मिथिला का अनुपम लोकपर्व है सामा चकवा

अंग्रेज़ी-हिन्दी के चर्चित टिप्पणीकार, अनुवादक, लेखक आशुतोष कुमार ठाकुर ने जब सामा चकवा पर्व के बारे में लिखकर भेजा तो बचपन के वे दिन याद आ गये जब छठ के बाद सामा चकवा की चहल-पहल होती थी। मिथिला के इस लोक पर्व पर उन्होंने विस्तार से लिखा है, इसके सांस्कृतिक पर्यावरणीय महत्व को रेखांकित किया है। पढ़कर मैं सोचने लगा कि जो समाज कभी पर्यावरण की चिंता में छठ, सामा-चकवा जैसे पर्व मनाता था आज उसकी चिंता में पर्यावरण सिरे से ग़ायब कैसे हो गया? आप भी पढ़ सकते हैं- मॉडरेटर 

==============

कार्तिक के इस उजले पखवाड़े में, बहुत बरस बाद, मैं अपने पैतृक गाँव उरेन में हूँ.

महानगरों की अनाम भीड़ में समय किसी रेत-घड़ी सा चुपचाप सरकता रहता है, पर गाँव लौटते ही काल की गति बदल जाती है. यहाँ वक्त किसी पुराने बरगद की छाँव सा ठहरकर आपसे बतियाता है. कल शाम आँगन से बाहर निकला, तो हवा में वही परिचित, आदिम गंध घुली थी. धान की नई बालियों, ब्रह्मस्थान में गीली मिट्टी और दीयों के ठंडे होते तेल की.

छठ के साथ ही मिथिला और इस पूरे अंचल में ‘सामा-चकेवा’ का यह अनुपम लोकपर्व आरंभ होता है. बचपन में जिसे महज मिट्टी के खिलौनों का कौतुक समझता था, आज दस बरस बाद उसे देखते हुए उसके भीतर छिपी गहरी काव्य-दृष्टि, पर्यावरण-चेतना और स्त्री-विमर्श की अनुपम झलक साफ दिखाई देती है.

मेरा गाँव उरेन भारत और नेपाल की सीमा पर बसा है. यह पूरे मिथिला का पर्व है. इस पार भी और उस पार भी.

जहाँ जहाँ मैथिल हैं, वहाँ वहाँ एक ही गीत है. एक ही भाव है. एक ही माटी की गंध है. सीमा यहाँ सिर्फ नक्शे में है. मन में नहीं. गीत में नहीं. माटी में नहीं.

यह पर्व किसी बंद कमरे या मंदिर के भीतर नहीं मनाया जाता. यह घर से लगे रास्ते पर, चौराहे पर और घर के पास वाले खेतों में मनाया जाता है. जहाँ गाँव की रोज की जिंदगी चलती है, वहीं यह पर्व भी चलता है. रास्ता ही मंच बन जाता है और खेत आँगन.

आँगन में गाँव की स्त्रियाँ और किशोरियाँ बांस की रंगीन डालियों (चंगेरा) में नन्हीं मिट्टी की मूर्तियाँ सजाए बैठी थीं.

इस पर्व के मूल में स्कंद और पद्म पुराण से जुड़ी एक मार्मिक लोककथा है. कृष्ण और जाम्बवती की विदुषी पुत्री सामा का विवाह चारुवक्र (चकेवा) से हुआ था और वे वृंदावन के शांत आश्रम में रहते थे. एक दिन चूडक (चुगला) नामक ईर्ष्यालु व्यक्ति ने कृष्ण के कान भरे कि सामा ऋषियों के साथ अनुचित आचरण करती हैं. बिना सत्य जाने, क्रोध के आवेग में पिता ने पुत्री को पक्षी हो जाने का शाप दे दिया. जब सामा के प्रियतम चारुवक्र को इस अन्याय का पता चला, तो प्रेम और निष्ठा की पराकाष्ठा देखिए. उन्होंने स्वयं भी पक्षी का रूप धारण कर लिया, ताकि वियोग की उस घड़ी में सामा अकेली न रहें. उधर सामा के भाई साम्ब (सतभैंया) ने अपनी बहन के चरित्र और सम्मान की रक्षा के लिए कठोर तप किया और कार्तिक के इन्हीं दिनों में इस लोक-अनुष्ठान के माध्यम से सामा और चकेवा को शाप से मुक्ति दिलाई.

