‘अंधेरे में’ और कला के तीन क्षण

आज महान कवि गजानन माधव मुक्तिबोध की जयंती है। आज पढ़िए उनकी प्रसिद्ध कविता ‘अंधेरे में’ का विश्लेषण उनके ही सिद्धांत कला के तीन क्षण के आधार पर। लिखा है। दिल्ली विश्वविद्यालय के युवा शोधार्थी शनि सिंह राजपूत ने। आप भी पढ़ सकते हैं- मॉडरेटर 

=====================           

‘अंधेरे में’ कविता की प्रथम पंक्ति से कला का तीसरा क्षण अर्थात् अभिव्यक्ति का क्षण आरम्भ हो जाता है। गौरतलब है, कि इस अभिव्यक्ति से पूर्व की समस्या पहला और दूसरा क्षण है। पहले क्षण को मुक्तिबोध ने “जीवन का उत्कट तीव्र अनुभव-क्षण” कहा। मुक्तिबोध की स्थिति में यह उत्कट तीव्र अनुभव उन्हें अपने जीवन की तमाम अनुभूतियों के बार-बार मस्तिष्क पर प्रहार करने के परिणामस्वरूप अनुभूत समझ आता है। यह तीव्र उत्कट अनुभव एंप्रेस मिल में घटी घटना, मुक्तिबोध की किताब ‘भारत: इतिहास और संस्कृति’ पर लगे प्रतिबंध और उस प्रतिबंध के परिणामस्वरूप वे इस निष्कर्ष पर आए कि– “यह मेरी और आपकी पुस्तक का मामला नहीं है। मामला यह है कि देश में फासिस्ट ताकतें बहुत बढ़ गई हैं। वे आपकी कलम छीन लेंगी, आपके गले को दबाकर आपको बोलने नहीं देंगी। वे स्वतंत्र चिंतन को समाप्त कर देंगी।”(वह तेजवती पीड़ा, पृष्ठ-298)

यह मुक्तिबोध के लिए एक असहनीय आघात था। इसके अलावा मुक्तिबोध समाज के भ्रष्टाचार, अवसरवादिता व अनाचार को भी अनुभूत कर पा रहे थे। वे ‘एक लम्बी कविता का अंत’ में लिखते हैं – “हमारी समझदारी का यह तकाजा होता है कि किसी न किसी तरह शैतान से समझौता करके गधे को भी काका कहो। बड़े-बड़े आदर्शवादी आज रावण के यहाँ पानी भरते हैं, और हाँ में हाँ मिलाते हैं। बड़े प्रगतिशील महानुभाव भी इस मर्ज में गिरफ्तार हैं। जो व्यक्ति रावण के यहाँ पानी भरने से इनकार करता है उसके बच्चे मारे-मारे फिरते हैं।”(एक साहित्यिक की डायरी,पृष्ठ-32)  उच्चमध्य वर्ग व मध्यवर्ग का यह ह्रास मुक्तिबोध की आँखों के सामने था। इन अनुभूतियों से पहला क्षण सम्पन्न हो रहा था।

दूसरा क्षण जिसमें, ‘अनुभव का अपने कसकते-दुखते हुए मूलों से पृथक् हो जाना और एक फैंटेसी का रूप धारण कर लेना मानो वह फैंटेसी अपनी आँखों के सामने ही खड़ी हो।’(एक साहित्यिक की डायरी, पृष्ठ-20) दूसरे क्षण के बारे में मुक्तिबोध यह भी कहते हैं कि “जिसमें हमारे वेदनात्मक हेतु और संवेदनात्मक अभिप्राय किसी व्यापक मार्मिक जीवन महत्व से न्यस्त हो जाते हैं।”(एक साहित्यिक की डायरी पृष्ठ 21) दूसरे क्षण में कला की सौंदर्य प्रतीति पुष्ट होती है, सौंदर्य तब उत्पन्न होता है, जब सृजनशील कल्पना के सहारे, संवेदित अनुभव का विस्तार हो जाता है।

