भाखै अकथ कथा बिरतांत-5: घर बाहर-डेरेदारी

प्रसिद्ध लेखिका मृणाल पाण्डे की आत्मकहानी की पाँचवीं कड़ी में पढ़िए कुमाऊँ के घर परिवारों की रामकहनी, औरतों के जीवन के बारे में और सबसे बढ़कर शिवानी के उपन्यास ‘चौदह फेरे’ के बारे में। पढ़िए और पढ़कर राय दीजियेगा- मॉडरेटर 

============================

 

‘न जाने कितने जन्मों में

कितनी तरह जिया है हमने

घर के विभिन्न अर्थों को..’ (कुँवर नारायण )

सदियों से घर और मूल से बिछुडे पहाड़ी ब्राह्मण बार बार डेरेदार बनते आये हैं। खानाबदोशी उनके पुश्तैनी जीवन गीत की टेक रही। यहां उनसे भी अधिक बार दरबदर होती हैं उनकी औरतें। पहाड़ हो कि देस, घर राजा का हो कि गरीब किसान का, हर जाति समुदाय की औरतों के परिवारों में जन्म ही कन्या की अपरिहार्य दरबदरी की तैयारी शुरु हो जाती है। जितनी जल्द हाथ पीले कर उनको उनके घर भेज सकें उतना दायमुक्त मानते हैं खुद को माता पिता। लड़की की तनिक उठान हुई नहीं, कि आस पास वाले पूछने लगते हैं, हहो, कहीं बात-वात चलाई भी कि मायके में ही छोकरी को उमर भर बिठाकर रखोगे?

मैं कई सालों से पुराने ग्रंथ, अखबारी कतरनें, संस्मरण और वंशावलियाँ टटोल चुकी, पर सबमें घर के मरद पुरखों की चिंता ही दर्ज है।

उनकी जिन ब्याहताओं, बेटियों को को उनकी मर्ज़ी जाने बिना ही वे साथ लेकर इतनी दूर मैदानों से पहाड़ों की तरफ चले आये, यहाँ आकर जिनने उनकी वंश बेल बढाई, उनकी अगली पीढियों को पाला, उनके डेरों को रहने लायक बना कर सजाया, ताला चाभी लगा कर सुरक्षित बनाया, उनमें से किसी दिवंगता के मन की थाह वंशावलियों ने पाने की कोशिश नहीं की। भला हो घरों की बूढियों का, जिनकी देखी-सुनी कथाओं में कभी-कभार स्त्रियों की परतदार ज़िंदगी, मायके से बिछुड़ने, बाहर नौकरी या युद्ध में जा कर न लौटे पति बेटों के साथ दूर देस ब्याह दी गई बेटियों को लेकर उनके कलेजे की हाहाकारी व्यथा की झलक मिल जाती है। फिर वे मौन की खोह में घुस जाती हैं और अनमने घर वाले कहते हैं फलानी को ‘खुद’ लग गई।

‘थोडा झुक जा रे पहाड़ौ, मुझे मेरा छूटता मायका देख लेने दे’,

‘मेरा हिया भरि औंछो, जसो नैनीतालो’

नैना देवी के ताल की तरह औरतों का हिया कितनी अनकही स्मृतियों से छलकता रहता है, पर खुद उनके बच्चे भी उसमें डूबना नहीं चाहते। गढवाल से कुमाउं तक लोकथाओं, दंतकथाओं और औरतों के गाये जानेवाले विदा गीतों में औरत के मन की गहराई, सुख दु:ख का द्वैत बोलता है। एक नई गृहस्थी का अंग बनने की खुशी, दूसरी से उजड़ने का दु:ख और अनदेखे का भय:

‘काला डांडा पीछू बाबा जी, काली छ कराडी(बादल), मकीं लागदी डर!’

मैं अकेले में पा कर कभी उसे टहोकती तो खटमिट्ठी यादों का सोता फूट पड़ता। माँ ‘खुद’’ के भीतर घुटनेवालियों में कभी न रही। उसकी जिजीविषा शिला से भी रस खींचने की दुर्धर्ष ताकत रखती थी। हँसती तो उसके गोरे गुलाबी गालों में गड्ढे पड़ जाते।  

‘मैं ब्याह कर आई तो सब कुछ नया नया, न कभी देखा न जिया जैसा। सास थीं नहीं, गोद में गंगा की बेटी, पेट में तू, घर में पर्दा था। सर पर घूंघट खिसकता तो तुरत सुनने को मिलता, ‘भाई बड़े घर की बेटी है, बाहर पढ कर लौटी है, ये क्या जाने हमारी बान? बस ऐपण (अल्पना में हाथ सुथरा है। पर बाप रे! सुना रवींद्रनाथ की पढाई बीए पास बहू है शुकदेव की! ले जरा सिल पर उड़द की दाल पीस कर तो दिखा। हमको आज बड़े बनाने हैं’’, और हंसी के बीच बडी सी थाल में भीगी उड़द की चिकनी दाल का स्तूप मुझे पसीना ला देता।

फिर?

