससे इतनी बदबू आ रही थी कि मैंने प्रयोगशाला में इस्तेमाल होने वाली क्लैंप के जरिए उसके मुँह में रसोई का तौलिया ठूँस दिया। मुझे यकीन था कि सड़ी हुई मछली की बदबू उसके अंदर से आ रही थी। मैंने उन दोनों के शरीर को एलीफेंट सील्स के पास छोड़ दिया ताकि वे अपना काम कर सकें। अपने भोजन के साथ मैं एक चट्टान पर बैठ गई : आलू के साथ कटा हुआ बीफ, अठारह सौ कैलोरी। इसका स्वाद रवियोली जैसा था, जैसे एमएसजी। छह बजे के करीब मैं एक गैस कैन लेने गई और उनके शरीर के बचे हुए हिस्सों पर छिड़क दिया ताकि मैं उन्हें आग लगा सकूँ।
यह शर्म की बात है कि चिनस्ट्रैप पेंगुइन मुझसे हर दिन बात नहीं करते। मुझे यकीन है कि अगर वे ऐसा करते तो समय बहुत तेजी से बीतता। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, जंगल में शायद छह सौ से थोड़े अधिक चिनस्ट्रैप पेंगुइंस बचे हैं। इनमें से केवल 35 प्रतिशत मादा हैं। नर और मादा दोनों के 100 प्रतिशत मल में प्लास्टिक होता है।
========================
मूल स्पेनिश से जेसिका पॉवेल द्वारा किए गए अंग्रेजी अनुवाद पर आधारित।
कैरोलिना ब्राउन का जन्म 1984 में सैंटियागो, चिली में हुआ था। उन्होंने चिली विश्वविद्यालय से हिस्पैनिक भाषा और साहित्य में बीए, यूनिवर्सिडैड डेल पैसिफिको (चिली) से मल्टीमीडिया और डिजिटल संचार में बीए, और बार्सिलोना के पोम्पेउ फाब्रा विश्वविद्यालय से साहित्यिक सृजन में एमए किया है। उनकी रचनाओं में शामिल हैं : एन एल अगुआ (इनटू द वॉटर; बिब्लियोटेका डे चिलेनिया, 2015), जो चिली नेशनल बुक फंड द्वारा चुना गया; एल फाइनल डेल सेंडेरो (द एंड ऑफ द ट्रेल; एमेसे एडिटोरेस, 2018), रूडास (टफ कुकीज़; एडिटोरियल नोक्टाम्बुला, 2019), नॉस्टैल्जिया डेल डेसिएरटो (नॉस्टैल्जिया फॉर द डेज़र्ट; एमेसे एडिटोरेस, 2021); युवा वयस्क उपन्यास डंकन (प्लैनेटा लैक्टर, 2022), जो 2023 में IBBY चिली के कोलिब्री मेडल का विजेता रहा; और कहानी संग्रह प्रिंसिपियो डे इनसर्टिडुंब्रे (अनसर्टेनटी प्रिंसिपल; सिक्स बारल, 2024)। उनकी किताबें और लघु कहानियाँ चिली, अर्जेंटीना, स्पेन, जर्मनी, संयुक्त राज्य अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम में प्रकाशित हुई हैं।

