नायपॉल और नोबेल: अमिताभ घोष

जब वीएस नायपॉल को नोबेल पुरस्कार मिला था तब अंग्रेज़ी के प्रसिद्ध लेखक अमिताभ घोष ने यह लेख लिखा था। यह लेख छोटा है लेकिन अनेक मायनों में सोच को दिशा देने वाला लेख है। यह लेख यह बताता है कि अंग्रेज़ी में लिखते हुए भी अपनी जड़ों से जुड़ा रहा जा सकता है। इस लेख का बहुत प्रवाहपूर्ण अनुवाद किया है युवा लिटरेरी क्रिटिक आशुतोष कुमार ठाकुर ने। आप भी पढ़ सकते हैं- मॉडरेटर

=================

वे छुटपन के दिन थे. उन दिनों मैंने नायपॉल का एक निबंध पढ़ा था. उसमें त्रिनिदाद की दोपहरों का ज़िक्र था. उन्होंने लिखा था कि कैसे पाठ्यपुस्तकों में अंग्रेज़ी डैफ़ोडिल के फूलों का वर्णन वहाँ के अपने कैरेबियाई फूलों को हमेशा के लिए ओझल कर देता है. उस एक पंक्ति को पढ़ते ही मैं ठिठक गया था. जैसे भीतर कुछ कौंध गया हो, आत्मबोध की एक धुँधली रोशनी. बरसों बीत गए, लेकिन वह रोशनी अब भी वहीं टँगी है. फीकी नहीं पड़ी.

बचपन में द म्यूटिनी ऑन द बाउंटी  पढ़ते हुए ‘फ्रैंगिपैनी’ शब्द मुझे हमेशा किसी गहरे रहस्य और सम्मोहन से भरा लगता था. फिर एक दिन अचानक मेरी आँखें खुलीं और मैंने पाया कि मेरी खिड़की के बाहर बरसों से खड़ी पुरानी, ऐंठी हुई टहनियाँ किसी और पेड़ की नहीं, उसी फ्रैंगिपैनी की थीं. इतने सालों तक मैं उन्हें देखता रहा था, लेकिन उनसे परिचित नहीं था. उस क्षण मुझे कोई निराशा नहीं हुई. बस, एक अजीब-सा बोध हुआ कि इस विशाल दुनिया में मेरा अपना अस्तित्व कितना बेमेल है. यह एक ऐसा अकेलापन था, जिसका अनुभव मुझे उससे पहले किसी किताब में नहीं हुआ था. नायपॉल का वह गद्य पढ़ने के बाद पहली बार मुझे उसे पहचानने के लिए शब्द मिले.

उन दिनों नायपॉल को पढ़ना अचरज से भरे अनुभव से गुज़रना था. उनके विचारों से मेरी सहमति शायद ही कभी बनी. कुछ बातें इसलिए चुभती थीं, क्योंकि वे उन सच्चाइयों को अनावृत करती थीं जिन्हें स्वीकार करना दुखद था. कुछ बातें अनुचित और अमानवीय लगती थीं. कुछ विचार इतने दुराग्रही थे कि नस्लवाद या नितांत अज्ञानता की सीमा तक जा पहुँचते थे. फिर भी, वे उन अनुभवों को स्पर्श कर रहे थे जिन्हें बाकी दुनिया ने अप्रासंगिक मानकर छोड़ दिया था. दरअसल, उन्होंने हमारी छिपी हुई वेदना को एक भाषा दी थी.

आज, दशकों बाद, भाषा पर लिखा वह निबंध मेरी स्मृति का हिस्सा बन चुका है. अब यह बताना मुश्किल है कि मेरी अपनी याद कहाँ समाप्त होती है और नायपॉल का आख्यान कहाँ से शुरू होता है. वह फ्रैंगिपैनी मेरा अपना पेड़ था या उनका? या वह किसी गुलमोहर अथवा जैकारैंडा का सपना था, जो स्मृति में अटककर रह गया? कभी-कभी नायपॉल के वे प्रसंग मेरी चेतना में किसी पुराने, दुखते अक्ल-दाँत की तरह कसक उठते हैं.

बरसों बाद, जब मैं 1984 के दिल्ली दंगों पर अपना एक संस्मरण लिख रहा था, तब मुझे नायपॉल के एक यात्रा-वृत्तांत का दृश्य याद आया. मैंने लिखा था: “अपने अद्भुत गद्य में नायपॉल एक जुलूस का वर्णन करते हैं. वे किसी अनजान शहर में, शायद अफ्रीका या दक्षिण अमेरिका में कहीं, एक होटल के कमरे में हैं. खिड़की से नीचे सड़क पर देखते हैं, जहाँ लोगों की एक भीड़ गुज़र रही है. उस दृश्य को देखकर उनके भीतर एक अनजानी उदासी और उस भीड़ में शामिल हो जाने की ललक जागती है. एक पल को उनका मन होता है कि वे नीचे उतरें, उस भीड़ में शामिल हो जाएँ और अपने अकेलेपन को उन अजनबियों के साथ मिला दें. लेकिन वे जानते हैं कि ऐसा वे कभी नहीं करेंगे. भीड़ का हिस्सा बनना उनके स्वभाव की नियति में नहीं है.”