फिर क्या? मैं इजा (माँ) को एस ओ एस भेजती जो जानती थी कि घर के काम काज में मैं ज़ीरो हूँ। तुरत किसी पुरानी नौकरानी को पीछे की खिड़की से भेज कर दाल पिसवा देती। ऐसे ही आटा जब पानी बढने से लसलसा जाता तो फिर मैं सॉर्ट आउट करने उसे गुहार लगाती। इसी तरह दिन कटे। कभी मौका पाकर मैं भी मज़ा लेने से नहीं चूकती। उस ज़माने में पति-पत्नियों का मुँह रात को ही देखते थे फिर भी बच्चे पैदा करते जाते दनादन! एक बार घर के कोई बूढे तिहेजू दोना लिये आये। घूंघटवती औरतों में मुझको अपनीवाली समझ कर मुझे ताज़ी जलेबी का बड़ा सा दोना थमा कर बाहर चले गये। मैंने हाथ धो कर गपागप वह गर्म जलेबी खाई, फिर बाद को उनको पत्नी की फटकार खाकर हकलाते हुए कहते सुना कि पर मैं तो..तो घूंघट में खूब हँसी।

बाबू को बताया?

नहीं जी, फटकार क्यों खानी? घर में छोटे थे उनकी उतनी चलती भी नहीं थी। इसीलिये गंगा की तरह मुझे भी बीमारी न लग जाये, इसलिये झाँसी में नौकरी लगी तो बीनू और मुझे लेकर चले आये। बाबू के बाबू साथ में आये स्वयंपाकी थे मेरी मजबूरी समझते थे, खाना वही बनाते।’’

कैसा?

बहुत बेस्वाद, न लहसुन न प्याज़। रसेवाली सब्जी मुझे खटमलों का झोल लगती। मीट की तलब लगती रहती। एक बार बुडज्यू बाहर गये तो मैने और हमारे नौकर बलदेव ने कबूतर पकड कर भून भान कर खाया। तभी तो तू ऐसी जब्बर जिद्दी निकली! माँ से तिर्भी मम्मा (बड़े भाई ) ने सुना। वे तब तक कम उम्र में ही ओरछा में दीवान बन कर सब कुछ सँभाल रहे थे। बोज्यू(बडी भाभी) का महलों का रहना था। उनकी राय से इजा ने पास बुला लिया जापे को कि घर में सास नहीं है। मैं आनंद से बीनू को लेकर भाई के घर चली आई। वहीं तू हुई।  

यक्ष समझाता, तुम कभी मत समझ बैठना परवश हो कर या प्रेमवश, किसी घर को अपना। लड़की का हर घर डेरा होता है। चाभी भले उसे दी जाये पर घर उसके पति भाई और बेटे का ही रहेगा। मायके कम से कम न ही जाओ तो ठीक। आओ आओ सब कहते हैं पर बहुत दिन रहो तो मन कसकने लगते हैं।

पर जीवन का क्या कहिये? विरक्त वाल्मीकि के शरीर पर भी रेंगते दीमकों की तरह वह अपने लिये मिट्टी के टीले बनाता जाता है। शायद इसीलिये मैं भी माँ की ही तरह बार बार लौटती रही उसके पास। अपनी उसकी शब्दों की उस अमर अशेष नगरी में और फिर फिर वापिस गई उस ठोस ज़मीन पर, जहां पति है, संतान है, परिवार हैं, बूढे होते आस लगाये बीमार माता पिता रहे आये। कभी माँ, कभी बेटी तो कभी घर की बड़ी बहू का दाय मरण पर्यंत निबाहे बिना गति कहाँ? सबको मेरी क्षमता पर अटूट भरोसा था। मेरे निंदकों को भी। मीनू सब व्यवस्था करा देगी।

‘जनक जुवा हारिये, रामीचंद्र जुवा जीतिये, थाली न हारी कटोरी न हारी

मेरी ललनिया दुदुवा पिलनिया गोद खेलनिया काहे तुम हारी आये हो!’ 

