प्रसिद्ध लेखिका मृणाल पाण्डे जानकी पुल पर धारावाहिक रूप से अपनी आत्मकहानी लिख रही हैं। लेकिन किसी की आत्मकहानी केवल उसी की कहानी कहाँ होती है। इस कथा में उनके साथ-साथ कुमाऊँ का समाज चल रहा है, वहाँ के रीति-रिवाज, स्त्रियों के प्रति धारणा, तीन बहनों की दुनिया, उसके बाद आये भाई की कथा। और पार्श्व संगीत की तरह मृणाल जी की माता जी यानी प्रसिद्ध लेखिका शिवानी। यह कथा जितनी मृणाल जी की है उतनी ही शिवानी की भी। आज आत्मकहानी का चौथा खंड पढ़िए- मॉडरेटर
=========================
करमन की गति
‘लड़की का तो ऐसा कि भाग्य अपना लेके आती है। बाप राजा हो कि रंक उसे विदा करता ही करता है। नौ ग्रह हर आदमी की कुंडली में होने वाले हुए, पर जामाता जो है सो ससुर की कुंडली का दशम ग्रह हुआ। पहाड़ों के राजा मैनाक को मिला शिव जैसा अवधूत आौर राजा जनक को मिला बेटी को देश निकाला देनेवाला मरजादा पुरुष। अब कहो! करमन की गत न्यारी हुई कि नहीं।’
करमन की गत देखो शुकदेव पं और गौरा के घर तीन तीन लड़कियों की पीठ पर लड़का पैदा हुआ। ‘’माँगे माँगे ननद रानी कंगना गोदी के लला।’ ऊंचे दाँतों वाली रिश्तेदार ढोलक पर पुष्ट हाथों की थाप सहित गा रही हैं, नानी, जो उनको बहुत पसंद नहीं करतीं, हँसती हुई उनका परछन करती हैं! आज रंग है री माँ रंग है री!
सौरीघर में छोटी बच्ची की तरह लेटी हँस रही माँ को देख कर नानी हाथ जोडती हैं: धन हो देबी बेटा डाल ही दिया गौरा की गोद में।
हमारा इकलौता भाई मिकी नानी के अलमोड़ा वाले घर में जनमा है। पहली सितंबर को। बाबू के आह्लादित चचा ने घनी मूंछों के बीच मुस्कुराते हुए कहा, ‘अब जा के जनमा हम मलारा के पंतों का वारिस। ठिक्क पहली तारीख को अपनी तनखा लेने आया है।’’ सब लोग हँसे पर मैं गौर से सबको देखती रही जिन्होने माँ को बार बार तीन तीन बेटियाँ होने पर ‘सुनाया’ था, एक बार नहीं बार बार।
झूठे मक्कार कहीं के ये बड़े लोग!
नानी की अभिन्न मित्र तारा दीदी कहती हैं, ‘हां हो, लड़की होती है तो रोती हुई, चेहाँ चेहाँ, जाऊं हाँ, लड़का निकलता है कहता हुआ केहां केहां, “मेरे लिये क्या है यहां?’’
कोई और कहता है लड़की हुई तो मेरी सास कहती थीं जमीन ढाई हाथ भीतर धँस जाती है कह के!
मेरे भीतर का यक्ष शब्दों के बिना भीतर भीतर दर्ज करता। लड़की रोती है, चेहाँ चेहाँ, जाऊं हाँ, लड़का पूछता है केहां केहां, मेरे लिये क्या है यहां?’’
सब याद रखा जाता है।
1956 तक लखनऊ के रिवर बैंक कॉलोनी के डेरे से वापिस नैनीताल आ गये हैं। लखनऊ में भरतनाट्यम के शिक्षक ने माँ से कहा था इसको कलाक्षेत्र ले जाकर दाखिला दिला सकता हूँ। इसमें लय ताल का अभी से ज्ञान है।
माँ की बात सुन कर पिता ने निर्विकार भाव से कहा, ‘हमारे घर की लड़कियों तुम्हारे शांतिनिकेतनवालों की तरह स्टेज पर नाचती गाती नहीं।’ कनाडा से विशेष प्रशिक्षण लेकर लौटे बाबू अब शिक्षा विभाग के बड़े ओहदे पर हैं। सब उनसे अदब से पेश आते हैं। माँ की नाक का अग्रभाग लाल होता देख वे मुस्कुरा कर कहते हैं, ‘हमारी मुन्नू पढाई के क्षेत्र में खूब नाम कमायेगी चाहे किसी भी माध्यम की पढाई हो। नाचना गाना ही सब कुछ नहीं, एक उमर के बाद वैसे भी सब रुक जाता है। पढाई हमेशा साथ साथ चलती है। हम बीनू मीनू दोनो को इलाहाबाद यूनिवर्सिटी भेजेंगे।’
माँ का गुस्सा काफूर हो गया। बीनू ने दबे सुर में पूछा, और मुझे भी वहाँ भेजोगी? माँ की आँखें भर आईं, तूने ऐसा कैसे सोच लिया री? तुझे मीनू से दो साल पहले बारहवीं करते ही भेजेंगे।
बाद को उसे बाबू से दबे सुर में कहते सुना बीनू ने ऐसा क्यों शक किया होगा, मुझसे कोई गलती रह गई उसको पालने में क्या?
