मौत को नज़र चुरा कर नहीं नज़र मिला कर देखें

लॉकडाउन डायरी आज भेजी है ब्रिटेन से प्रज्ञा मिश्रा ने। मृत्यु और दुनिया भर की क़ब्रों को लेकर लिखा गया यह गद्य इस समय की भयावहता को तो दिखाने वाला है ही भौतिकता की निस्सारता का पाठ भी है- मॉडरेटर।

===========

कोरोना वायरस के फैलने का जो सबसे बड़ा और गहरा असर है वह है गिनती करते रहना कि आज कितनी जानें गयीं और यह गिनती दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही है, अखबारों को एक्स्ट्रा पन्ने छापने पड़ रहे हैं कि आखिर इन खत्म हो चुकी ज़िन्दगियों को एक विदाई दे सकें, इस दौर में जहाँ कोई भी रीति रिवाज कायम नहीं रखा जा सकता ऐसे में इन लोगों को किस तरह से सम्मान  और प्यार के साथ विदाई दी जाए यह सवाल सबके सामने है। टीवी और रेडियो पर भी अलग प्रोग्राम  आ रहे हैं जहाँ लोग अपने घरों से ही अपनी यादें बाँट सकते हैं। जब हम न्यू यॉर्क में mass burial देखते हैं तो उन लोगों की तकलीफ का अंदाज़ा लगाना  नामुमकिन हो जाता है जिनका कोई अपना यहाँ दफ़न होगा।

प्राग शहर में यहूदियों का कब्रिस्तान है, यह शायद दुनिया का सबसे ज्यादा भरापूरा कब्रिस्तान है जहाँ कहा जाता है कि एक लाख से भी ज्यादा लोग दफन हैं। इस कब्रिस्तान में पंद्रहवीं सदी की भी कब्रें हैं और कहा जाता है करीब १२ सतहों में लोग दफन हैं, और इतने बरसों बाद भी वहां आज भी १२ हजार कब्र पर लगे हुए पत्थर मौजूद हैं। वहां उन कब्रों के बीच चलते हुए एक अजीब सा एहसास होता है , ऐसी शान्ति जो किसी बुरे होने की आशंका के सच हो जाने के बाद मिलती है। क्योंकि तब वो सब हो चुका है जिससे आप डर रहे थे, जो नहीं होना चाहिए था वो भी हो चुका है, यह जानते ही जो कुछ पल को दिमाग सुन्न सा हो जाता है, ऐसा ही कुछ एहसास होता है। उन लोगों की यातनाओं की कहानी रेडियो पर आपके कान में बज रही होती है और आप यह १३१० की कब्र है और इनकी कहानी यह है यह सुनते हुए वहां. खो जाते हैं।

वैसे तो दुनिया में खूबसूरत कब्रिस्तान या ग्रेवयार्ड की लिस्ट बहुत लम्बी है लेकिन मास्को शहर में जो रईसों या नामचीन लोगों का कब्रिस्तान है उसकी बात ही कुछ अलग है, वहां न सिर्फ बड़े बड़े मकबरे बल्कि मूर्तियां और आर्ट पीस भी देखने को मिल जाते हैं। यह ऐसी जगह है जहाँ दफन होने के लिए इंसान को कुछ न कुछ हासिल करना होता  है। यहाँ गोगोल, और चेखव की कब्रें ढूंढने के लिए बड़ी मेहनत लगी क्योंकि रूसी भाषा बोली अलग ढंग से जाती और उसकी लिखावट बिलकुल ही अलग है और इंग्लिश में पूछो या हिंदी में वहां सबका मतलब एक सा ही था। लेकिन यह देख कर अच्छा भी लगा कि इन कब्रों को इतने बरसों बाद भी यूँ सम्मान के साथ सहेजा गया है।

यहीं घूमते  हुए कुछ लोग मिले जिनके पास एक लोकल दोस्त था, और उन्हीं ने हमें बोरिस येल्तसिन की कब्र भी दिखाई जो एक sculpture का रूप लिए हुए है।