जन्मदाताओं द्वारा दान की गई मेरी सरीखी औरत बहुत जल्द खुद को समेट कर जवानी भर जुए की बाँच बन जाती है। देश हो या पुश्तैनी घर, इस निष्ठुर खेल की चौपड़ पुरुष ही फैलाते हैं, और आस करते हैं कि हम हर आदर्श का प्रतिमान बन कर कुल वंश की लाज रखेंगी। हर कहीं मेरी समझ ने दैववश विस्थापन या जबरिया पार्टीशन से उजड़े परिवारों की औरतों में भी दु:ख तकलीफ सहने का माद्दा मर्दों से अधिक दिखता है। वे सँभलें सँभलें उससे पहले अपनी कमर में फेंटा कस कर वे नई ज़िंदगी से तालमेल बिठाने में जुट जाती हैं।   

यक्ष की निगरानी में 1962 तक मनसा वाचा कर्मणा विस्थापन के लिये रेडी थी एक टिन का काला ट्रंक और होल्डॉल ले कर पिता के घर से, जो तयशुदा तौर से बेटियों का नहीं होता। इलाहाबाद विश्वविद्यालय का हॉस्टल मेरा नया डेरा बना। बड़ी बहन बीनू दो साल से हॉस्टल में थी और बहुत खुश थी। उसके जाने पर बाबू उदास थे, माँ रोई थी। मेरी विदाई बिना सुर ताल बिना आंसू बहाये चंद ताकीदों के साथ हुई। बीनू का कहना मानना, और मन लगा कर पढना। बिरादरी के कितने लोगों ने कहा कि लडकियों की शादी के बजाय पढाई पर इतना पैसा फूंक कर शुकदेव गौरा दूसरे की खेती ही सींच रहे हैं। उनकी सलाह न सुन कर भी हम जो इतनी दूर भेज रहे हैं क्योंकि हमको भरोसा है तुम नाम कमाओगी, नाक नीची नहीं करोगी।’’

समझी, तो बस इतना, कि अब मैं उस समय में उतर सकूंगी जो उस भाषा का है जिसे सीखने की कोशिश में मेरी किशोरावस्था बार बार गलतफहमियों के तीर सहती रही।

मन में कहीं पद्मा नदी की धारा में डूबती उतराती शरतचंद्र की कृतियाँ थीं, कहीं एक जेतवन जहाँ नगरवधू गणिका आम्रपालि, अंबपालिका कुलीन लिच्छवि राजकुमारों से सगर्व कह रही है, ‘तुम हारे मैं जीती, बुद्ध मेरे जेतवन में मेरे अतिथि बन कर ठहरेंगे। उहुंक् नहीं चाहिये मुझे तुम्हारे गज़ार कार्षापन!

‘’ठाडे रहियो ओ बाँके यार!’ कहती है हादी रुसवा की उमराव जान ।

मध्ययुग की मशहूर तवायफ गायिका गौहरजान ने अंग्रेज़ रेज़िडेंट से घोड़ागाड़ी में बैठे बैठे कहा था, ‘सरकार जितनी आपकी महीने भर की तनख्वाह है, उतनी तो मेरी एक रात की फीस ! 

इन किरदारों से परिचित होने के बाद मैं चाहती थी कि मैं दिद्दी बाबू के उपदेशों की वाहक नहीं, अपनी बेहतरीन पढाई के माध्यम से एक साधक, खुद भी एक संदेश बनूं।

इस सब पर चुप साधना ही आत्मरक्षा करता था। क्योंकि दिद्दी को छोड कर सब खट्टी हँसी हँस कर कह सकते थे ‘ये तो जनम से बस…’

काठगोदाम तक बाबू छोड़ने आये फिर हम ट्रेन चढे जो बरेली में बदलनी होती थी। राह भर दिद्दी बाबू के बीच मुझे लेकर कहे अस्फुट स्वरों के अंश। तुमने उसे न नाच सीखने दिया, न ही सायंस लेने दिया जबकि उसकी टीचर ने इतना कहा था। …तुम समझती नहीं, वह कितनी दढ है भीतर से हर विषय में अपनी राह खुद निकाल सकती है । ..हिंदी मीडियम से अचानक अंग्रेज़ी मीडियम से इतिहास पढ सकेगी? ..क्यों अपने छोटे भाई बहनों को होमवर्क नहीं कराती रही है? …सब माँ बाप ऐसा ही करने लगे तो बच्ची के अपने मन का क्या? …तुम खुद को ही देखो, ब्याह या बच्चे इनमें कुछ बाधक बन सका तुम्हारी लिखाई पढाई में? वह भी तुम्हारी ही बेटी है, घर से बाहर गई तो युनिवर्सिटी ही उसकी माँ बन जायेगी। मार्क माय वर्ड्स…