नायपॉल पहले लेखक थे, जिन्होंने मुझे भरोसा दिलाया कि अंग्रेज़ी में लिखते हुए भी मैं अपनी जड़ों से जुड़ा रह सकता हूँ. मैंने उन्हें हमेशा एक ऐसी आत्मीयता के साथ पढ़ा, जो हम अपने सबसे प्रियजनों के लिए बचाकर रखते हैं. मुझे वह प्रसंग इसलिए भी याद रहा, क्योंकि मैं खुद भी कभी भीड़ में शामिल होने वाला व्यक्ति नहीं रहा. उस अंश को पढ़ते हुए लगा, जैसे नायपॉल के निर्मम आईने में मुझे अपना ही कोई अनजान चेहरा दिखाई दे गया हो. यहाँ ‘प्रभाव’ शब्द बहुत छोटा पड़ता है. सच कहूँ तो नायपॉल का गद्य मेरे लिए सान-पत्थर की तरह था, जिस पर घिसकर मैंने दुनिया को देखने वाली अपनी नज़र को धार दी.

भारत में बिताए अपने शुरुआती वर्षों में नायपॉल ने मेरे भीतर ऐसी तल्लीनता जगाई, जो कोई दूसरा लेखक कभी नहीं जगा सका. मैंने उनका लिखा लगभग सब कुछ पढ़ा, बहुत बारीकी से, प्रायः असहमति और आत्मीयता के साथ. मिगुएल स्ट्रीट, द सफरेज ऑफ एल्विरा, द मिस्टिक मैसूर, अ हाउस फॉर मिस्टर बिस्वास, द मिमिक मेन और इन अ फ्री स्टेट  जैसे उनके शुरुआती उपन्यास मुझे आज भी बहुत प्रिय हैं. मेरी नज़र में, नायपॉल इन शुरुआती रचनाओं के बल पर ही नोबेल पुरस्कार के हक़दार थे.

लेकिन मुझे उनके उपन्यासों से भी अधिक उनकी कथेतर किताबों ने प्रभावित किया था. विशेषकर भारत पर लिखी उनकी दो पुस्तकें, एन एरिया ऑफ डार्कनेस  और इंडिया: अ वूंडेड सिविलाइजेशन,  जिन्होंने पश्चिम में उन्हें प्रतिष्ठा दिलाई. एन एरिया ऑफ डार्कनेस   के आक्रोश और तीखे उपहास ने असहज प्रतिक्रिया उत्पन्न की थी. लेकिन थोड़ा ठहरकर पढ़ने पर साफ़ दिखाई देता है कि नायपॉल के उस रोष का असली निशाना कोई और नहीं, वे स्वयं और उनका अपना अतीत था. उनका यह दंश भारत से उतना उद्भूत नहीं हुआ था, जितना अपने विस्थापित पूर्वजों के भग्न मिथकों और मोहभंग की भस्म से.

इन किताबों ने उनके लेखन की दिशा हमेशा के लिए बदल दी. इसके बाद वे तीसरी दुनिया को उसकी अपनी शर्तों पर नहीं देख पाए. भारत, कैरेबियाई क्षेत्र और अफ्रीका उनके लिए ऐसे पर्दे बनकर रह गए, जिन पर वे पश्चिम, विशेषकर इंग्लैंड के प्रति अपने मोह को ही प्रस्तुत करते रहे. उनके शुरुआती लेखन में दिखाई देने वाले वे समाज, जो समृद्ध, प्राणवान और विविधताओं से भरे थे, धीरे-धीरे ओझल हो गए. उनकी जगह ऐसे सतही खाकों ने ले ली, जिनमें गैर-पश्चिमी समाजों को यूरोप की तुलना में हमेशा अपूर्ण माना गया. इस काल्पनिक विषमता में इन समाजों को उनकी उपलब्धियों के बजाय उनकी कमियों के आधार पर परिभाषित किया गया.

इसका अनुमान लगाना कठिन नहीं था कि नायपॉल का यह नया रूप पश्चिम को खूब भाएगा. जल्द ही उन्हें तीसरी दुनिया के एक प्रामाणिक भाष्यकार के रूप में प्रतिष्ठित कर दिया गया. आज पश्चिम के यात्रा-लेखकों के बीच नायपॉल की उसी उपहासपूर्ण शैली की नकल करना मानो गंभीरता की कसौटी बन चुका है.

यह सवाल ही बेमानी है कि नायपॉल इस नोबेल पुरस्कार से खुश होंगे या नहीं. कुछ ही समय पहले उन्होंने इसी समिति पर आरोप लगाया था कि वह ऊँचे आसन पर बैठकर साहित्य को दूषित कर रही है. फिर भी, इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि उन्होंने यह पुरस्कार भारत को नहीं, अपने चुने हुए देश इंग्लैंड को समर्पित किया. यह बिल्कुल नायपॉल के स्वभाव के अनुरूप था. इसमें उन जगहों का ज़िक्र तक नहीं आता, जिनके प्रति उनकी लेखनी सबसे अधिक ऋणी है, यानी त्रिनिदाद और कैरेबियाई क्षेत्र.

त्रिनिदाद की सांस्कृतिक संरचना ने ही नायपॉल को उनकी साहित्यिक महत्त्वाकांक्षा, उनकी विशिष्ट आवाज़ और उनकी अपनी शैली दी. उसी ने उन्हें उन उपन्यासों की ज़मीन भी दी, जिनके लिए वे याद किए जाएँगे. इसलिए सर विदिया का नोबेल पुरस्कार उनकी विलक्षण और विस्थापित प्रतिभा का सम्मान मात्र नहीं है. वह उस छोटे-से द्वीप को भी एक अंतिम नमन है, जहाँ उन्होंने पहली बार आँखें खोली थीं.

More From Author

एक अल्पज्ञात इतिहास का स्वर्णिम पन्ना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जानकी पुल को सहयोग करें

Jankipul : A Bridge of World's Literature एक नयी शुरुआत! मेरा कॉलम #Jankipul के लिए " जनहित में जारी सब पर भारी" आपकी टिप्पणी की अपेक्षा रहेगी