बचपन में नानी के घर जाते समय रास्ते में श्मशान घाट पड़ता था और सभी बड़ों की तरह हम भी वहां से सर झुका कर ही निकलते थे, उसके नजदीक जाने के बारे में तो कभी सोचा ही नहीं। लेकिन यूके में चर्च के आँगन में इन कब्रों को देख कर कभी डर नहीं लगा, और यह जानकर आश्चर्य भी हुआ कि इन्हीं चर्च में शादियाँ भी होती हैं, यहीं आखिरी संस्कार भी होता है और यहीं बच्चों का baptism यानी नामकरण संस्कार भी। कहने का मतलब है ज़िन्दगी का कोई भी पड़ाव हो चर्च उसका हिस्सा बना ही रहता है।

खैर बात तो हम कर रहे थे कब्रों की और उनके बीच मिलने वाले सुकून की। ज्यादातर कब्रगाह सुकून देने वाली जगह होते हैं, लंदन जैसे भीड़ भाड़ वाले शहर में highgate cemetery और एब्ने पार्क cemetery इसका बेहतरीन उदाहरण हैं। यहाँ शहर के बीचोबीच ऐसा खामोशी भरा जंगल सा इलाका है कि आपको जापान के माउंट फूजी के सी ऑफ़ ट्रीज या aokigahara जंगल याद आने लगे।

इंसान की फितरत ही है कि मौत से यूँ दूरी बना कर रखी जाती है जैसे इसकी बात ही नहीं करेंगे तो यह होगा ही नहीं। और यही वजह है कि कितने ही लोग हैं जिन्होंने इस pandemic महामारी से पहले मौत को नजदीक से देखा भी नहीं था। आज कल हम सिर्फ अपनी बेहतरी और टेक्नोलॉजी की मदद से अमरत्व हासिल करने की होड़ में हैं। लेकिन इस महामारी ने यह बता दिया है कि हम प्रकृति के सामने सिर्फ एक और जीवित जंतु हैं।

अब जब कि यह जाहिर सी बात है कि यह वायरस न तो इतनी जल्दी हमारे बीच से उठ कर कहीं जाने वाला है और न ही इसकी वजह से मरने वालों की गिनती अचानक से रुक जायेगी, हाँ इन आंकड़ों में कमी आयी है और धीरे धीरे यह नंबर कम से कम होते जाएंगे लेकिन उसे हासिल करने में तो सभी लगे ही हुए हैं। लेकिन शायद यही वक़्त है कि जब हम मौत को नज़र चुरा कर नहीं नज़र मिला कर देखें। क्योंकि हम तब ही यह मान पाएंगे कि  प्रकृति के नियम की वजह से ही इंसान अभी तक बरक़रार है।

मुझे पार्क में लगी बेंच पर मैसेज पढ़ना अच्छा लगता है “जीन और जॉन 1930 से 2012, क्योंकि उन्हें बैठना बहुत पसंद था”, “मेरी बीवी ग्रेस के लिए 2000, जिसकी वजह से मुझे भी यहाँ आना पड़ता था”, “हमें इस धरती पर रहना बहुत अच्छा लगा पर इससे ज्यादा रुक नहीं सकते” क्योंकि यही तो ज़िन्दगी है जो यहाँ नहीं होने के बावजूद भी किसी न किसी तरीके से बरक़रार है।  जैसा ग़ालिब ने कहा “मौत का एक दिन मुअय्यन है नींद क्यों रात भर नहीं आती” …बहुत मुमकिन है जब तक यह महामारी ख़त्म हो दुनिया के ज्यादातर लोग ऐसे होंगे जिन्होंने किसी  न किसी अपने को खोया होगा। लेकिन यही एक सबब भी है लोगों को बेहतरी से याद करने का और आज को जीने का। क्योंकि भले ही उनकी ज़िन्दगी खत्म हो गयी है लेकिन की यादें लम्बे समय तक हमारी ज़िन्दगी को खाद पानी देती रहेंगी।

=========

लेखिका संपर्क:pragya1717@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 mins