अस्फुट स्वरों, शक, असहज रिश्तों और उपालंभों की काजर की कोठरी से मुझे बेदाग निकलना था तभी खुलेगा पुस्तक की तरह युनिवर्सिटी का अनुभव।

वह वर्ष था 1962, चीन का हमला हो चुका था पर दिल्ली में वही सरकार थी नेहरू और पंत जी की, निरंतर और वही दिद्दी बाबू का हमेशा जैसा उसको समर्थन। क्लासें शुरू हुईं। सिर्फ तीरथराज प्रयागराज नहीं था तब शहर, वह इलाहाबाद कहलाता था। उत्तराखंड तब अलग राज्य नहीं बना था, यूपी का ही हिस्सा था। अंग्रेज़ों के समय यूपी की ग्रीष्मकालीन राजधानी रहा नैनीताल और लखनऊ से पहले सूबे की राजधानी और हाईकोर्ट और युनिवर्सिटी का घर इलाहाबाद, कतई दो अलग तरह के शहर थे। 1962 का नैनीताल 19वीं सदी में अंग्रेज़ों का गर्मियों में मैदानी धूलधक्कड के परे आराम करने के लिये बसाया शहर था। उस पर ब्रिटिश वास्तुशैली की गहरी छाप थी। जिन पुराने कानवेंट स्कूलों में तब सरकारी स्कूल की हिंदी माध्यम पढाई को नाकाफी मान कर हमारे छोटे भाई बहन को भेजा गया था, वे भी अंग्रेज़ियत के गढ थे। तब वे नन्स और आयरिश जेसुइट ब्रदर्स चलाते थे और उनके परिसरों में हिंदी बोलना लगभग दंडनीय अपराध था। बाद को जब हिंदी अनिवार्य विषय बनी तो बडी खीझ और अनिच्छा से बच्चे ‘लोअर हिंदी’ चुनते: नौकरों, दादी- नानियों की भाषा। यह भाषाई वर्णाश्रम ताज़ा ताज़ा बन रहा था। पर अखबारी विज्ञापनों में ‘गोरी अंग्रेज़ी स्कूल–शिक्षिता’ कन्याओं की तलाश शुरू हो गई थी। मुझे आश्चर्य मिश्रित धक्का लगता जब जब घर के लोगों के साथ खुद हमारे माता पिता जैसे मध्यवर्गीय हिंदी साहित्य के पारखी पाठक भी सगर्व अंग्रेज़ी स्कूलों में अपने बच्चे पढाने की चर्चा करते। इलाहाबाद आकर पाया कि वे ही अकेले नहीं थे। प्रेमचंद के पोतों से लेकर हिंदी के तमाम सफल बडे लेखकों और प्रकाशकों के बच्चे तक सब हिंदी से सायास दूर अंग्रेज़ी माध्यम से पढाये जाने लगे थे। हिंदी साहित्य के पाठकों और प्रकाशन गृहों की गुणवत्ता पर इसका जो असर बाद को सतह पर दिखाई दिया गहराता गया है।

विश्वविद्यालय परिसर पर अंग्रेज़ी का गहरा असर था हालांकि तब तक फिराक़ गोरखपुरी से विजयदेव नारायण साही, कॉमरेड पी सी गुप्ता तक अनेक बडे लेखक बहुभाषाविद् चिंतक हमारे अंग्रेज़ी विभाग के प्रोफेसर थे। उनकी विचित्र और मेधावी पीढी की कोई लकीरें सहज या सरल नहीं थीं, सब आड़ी तिरछी, परस्पर उलझी गाँठों से भरपूर। पर उनका ज्ञान विरोधाभासों से परे रहा पाया, दुर्लभ, तरल और निष्पक्ष।