मुक्तिबोध लिखते हैं- “फैंटेसी में संवेदनात्मक ज्ञान और ज्ञानात्मक संवेदनाएँ रहती हैं। कृतिकार को लगातार महसूस होता रहता है कि उसका अनुभव सभी के लिए महत्वपूर्ण और मूल्यवान है।”(एक साहित्यिक की डायरी पृष्ठ-23) अब यहाँ ध्यान देने की जरुरत है, मुक्तिबोध के साथ घटे अनुभव उनके विशिष्ट थे। दूसरे क्षण में संवेदनात्मक ज्ञान और ज्ञानात्मक संवेदना द्वारा यह विशिष्ट व व्यक्ति सत्य, समाज सत्य बनने की राह पर चल पड़ता है। आसपास फैली हुई मानव वास्तविकता के मार्मिक पक्षों का उद्घाटन तभी चित्रित हो सकता है, जब व्यक्ति या कलाकार दूसरे क्षण में ‘अनुभूति को ज्ञानप्रेरित’ करता है। संवेदनात्मक ज्ञान और ज्ञानात्मक संवेदना की पुष्टि विशिष्ट को सामान्य बनाने की विधि है, इसमें ‘भावपक्ष का सामाजीकरण’ होता है। विशिष्ट से सामान्य बनने की यह प्रक्रिया प्रथम क्षण में ही शुरू हो जाती है। दूसरा क्षण तचने और पकने के साथ विमर्श का क्षण है। चूँकि फैंटेसी इसका मुख्य अंग है, इस पर विचार करते हुए ‘अंधेरे में’ के सापेक्ष देखते हैं, उससे पहले ‘अंधेरे में’ का दूसरा क्षण संवेदनात्मक ज्ञान और ज्ञानात्मक संवेदना के स्तर पर कहीं घटा है, तो वह परसाई जी के इन शब्दों में समझ आता है – “वे घण्टों देश की राजनैतिक, आर्थिक परिस्थितियों का विश्लेषण करते और बताते कि ऐसी स्थितियों में फासिस्ट प्रवृत्ति किस तरह उभर रही है। बोलते-बोलते उनकी दम फूल उठती और वे बिस्तर पर लुढ़क कर थोड़ी देर चुप-चाप पड़े रहते। घोर मानसिक त्रास में उनके वे दिन गुजर रहे थे और उन्हीं दिनों उनकी सबसे लम्बी और ताकतवर कविता ‘अंधेरे में’ पूरी हुई।”(वह तेजवती पीड़ा,पृष्ठ-298) मुक्तिबोध परिस्थितियों के जिस विश्लेषण में ‘अंधेरे में’ लिखे जाने के पूर्व गुजर रहे थे, वह दूसरा क्षण में आता है। इससे थोड़ा हटकर बात करें तो ‘अंधेरे में’ का काव्य नायक भी व्यक्तित्वान्तरित होने की ‘प्रोसेस’ में सीधा नहीं कूदा है, वह भी भाव से हटकर कई जगह बुद्धि से सोचता है –

“मेरी सुविधाओं का न तनिक ख्याल कर। xxx

अरे भाई, मुझे नहीं चाहिए शिखरों की यात्रा”

