आज पढ़िए वल्लरी श्रीवास्तव की छह कविताएँ। वल्लरी कविताओं को प्रकाशित करवाने के मामले में संकोची हैं। इससे पहले संभवतः केवल एक जगह पर उनकी कविताओं का प्रकाशन हुआ है। उनकी कविताओं को पढ़ते हुए मुझे एक विद्वान की उक्ति का स्मरण हो आया कि कविता चिंतन करने का ही एक ढंग है- मॉडरेटर
=====================
1
जब कहीं खो जाओ
जब कहीं खो जाओ तो सिर्फ़ उस तरफ़ बढ़ो जहाँ प्रेम की गंध हो,
जहाँ बारूद से भरे रास्तों के ऊपर घास उग चुकी हो,
जहाँ कोलाहल के बाद शाम हुई हो,
जहाँ कश्तियों के थकने के बाद वाले रुके हुए किनारे हों
जहाँ जंगल के देवता हों
जहाँ पेड़ों से छन कर आ रही धूप
तुम्हारे मन के गहरे अंधेरे कुएँ में
मित्र की तरह ज़बरदस्ती घुस आए।
2
मैं अपनी कविता से दूर गयी
मैं अपनी कविता से दूर गयी
जैसे गाँव में रहने वाला व्यक्ति शहर गया हो
कलरव को निहारने
वहाँ सिर्फ़ दहाड़ थी, चीत्कार था
मन की स्याही सूखने लगती है
जड़ें चटक कर टूटने लगती हैं
भेज दो वापस कविता वाले घाट के किनारे
वहाँ कलम की स्याही की महक महुए सी जान पड़ती है
शब्दों की आवाज़ जैसे पत्तों के पीछे छुपा लपलपाती जीभ वाला साँप
लौटने दो मुझे, जैसे सूर्य लौटता है हर भोर
जाने दो मुझे वापस कलम और स्याही की स्मृति में डूबे
कविता वाले घाट के किनारे।
3
भटकती हुई कविताओं के बीच
भटकती हुई कविताओं के बीच जीवन सरपट दौड़ लगा रहा है
अंधेरी रातों में किवाड़ के खुलते ही कविताएँ अपना स्वागत करवाने पहुँचीं
अल्पविराम लगाकर उनका सम्मान किया और पूर्ण विराम से पूर्ण संतोष दिया
स्याही से उनकी खूबसूरती निखरकर आई
उच्चारण करते-करते विरह की वेला आई
और कविताएँ निकल गईं फिर दूर दूसरे का किवाड़ खटखटाने,
किसी और की जिज्ञासा जगाने
किसी दूसरे की कल्पनाओं को खटखटाने।
4
जुगनुओं का दोष नहीं
जुगनुओं का दोष नहीं
कलम और दवात को साथ देना होगा
मैं खड़ी थी कल तिराहे पर,
परछाइयों का मोह तोड़,
जुगनूओं का साथ छोड़
अपने भीतर किताब के पन्ने उगाते
अलसायी आँखें,
थोड़े शब्द,
कहानियों के अंत और कविताओं की शुरुआत लिए
नींद के टुकड़े चुभ रहे थे,
बवंडर घुमड़ रहा था,
सपने टाँके जा रहे थे
मुझे क़रीब रखना है इस बवंडर को
इसकी धधकती हुई नब्ज़
टटोलते रहना है
बवंडर सवार है मेरी नाव पर,
पाल बाँध अब निकल पड़ी हूँ मैं
मुझे भरोसा है अपने शब्दों पर,
जैसे एक किसान को होता है अपनी फसल पर।
5
क्या तुम्हें भी मेरी तरह
क्या तुम्हें भी मेरी तरह अपने तलवों के नीचे पृथ्वी की सतह घूमती महसूस होती है
जिनसे भूकम्प आता है
क्या तुम्हें भी अक़्सर अत्याधिक कहा जाता है
क्या तुम भी वही हो जो अपने होने की जमा पूँजी मिलते ही
लोगों में बाँट दे
अपने उल्लास की पोटली सब में लुटा दे
फ़िक्र की अशर्फ़ियाँ झटपट खर्च कर
मुस्कुरा दे
क्या समुद्र से वर्षों दूर रहने के बावजूद
उसकी याद का नमक तुम्हारे मुँह में घुलता है
क्या तुम्हारे पहुँचते ही बाज़ार गुलज़ार हो जाता है
क्या तुम भी चाकू की धार को लोगों की नसों से दूर कर देती हो
क्या तुम भी मेरी तरह अक्सर गांधारी के अंधेपन को नकार देती हो
क्या तुम भी मेरी जैसी हो
जिसे ये भरोसा है कि कविताएँ, कहानियाँ
और
ढेरों कलाएँ ही हमारी मूल संपत्ति हैं
और जीवन ढोंग से नहीं डंके की चोट पर जिया जाता है।
6
गाढ़ी स्याही का साथ
गाढ़ी स्याही का साथ छूट चुका है
इधर उधर छिटके शब्दों को उठा
अपने काँधे पे झोला डाले, निकल पड़ा है वह
मुँह फेरे उन आवाज़ों से
जो खड़ा करती हैं सवालों का सैलाब
अपनी राह से भटकना अब उसकी फ़ितरत-सी है
सीढ़ियाँ बनाने की जगह, रास्ते काटने की बातें करता है वह
शतुर्मुर्ग की तरह धँसती जा रही है उसकी सोच,
उसका प्रेम, उसका साथ
मैं इंतज़ार कर रही हूँ शाम के सात बजने का
वो झोला उतार,
कलम थाम
लिखे अपना सच
सुन सके परिंदों की आवाज़,
थाम सके अपने भीतर का कोलाहल