हिंदी लेखकों के अपने दो फिरके थे एक वामपंथ से प्रभावित दूसरा काफी हद तक दक्षिणपंथी। कॉफी हाउस या गोष्ठियों में दोनो मे झडपें आम थीं, पर दुआ सलाम भी चलता रहता। निराला नेहरू के उपासकों और अंग्रेज़ी की भूरी नस्ल की सरे आम हँसी उडाते तो फिराक साहिब हिंदी वालों के भदेसपन पर चुटकियाँ कसते। महादेवी जी और दिद्दी जैसी लेखिकायें अलबत्ता तटस्थता से अपना काम करती रहीं। प्रेमचंद के पुत्र अमृतराय और उनकी पत्नी सुधा जो सुभद्रा कुमारी चौहान की बेटी थीं, दो बडे साहित्यिक घरों का संगम थे। मघुर स्वभाव की बेहद शालीन सुधा जी और उनके उतने ही वाक्पटु पति दिद्दी बाबू के और उनके बेटे आलोक और अमित जल्द ही गहरे दोस्त बने। उनके साथ ही हरीश त्रिवेदी और अंग्रेज़ी के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर के के मेहरोत्रा (जिनको हम चोरी छुपे पक्कम कहते थे)के भतीजे आज के सुप्रसिद्ध अंग्रेज़ी कवि अनुवादक अरविंद कृष्ण मेहरोत्रा से भी गहरी मैत्री का जुडाव रहा जो आज भी कायम है।

कुशल तैराक लहरों से लड़ता नहीं, मैंने यक्ष से सीखा, उन पर उनके साथ बहाव की दिशा में सहज तैरता है ।

हॉस्टल में स्नातकोत्तर अध्ययन के दो साल खटमिट्ठे रहे। वहाँ लड़कियों के अपने अपने गुट निहायत भौतिकतावादी, विवाहवादी, रूमानी भावनाओं से छलकते जाम थे जो कभी परस्पर दोस्ती तो कभी निर्मम दुश्मनी से जा टकराते। मुझे उनकी ठिलठिलाती बातों और ब्याह ही सबका अंतिम शरणस्थल है, वाली प्राथमिकताओं से विरक्ति रही। अपने कमरे में विश्वविद्यालय की विशाल लायब्रेरी से लाई किताबों के स्तूप के बीच खो कर खुश थी और बीनू की पढाकू, पर निर्लिप्त खामोश बहन बन कर संतुष्ट।

बीनू हॉस्टल की उस सारी किशोरी पॉलिटिक्स में आकंठ निमग्न, वॉर्डन मिस टक को चरका दे कर फिल्म देखने या मित्रमिलन को एडवेंचर मान कर इस संत समागम में परम प्रसन्न थी। उसके रुतबे और हँसमुख दोस्तियों की बदौलत मेरी रैगिंग कम हुई और शाकिरा बहन फ़ाखरा बहन तथा नजमा बहिन जैसी धुरंधर रैगिंगकर्ताओं की तरफ से मुझे एक ‘सिस्टरिया डिसकाउंट दे दिया गया। मेरा इकलौता उत्तरदायित्व यह बना, कि मै उन दिनों धर्मयुग में छप रहे दिद्दी के बेहद लोकप्रिय उपन्यास ‘चौदह फेरे’ की कहानी के अगले मोड़ की बाबत उनको पता चलते ही सूचित कर दूं और उनसे अनुरोध करूं कि उपन्यास का अंत सुखांत यानी प्रेमियों के विवाह से किया जाये। बीनू और मेरा अनुरोध दिद्दी ने उग्रता से खारिज कर दिया कि तुम लोग मेरे लिखने में टांग न अड़ाओ, तब हमने कूटनीति का हाथ थामा। शिवानी जी बड़े भाई-भाभी और उनके तीनों बच्चों अनिल आभा और रानी से बेहद प्यार करती थीं, खासकर सबसे छोटी रानी से। हमने रानी से कहलवाया कि बुआ, मेरे लिये प्लीज़ कथा का विसर्जन सुखांत में ही करना। वही हुआ। हालाँकि जब अंतिम किस्त छपने के बाद कई पाठकों की चिट्ठियाँ और आलोचकों की प्रतिक्रियाओं में चौदह फेरे के सुखांत को जबरन बिठाया संयोग करार दिया, तो दिद्दी बुदबुदाती रही कि तुम छोकरियों ने मेरी कथा को हाईजैक कर उसका सत्यानाश करा दिया।  

More From Author

मिथिला का अनुपम लोकपर्व है सामा चकेवा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जानकी पुल को सहयोग करें

Jankipul : A Bridge of World's Literature एक नयी शुरुआत! मेरा कॉलम #Jankipul के लिए " जनहित में जारी सब पर भारी" आपकी टिप्पणी की अपेक्षा रहेगी