 और फिर आगे बढ़ता है। ‘दूसरा क्षण’ में फैंटेसी शिल्प को भी समझा जा सकता है, जो ‘अंधेरे में’ कविता में विद्यमान है। गौरतलब है कि “फैंटेसी में मन की निगूढ़ वृत्तियों का, अनुभूत जीवन-समस्याओं का, इच्छित जीवन स्थितियों का प्रक्षेप होता है।”(कामायनी एक पुनर्विचार पृष्ठ-8) मुक्तिबोध जी के अंतःकरण में अनुभूतियों के फलस्वरूप जो मानसिक त्रास उत्पन्न हुआ था, जो जीवन समस्याएं उन्हें समझ आईं थीं, वे दूसरे क्षण में फैंटेसी का रूप लेकर सामने खड़ी हो गईं। फैंटेसी ही क्यों? क्योंकि “कलाकृति स्वानुभूत जीवन की कल्पना द्वारा पुनर्रचना है। यथार्थवादी शिल्प के अंतर्गत, कलाकृति यथार्थ के अन्तर्नियमों के अनुसार यथार्थ के बिम्बों की क्रमिक रचना करती रहती है। किंतु भाववादी रोमेंटिक शिल्प के अंतर्गत, कल्पना अधिक स्वतंत्र होकर जीवन की स्वानुभूत विशेषताओं को समाधि-चित्रों द्वारा, प्रतीक चित्रों द्वारा प्रस्तुत करती है।”(कामायनी एक पुनर्विचार पृष्ठ- 9) फैंटेसी शिल्प में कल्पना अधिक स्वतंत्र है, कविता या साहित्य में कल्पना का महत्त्व है, रूपक और बिम्बों का महत्त्व है। शिल्प अयथार्थ होने का मतलब यह कतई नहीं कि कविता का वस्तुपक्ष भी अयथार्थ हो। फैंटेसी जैसा अयथार्थवादी शिल्प जीवन की यथार्थ समस्याओं को ध्वनित करता है, और वास्तविक समस्याओं को सामने लाता है, तो मुक्तिबोध की नज़रों में वह यथार्थवादी शिल्प से महान है, क्योंकि शिल्प यथार्थवादी होने से उच्च भी हो, यह स्वयं सिद्ध नहीं है। यदि ‘जीवन समस्या, फैंटेसी रूप में उपस्थित होकर, फैंटेसी के नियमों में बँधकर अपने मूल वास्तविक जीवन संदर्भ को, अर्थात् अपने मूल वास्तविक मानव संबंध को-जिससे कि वह आवयविक सम्बन्ध रखती है-भूमिगत करा चुकी है’(कामायनी एक पुनर्विचार, पृष्ठ-9) तो कविता अख़बार नहीं बनती है। मुक्तिबोध लिखते हैं- ‘साहित्यिक कलाकार अपनी विधायक कल्पना द्वारा जीवन की पुनर्रचना करता है। जीवन की यह पुनर्रचना ही कलाकृति बनती है। कला में जीवन की जो पुनर्रचना होती है, वह तत्वत: उस जीवन का प्रतिनिधित्व करती है कि जो जीवन इस जगत में जिया और भोगा जाता है- स्वयं द्वारा तथा अन्यों द्वारा। यह जीवन जब कल्पना द्वारा पुन: सृजित होता है, तब इस पुनर्रचित जीवन में, तथा वास्तविक जगत् क्षेत्र में जिए और भोगे जाने वाले जीवन में गुणात्मक अंतर उत्पन्न हो सकता है।”(कामायनी एक पुनर्विचार,पृष्ठ-10) यह अंतर ही है, जो विशिष्ट का सामान्यीकरण करता है। यदि दोनों जीवन में कोई अंतर नहीं होगा तो विशिष्ट कभी समाज सत्य नहीं बनेगा। यह अंतर कल्पना से बढ़ता है, और फैंटेसी शिल्प इसमें मदद करता है। इसके अलावा फैंटेसी शिल्प से वास्तविकता के प्रदीर्घ चित्रण से भी बचा जा सकता है। एक ‘औपन्यासिक भावबोध’ की कविता ‘अंधेरे में‘, अपने फैंटेसी शिल्प की ही सहायता से प्रदीर्घ चित्रण से बचती हुई एक उपन्यास की तरह जगमगाती है। मुक्तिबोध ने फैंटेसी की असुविधाओं पर भी बात की है- “फैंटेसी में कभी-कभी जीवन तथ्य इस प्रकार प्रस्तुत होते हैं कि उन्हें पहचानना भी मुश्किल होता है। X X X प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत होने के कारण वास्तविकता या जीवन तथ्य, अधिकतर अनुमान ही से, संवेदनात्मक अनुमान ही से, पहचाने जा सकते हैं।”(कामायनी एक पुनर्विचार, पृष्ठ- 10) इसी चीज को अंधेरे में कविता में देखा जाए तो पूरी कविता पहले खण्ड में फैंटेसी में चलती है, जीवन तथ्य उस प्रसंग में पहचाना जा सकता है जब काव्य नायक कहता है-

‘किंतु, वह फटे वस्त्र क्यों पहने है? / उसका स्वर्ण-वर्ण मुख मैला क्यों? / वक्ष पर इतना बड़ा घाव…’

ऐसे ही आगे कविता में निम्न स्थानों पर जीवन तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं, जो तमाम फैंटेसी के आवरणों के मध्य आते रहते हैं–

“भीतर का राक्षसी स्वार्थ अब साफ उभर आया है

छुपे हुए उद्देश्य यहाँ उभर आए हैं”

इसके अलावा कविता फैंटेसी में चलती जाती है, अचानक सिरफिरा पागल जीवन तथ्य से सामना करवाता है –

 “ओ मेरे आदर्शवादी मन××× ज्यादा लिया, और दिया बहुत-बहुत कम मर गया देश, अरे, जीवित रह गए तुम।”