अरे बच्ची है समझी नहीं होगी बाबू का जवाब था। बात टल गई।
यक्ष पूछता है, सचमुच?
अब मैं दस बरस की हूँ, बीनू तेरह की, छोटे बहन भाई इरु-मिकी, क्रमश: चार और दो बरस के। हम लोग नैनीताल में घर के बाहर के विशाल लॉन में धूप खा रहे हैं। बीनू नन्ही माँ बनकर छोटे भाई बहन की बाललीला पर निहाल है। सफेद पर्शियन बिल्ली के छौने सी गोरी गदबदी इरा का नाम उसने रखा था माऊं, जो बहुत दिन तक चलता रहा। मुक्तेश नाम को भी घिस कर वह सुडौल बना चुकी थी, मिकी। उसका यही नाम अब तक चल रहा है। मुझे मीनू भी उसी ने बनाया ।
पारिवारिक दंतकथाओं में जब मैं हुई तो बीनू की खुशी का अंत नहीं था। वह कमरे में उछलती गाती हुई आई थी, ‘मेरी चंद्रकला, ओ मेरी चंद्रकला।’ बाद को जब उसे कहा गया कि ये तो बड़ा लंबा नाम है, उसने कहा ठीक है, बीनू की बहन मीनू कहलायेगी। और मैं मृणाल से मीनू बनी। बीनू के ऐसे कई तर्क और मांगें होती थीं जिनको न मानना कुफ्र था।
‘पर दी, तू ? तू भी खुश हुई थी मेरे होने पर?’ मैंने किताब से सर उठा कर पूछा ।
जवाब अनमना आया, ‘मैं बहुत थकी थी, बस इतना याद है, तू हुई तो इजा ने कहा था लडकी हुई है। बस फिर मैं करवट ले कर सो गई।’
‘और जब ईरू हुई?’
‘तब? बाहर गफ़्फ बरफ पड़ रही थी। मैं कंबल में मुँह डाल कर खूब रोई थी। सब कहते रहे देख तो कितनी सुंदर उजली बेटी हुई है तेरी। पर मुझे बस इजा (नानी) और सरुली की मां (दाई) की बात लग गई, हाय इस बार भी चिहड़ी (लडकियों के लिया हेय नाम) ही जनमी है! तीन तीन बेटियां हो गईं घर में! चलो ये भी पल जायेंगी। इनके भाग से माँ की जान बच गई बहुत हुआ।
फिर?
फिर क्या बाबू कहते रहे कि ये तीनों ही हमारी निधि हैं। खूब पढा लिखा कर इनको विद्वान् बनायेंगे। पर इजा (नानी) कहती थी बिना बेटे के वंश बेल नहीं चलती। लड़कियाँ कल अपने अपने घर चली गईं तो फिर?
यह घर भी बाबू का सरकारी घर है न? तुम्हारा बाबू का कैसे हुआ?
हुआ ना, बाबू के ही नाम पर तो सरकार ने अलॅट किया है हमको।
तो तुम्हारा घर कहाँ है?