भाई बहन के ऐसे पर्व का मिलना किसी भी संस्कृति के लिए बड़ी बात है. दुनिया में भाई बहन के पर्व और भी हैं. पर सामा चकेवा कुछ और ही कहता है.

यहाँ भाई सिर्फ रक्षा करने वाला नहीं है. वह बहन के सम्मान के लिए तप करने वाला है. उसके चरित्र पर उठी उँगली के सामने डटकर खड़ा होने वाला है. उसके दुख में उसके साथ पक्षी बन जाने वाला है. बहन भी सिर्फ आशीर्वाद देने वाली नहीं है. वह अपने भाई के लिए गीत गाती है. उसके लिए व्रत करती है. गलत के सामने अपनी आवाज भी उठाती है.

यह रिश्ता एकतरफा नहीं है. यह बराबरी का है. आपसी सम्मान का है. एक दूसरे को सुनने और समझने का है. शायद यही बात इस पर्व को सबसे अलग बनाती है. सबसे अपना बनाती है. सबसे आधुनिक भी.

सामा-चकेवा को आज की दृष्टि से देखें, तो यह पर्व हमारे लोकजीवन का एक बेहद प्रखर ‘फेमिनिस्ट’ और सांस्कृतिक प्रतिरोध है. सदियों से स्त्रियों के चरित्र पर उँगली उठाने वाली पितृसत्तात्मक मानसिकता और अफवाहों के तंत्र के विरुद्ध यह स्त्रियों की अपनी सामूहिक अदालत है. यहाँ स्त्रियाँ अपने भाइयों की दीर्घायु की कामना ही नहीं करतीं, बल्कि ‘चुगला’ की मूँछों को प्रतीकात्मक रूप से जलाकर और लोकगीतों में उसे फटकार लगाकर झूठे लांछन लगाने वाले समाज को हर साल कटघरे में खड़ा करती हैं. साथ ही, हिमालय से मैदानों की ओर आने वाले प्रवासी पक्षियों के स्वागत के बहाने यह पर्व मनुष्य और प्रकृति के सह-अस्तित्व का भी उत्सव बन जाता है.

मिथिला में सामा जैसा मुँह कहना सौंदर्य की बड़ी उपमा है. यह मात्र चेहरे की सुंदरता नहीं है. दरअसल यह सामा की विद्वत्ता, शील और करुणा से उपजे तेज की उपमा है.

कार्तिक पूर्णिमा की धवल चाँदनी में जब विदाई के करुण गीतों (समदाउन) के साथ इन मिट्टी की मूर्तियों को नदी या पोखर में विसर्जित किया जाएगा, तो वह दृश्य किसी शास्त्रीय त्रासदी के उदात्त समापन सा होगा.

उरेन की इस शाम ने मुझे फिर से आश्वस्त किया कि हमारी सबसे प्रगतिशील चेतना और सांस्कृतिक जड़ें उन्हीं लोकगीतों में सुरक्षित हैं, जिन्हें गाँव की स्त्रियों ने अपनी उँगलियों के पोरों से पीढ़ी-दर-पीढ़ी गढ़ा है.

डायरी
२१ नवंबर २०२६

More From Author

वल्लरी श्रीवास्तव की कविताएँ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जानकी पुल को सहयोग करें

Jankipul : A Bridge of World's Literature एक नयी शुरुआत! मेरा कॉलम #Jankipul के लिए " जनहित में जारी सब पर भारी" आपकी टिप्पणी की अपेक्षा रहेगी