काव्यनायक को फैंटेसी में ही गांधी मिलते हैं, लेकिन जो जीवन-तथ्य गांधी के माध्यम से पाठक तक कवि पहुँचाना चाहता है, वे सीधी भाषा में हैं –

“दुनिया न कचरे का ढेर कि जिस परदानों को चुगाने चढ़ा हुआ कोई भी कुक्कुटकोई भी मुर्गा / यदि बाँग दे उठे जोरदारबन जाए मसीहा”

या

“जनता के गुणों से ही सम्भव

भावी का उद्भव ।”

इसके अलावा बिना किसी लाग-लपेट के सीधे शब्दों में जीवन तथ्य कविता में वहाँ देखने को मिलता है जहाँ काव्यनायक कहता है –

“कविता में कहने की आदत नहीं,

पर कह दूं

वर्तमान समाज चल नहीं सकता

पूँजी से जुड़ा हृदय बदल नहीं सकता

स्वातंत्र व्यक्ति का वादी छल नहीं सकता

मुक्ति के मन को

जन को ।”

अब कला के तीसरे क्षण पर विचार करते हैं। पहले इसके बारे में बात कर आए हैं कि यह कला का अत्यंत महत्वपूर्ण और पूर्ण क्षण है। इस क्षण में फैंटेसी के शब्द बद्ध होने की प्रक्रिया आरम्भ हो जाती है और यह क्षण शब्द बद्ध होने की प्रक्रिया के अंत तक गतिमान रहता है। कला के तीसरे क्षण में ‘फैंटेसी का मूल मर्म अनेक सम्बंधित जीवनानुभवों से उत्पन्न भावों और स्वरों से युक्त होकर इतना अधिक बदल जाता है कि लेखक उस पूरी फैंटेसी को एक नयी रोशनी में देखने लगता है।’ ( एक साहित्यिक की डायरी, पृष्ठ- 23) यह हुई एक बात जो ‘अंधेरे में’ इस प्रकार देखी जा सकती है कि कवि ने ‘तीसरा क्षण’ अर्थात् अभिव्यक्ति शुरू करते समय यह कभी नहीं सोचा होगा कि आगे इस कविता में वह ‘तिलक’ को लाएगा। ‘तिलक’ का आना उसके ‘तीव्र उत्तर अनुभव के क्षण’ से सम्बंधित नहीं है, यह कवि के ‘सम्बंधित जीवनानुभवों से उत्पन्न भावों’ से सम्बंधित है, अर्थात् दूसरे क्षण में फैंटेसी सामने जरूर खड़ी हो जाती है, लेकिन कलाकार चूँकि ‘क्षणिकता’ में रचना नहीं करता है बल्कि उसके बचपन से लेकर रचनाकाल तक जो भी ‘बाह्य के आभ्यांतर’ तत्व होते हैं, वे तीसरे क्षण में कभी भी अभिव्यक्त हो जाते हैं और फैंटेसी का रूप बदल जाता है। यह दिखलाना है, कि फैंटेसी कितनी डायनेमिक और गतिशील है, तिलक की मूर्ति मुक्तिबोध जहाँ रहते थे वहां उनकी जवानी में सड़क पर लगी हुई थी, यह ‘बाह्य का आभ्यांतर’ रूप तीसरा क्षण है। अभिव्यक्ति प्रक्रिया पूरी करते समय ‘अंधेरे में’ कविता में ‘अंतः का बाह्यीकरण’ हो गया। ऐसे ही ‘तीसरा क्षण’ सम्पन्न होते समय रचनाकार कई ऐसे प्रसंग जोड़ देता है, कि जब रचना बनती है, तो कभी-कभी वह स्वयं भी आश्चर्य से भर उठता है। मैंने तो ऐसा सोचा ही नहीं था जो लिख दिया।

‘तीसरा क्षण’ में एक द्वंद्व है, भाषा और भाव के बीच। यहाँ कवि भाषा का निर्माण भी कर सकता है जैसे कवि मुक्तिबोध ‘अंधेरे में’ कविता में कुहरीला, प्रज्वलित-धी आदि कई शब्द गढ़ते हैं।