कहीं नहीं। माँ ने ऊन के गोले में सलाइयाँ भोंक दीं।
===
मेरी जन्मकुंडली दादा जी ने शहर के एक पंडित से बनवाई जिनको फस्का(गप्पी) पंडित कहा जाता था। उस पुरानी हाथ की लिखी कुंडली में मेरा भविष्य लपेट कर धर दिया गया धोतियों की किनारी से सिले एक पुराने थैले में, जिसमें सारे परिवार की कुंडलियाँ रखी जाती थीँ। लड़की की कुंडली अमूमन ब्याह के वक्त ही निकाल कर पंडित या विशवासपात्र की मार्फत लड़के वालों को भेजी जाती। उसे चिन्ह कहा जाता।
लडकी का अपना क्या? जो मिलता है पहले बाप, फिर चिन्ह मिल गया किसी सुंदर घर वर से तो मालिक से ही मिलता है। तारा दिदी अकृत्रिम प्यार से कहतीं। फिर चूल्हे की सिंकी ताज़ा रोटी पर चीनी छिड़क कर पकड़ा देतीं, ‘ले थूर! तेरे इस चौड़े ललाट पर तो रानी पटरानी बनना लिखा है, तू चिंता न कर। खा।’
मेरी बाल बुद्धि ने जाने कैसे भाँप लिया था कि बड़बोले रिश्तेदारों के बीच नानी की दूर की बिरादर तारा दिदी ही वह इकलौती बडी थीं, जो आरी जैसी ज़ुबान रखती थीं, पर हमको दिन रात प्रवचन नहीं देतीं, आगाह करती रहती हैं। अत्ति ज़ोर से मत हँसना, बाद को रोना पड़ता है। धमक कर मत चलो, दबना सीख लो, काम आता है बाद को। बाद को उनका सुर ताल गुरु गोरख से मिलता पाया: ‘’हबकि न बोलिबो, धमकि न चलोबो, धीरे रखिबो पाँव’’…
दिन रात घर के नाना कामों में सहर्ष खटती तारा दीदी भी गोरखनाथ की तरह कनफटा अप्रिय सच और प्यार एक साथ कहती थीं। बिना लाग लपेट के।
माँ के अनुसार तारा दीदी बहुत कम उम्र में विधवा हो कर ससुराल की उपेक्षा से आक्रांत हो अपने पांच बच्चों को ले कर नानी की शरण में आ गईं थीं। तब वे बहुत सुंदर थीं और किराये की कोठरी से त्रस्त थीं, जहां, उन्होने नानी को कहा कि दिन रात गलत सलत लोग उनकी कुंडी खड़का जाते। नानी ने उनका त्रास भाँप कर कह दिया ‘जा नीचे मेहमानों के दो कमरे और रसोई है, तू डेरा डाल ले। मैं जाड़ों में देस जाऊं तो जिम्मा तेरा।’ इस विशाल हृदय प्यार को पाकर नानी की आजन्म सैंको पांज़ा बन कर रहीं कृतज्ञता विगलित तारा दीदी। घर में किसी की हिम्मत न थी कि नानी की उन विनम्र अंतरंग सहेली को कुछ कह सके। उनके तीनों बेटे मेधावी थे, कालांतर में दोनों बेटियाँ भी अच्छे घर वर पा कर विदा हुईं। तारा दीदी के बच्चों से मां का आजन्म सच्चे प्यार का रिश्ता रहा। ‘मुझ राँड रँडकुली को बाँह पकड़ कर तेरी माँ ने न उठाया होता तो जाने मेरा फूटा भाग कहाँ ले जाता? चिमटी से मेरे पैर का काँटा निकालते हुए माँ से उन्होने कहा था।
आमा हमको रात कहानियाँ सुनातीं तो वे भी बच्ची की तरह चारपाई से चिपकी उनके तलवों में तेल मलती सुन कर नायाब टीपें देती रहतीं। ‘अहा रे नसीबौ!’ वे कहतीं निपट दलिद्दर के बीच जने कैसे मेरी बेटियों को घर वर मिल गया, उधर सुना फलाने सेठ की लड़की तरक दराइवर के साथ भागती पकडी गई और रातोंरात ब्याह दी गई एक कलर्क से! कलछती रहती है! ये मुहब्बत बडी खराब चीज़ है! और आमा गोल देव की सौं, ये भूत मुहब्बत का आया अल्मोडा में जब से यहां बडा छप्पन इंच के पर्दे का जागनाथ सनेमाघर बना।
=====
कई साल बाद मेरी कुंडली मेरे अनजाने ही तब के पहाड़ी समाज के बहुत बड़े घर के विवाह योग्य वर के लिये गई। उनके घर से वह बनारस गई। गुणों का मिलान करने। जवाब में बाँचनहार ने जन्म कुंडली पढ कर उनको लिखा था, ‘आप लोगों की भेजी कन्या की जन्मपत्रिका मैंने पढी। कन्या का कुलगोत्र तो सब उत्तम है, पर ग्रह और दशायें कुछ विचित्र हैं । उनके अनुसार कन्या स्त्री होते हुए भी पुरुषों जैसी स्वाभिमानी, ज्ञानपिपासु, दुस्साहसी, और खरा बोलनेवाली होगी। केंद्र का बृहस्पति इसे विद्यार्जन का पूर्णातिपूर्ण योग दिला रहा है और परंपरा के प्रति गहरी समझ भी। पर बृहस्पति का जो स्पर्श इसे सत्यनिष्ठ और कलाप्रेमी बनाता है, वहीं उच्च का मंगल इसके स्वभाव में एक तरह की उग्रता संचरणशीलता और प्रश्नाकुलता बनाये रखेगा। कुंडली में धनुर्धर राशि, सिंह लग्न, मूल नक्षत्र यह सब के सब चर नक्षत्र हैं जबकि सुशील आज्ञाकारिणी कुलवधू लिये स्थिर नक्षत्र बेहतर रहते हैं, जो उसे और उसके कारण उसके परिवार को स्थिर संपत्ति से, परिवार से निरंतर बांधे रखें।