‘तीसरा क्षण’ में जो सबसे अहम् बात मुझे समझ आती है, कि यहाँ पर ‘जड़ीभूत सौंदर्याभिरुचि’ सक्रिय हो सकती है, कवि अथवा कलाकार पर तमाम दबाव काम कर सकते हैं, जिससे वह अभिव्यक्ति के लिए जिन शब्दों का उपयोग करना चाहता है, उनको सेंसर कर सकता है। इसका परिणाम ये होगा, कि कला का तीसरा क्षण नहीं निभा पाया जाएगा और कविता महानता प्राप्त नहीं कर सकती। इसको और अच्छे से समझते हैं। मुक्तिबोध अपने कई लेखों में नई कविता की जड़ीभूत सौंदर्याभिरुचि की बात करते हैं – “ध्यान रहे कि सौंदर्याभिरुचि अपनी रक्षा के लिए सेंसरों का भी इस्तेमाल करती है। प्रश्न यह है कि सेंसर किन कारणों से है, क्यों है, क्या इसका विश्लेषण आवश्यक नहीं है? उदाहरण के लिए आज की नयी कविता में कर्कश विद्रोह स्वर अथवा गली-कूचों की धूल और मिट्टी की व्यंग्य तस्वीर अथवा क्रांतिकारी चण्डता सौंदर्यजनक नहीं समझी जाती। xxx स्पष्ट है कि उनकी सौंदर्य अभिरुचि एक विशेष वर्ग की है।”(नई कविता का आत्म संघर्ष तथा अन्य निबंध, पृष्ठ- 10) इसी को ‘नई कविता का आत्मसंघर्ष’ में इस प्रकार भी कहा है – “नयी काव्य-प्रवृत्ति के क्षेत्र के कुछ व्यक्ति अपनी वर्गीय अभिरुचि के फलस्वरूप सौंदर्य का जो प्रतिमान हमारे सामने रखते हैं उसमें जब तक व्यापक संशोधन नहीं होगा तब तक हम अपने ही जीवन अनुभवों का पूर्ण और प्रभावशाली चित्र उपस्थित नहीं कर सकते। (अर्थात तीसरे क्षण में आते ही अभिव्यक्ति लंगड़ा जाएगी) काव्यात्मक व्यक्तित्व एक बंद संदूक ‘क्लोज्ड सिस्टम’ बनाता है। ‘तुम नहीं व्याप सकते, तुममें जो व्यापा है, उसी को निबाहो’-अज्ञेय जड़ीभूत सौंदर्यभिरुचि प्रस्तुत कर रहा है।’(नई कविता का आत्मसंघर्ष तथा अन्य निबंध, पृष्ठ-11)

एक साहित्यिक की डायरी में संकलित ‘सड़क को लेकर बातचीत’ में यही समस्या उठाई गई है, एक कवि जब सेंसर का पालन नहीं करता है, तो सम्पादक उसकी कविता नहीं छापते हैं। फिर मुक्तिबोध नई कविता में निम्न मध्य वर्ग व उच्च मध्य वर्ग के संघर्ष को समझाते हुए। निम्न मध्य वर्ग का कविता में जो आवेश है, उसको कोसने की बात करते हैं।

‘अंधेरे में’ कविता में इसके विरुद्ध एक आवाज है –

“किंतु असंतोष मुझको है गहरा

शब्दाभिव्यक्ति – अभाव का संकेत

काव्य चमत्कार उतना ही रंगीन

परंतु, ठंडा।×××

 मेरे पास न रंग है बिजली का गौर कि

भीमाकार हूँ मेघ मैं काला

परंतु मुझमें है गंभीर आवेश×××

 

अरे, इन रंगीन पत्थर-फूलों से मेरा

काम नहीं चलेगा !!×××

 

अब अभिव्यक्ति के सारे खतरे

उठाने ही होंगे तोड़ने ही होंगे मठ और गढ़ सब।”

 

यही आवाज़ बतलाती है, कि कवि ने सभी सेंसर को धता बताते हुए तीसरा अंग निभाया है। और कविता की महानता इसी से बढ़ी है।

इस प्रकार “अंधेरे में” पढ़ते हुए मुक्तिबोध का काव्य चिंतन आँखों के सामने तैरता है। उनके सिद्धांत ‘अंधेरे में’ में व्यवहार में दिखते हैं।

More From Author

भाखै अकथ कथा बिरतांत- 4

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जानकी पुल को सहयोग करें

Jankipul : A Bridge of World's Literature एक नयी शुरुआत! मेरा कॉलम #Jankipul के लिए " जनहित में जारी सब पर भारी" आपकी टिप्पणी की अपेक्षा रहेगी