‘यह कन्या कभी टिककर घर में नहीं बैठेगी। न कोई इसको वशीभूत कर सकेगा। आगे आप लोग जैसा उचित समझें।‘
होनी थी। हो कर रही।
कई वर्ष बाद को मुझे निर्मम साफगोई से यह पत्राचार दिखा कर बताया गया कि पत्र पढ कर मेरे होनेवाले पति को एक तार भेजा गया था कि मुझसे मिलने का विचार फिलहाल त्याग दें। ज्योतिषियों की राय में अभी शादी करना उचित नहीं है। पर टॉमस हार्डी के उपन्यासों की तरह वह तार जाने किन कमबख्त अनजानी वजहों से पते तक नहीं पहुंच सका। उल्टे अगले ही हफ्ते उनको पत्र मिला कि लड़की और वह इलाहाबाद में नाना के घर पर मिल लिये हैं। और दोनों विवाह के लिये राज़ी हैं।
फिर ज्योतिषाचार्य का पत्र भी लपेट कर कुंडलीवाले झोले में रख दिया गया होगा, उसांस सहित।
माया महाठगिनि हम जानी…
==
इतनी टूटी हुई टुकड़ा-टुकड़ा यादें, इतनी बतकहियाँ इनको एक नवजात उत्सुकता से मेरा लेखक मन आज तीन चौथाई सदी जीने के बाद दोबारा देख रहा है। प्रसंग जो पूर्णकाम हुए वे भी, और वे भी जो बस अर्धकथानक बन कर रह गये।
-पहली याद: बीनू, मुक्की और मैं ताऊ जी के घर के लंबे से बारांडे से नीचे सड़क पर गुज़रती धूल भरी भीड़ देख रहे हैं। गठरी-मुठरी लादे खच्चर भी हैं, लोग भी, धूल बहुत है। बीनू कहती है ये रेफूजी हैं।
– नानी की कलाई पर सरकती घिसी हुई सोने की चूडियां। उनका सुबकती माँ से कहना, अरी ऐसा सुंदर कार्तिकेय जैसा दुलहा दिया है तुझे। पर हाँ पहलीवाली की संतान पालना भी तेरा कठोर कर्तव्य हुआ। बाद को खामोशी के बीच स्नानघर में पूरी धार से खोले गये नल के शोर के बीच से उभरती रुलाई।
– पीठ पर बस्ता लदा है, हम घर जा रहे हैं। अधखुली चोटी का लाल रिबन बीनू ने मेरे गले में बाँध दिया है ताकि खो न जाये। हमारी जीभ पर चीड़ की सुई का खट्टा कसैला स्वाद है। ‘तेरी दो-दो माँ हैं!’’ लडकियों का झुंड बीनू से कहता है फिर खी-खी करने लगता है। मैं उनसे खौंखिया कर उलझती बीनू को घर की तरफ खींचती हूँ!
– हमारे अपने रानीधारा वाले घर से मैदानों की तरफ एक लंबी, बहुत लंबी सडक पर दो ऊंघते सर डाले सूरजमुखी हैं। मेरी नाभि से रुलाई का भंवर उठ रहा है। बीनू मुझसे नहीं बोल रही, ‘तू माँ की असली स्वीटी बेटी है सुट्टो! सुट्टो!
– हथेली पर पड़े सिक्कों को टटोलती सूरदास भिखारी की अंधी उंगलियाँ, अंधा गुस्सा, साले कहाँ से पैसे देते अंधरे गरीब को, टीन का बटन धर जाते हैं, नाश करना इनका, हो गोल्लदेवता !
– रात बरसते पानी में घर के आंगन में धरा नहाता कोई शव, जिसे हम अगली सुबह नानी के घर की खिड़की से दूर नीचे सोमेश्वर श्मशान को ले जाया जाता देखते हैं।
यक्ष कान में फुसफुसाता है, तेरे लिये मौत और विमाता, किताबें और सुट्टो का मतलब समझने की शुरुआत हो चुकी है। ध्यान मत भटकने दे। बस पढ और पढ। तेरी निष्कृति उसमें ही है।
तू तो बस सरस्वती के साथ हज़ारों साल लंबी यात्रा पर निकल जा। हमें सदियाँ पार करनी हैं। सदियों का दु:ख, सदियों के सुख बिना रुके बटोरते चला जाना है। वे ही पौधों की तरह मिट्टी और हवा सोख कर जड़ों तक पहुँचाते जायेंगे। बाद को सब निथर जायेगा। अक्षरों के अंकुर निकलेंगे। उनको नये सिरे से गूँथ कर हमें नई तरह से भाषा को रचना होगा जैसे मिट्टी के गुँधे लोंदों से चाक पर बैठा कुम्हार करता है।



