उज़्मा कलाम ने कम समय में ही अपनी कहानियों से अलग पहचान बनाई है। निम्न-मध्यवर्गीय समाज के जीवन की उलझनों को पारंपरिक क़िस्सागोई की शैली में बहुत खूब लिखती हैं। उनका एक कहानी संग्रह भी प्रकाशित है- काली बिल्लियों के साये में चटोरी चुड़ैल’। यह उनकी नई कहानी है- मॉडरेटर
===========
ओह..!! अब आगे क्या? साढ़े चार दिन से ज़्यादा, यही सोचते हुए निकल गए। पाँचवाँ दिन भी अब आख़िरी मुक़ाम पर आकर खड़ा था। मग़रिब का वक़्त हो गया। मौलवी साहब माइक के सामने खड़े हो गए। रोज़ की तरह अज़ान देने से पहले, वह अपनी साँसे संभालते है और गला भी खखारते है। बुलन्द आवाज़ में अज़ान शुरू हुई। अज़ान के साथ ही शाहीन ने दुआ मांगनी शुरू की। या… अल्लाह इस बार मुसीबत से निकाल ले। नइया पार लगा दे। मालूम है…. हर बार कोई मुसीबत लेकर तेरे सामने खड़ी रहती हूँ। ऐ मेरे ख़ुदा अब की आख़िरी बार। जानती हूँ….यह ग़लत बात है, कि तुझे कभी बिना वजह याद नहीं किया। बस एक बार और सुन ले, अगली बार से बिना किसी लालच और मांग के तुझे याद करुँगी।
तारीखें, मुँह चिढ़ाती हुई आगे सरक रही थी। बीस मई तक डॉक्यूमेंट वेरिफ़िकेशन। फ़ीस जमा करने की आख़िरी तारीख़, तीस मई और आज पंद्रह मई। आफ़त तो आयेगी ही। लेकिन करना है। बात कैसे शुरू की जाए। ऐसा ना हो कि वह सोच के समंदर में गोते खाती रह जाए और वक़्त हाथो से फिसल जाए।
अंदर ही अंदर उथल पुथल और उतार चढ़ाव के चलते, आज उसने सब कुछ कह देने का मन बना लिया। आख़िर कब तक बीच मँझधार में रहूँ। पार तो लगना ही है।
अब्बा तो शायद मान जाए लेकिन अम्मा को मनाना बेइंतहां मुश्किल।
“आज तक पूरे खानदान में ऐसा हुआ है क्या….” अम्मा भड़क गयी। अब्बा भी फ़िक्रमंद हो गए “सारे खानदान में नाक कट जाएगी। किसी को मुँह दिखाने लायक ना रह जायेंगे। रिश्तेदार तो मुँह पर कहेंगे, एक लड़की भी ना संभाली गई इनसे। तेरे अब्बा की बरसो की बनी बनायीं इज़्ज़त धूल में मिल जाएगी।” शाहीन ने कनखियों से अम्मा को देखा और फिर अब्बा को। अब्बा सिर झुकाये चुपचाप बैठे थे। वह बिना थमे बोले जा रही थी। “लोग थू थू करेंगे, आँखों से जूते मार के जायेंगे।” अम्मा तो किसी भी बात पर ऐसे ही शुरू होती, लेकिन आज सारे जुमले इज़्ज़त और बेइज़्ज़ती के इर्द-ग़िर्द घूम रहे थे। शाहीन का दिल हुआ कि अपने कानो में उंगलियाँ डालकर ठेपी लगा दे। पर इससे काम न चलेगा। इस खड़ी तलवार की धार पर चलकर यह इम्तेहान पास करना ही पड़ेगा। भले ही बोटी-बोटी कटकर गिर जाए।
“कुंवारी लड़की तो दूर…. कुंवारे लड़के भी…. अरे छोड़ो” अपनी बात को बीच में कांटते हुए, ” पूरे ख़ानदान में आज तक का रिकॉर्ड है। शादी-शुदा लड़के भी माँ बाप से अलग नहीं रहे, और इसे देखो।” रिकॉर्ड तो ऐसे बोली मानो कोई वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया हो इस खानदान ने। चारो तरफ़ वाहवाही हो रही हो और झंडे लहरा रहे हो। “लोग यही कहेंगे तीन लड़को पर एक लड़की है तो माँ बाप के दुलार ने किसी लायक़ नहीं छोड़ा। कालिख़ पुतेगी हमारे मुँह पर” अब्बा कि तरफ़ देखकर अम्मा ने फिर लम्बी साँस ली, “अब तुम भी कुछ बोल दो या सब कुछ हमीं बोले।” अब्बा अब भी सोच में डूबे चुप ही बैठे थे।
शाहीन ने एक नज़र अम्मा को देखा फिर अब्बा को। अब की बार वह अपनेआप को रोकते-रोकते भी बोल पड़ी, “पढ़ने जा रही हूँ, आवारागर्दी करने नहीं।”
“घरवालों से दूर, कुंवारी लड़की घर से बाहर रहे, यह आवारागर्दी में ही आता है।”
शाहीन भुनभुनाई, “तौबा…. इस खानदान में आवारा ग़र्दी के मायने भी जुदा है।”
“ज़ुबान तो गज भर लंबी है तेरी। अच्छे से अच्छे ससुराल वाले भी यह पसंद ना करेंगे। वक़्त रहते सुधर जा” अम्मा ने हिदायत दे दी। जो वह रोज़ बात-बात पर देती ही थी।
“हमाई मति मारी गयी थी” अपने माथे पर चपत लगाते हुए अम्मा वही बैठ गयी।
शाहीन और इस बार अब्बा भी, अम्मा को ताकने लगे, कि अब क्या हुआ?
“अइसे क्यों घूर रहे हो, तुम्हे तो दुनियादारी कुछ पता नहीं। हम भी तुम्हारे साथ रह-रहकर पगला गए” अम्मा का यह जुमला अब्बा को मुख़ातिब था, “पिछले महीने वसीम आया था, अपने साले और सास के साथ इसको देखने” ऊँगली का इशारा शाहीन की तरफ़ था। शाहीन का दिल धक्… से हो गया।
“इंकार कर दिए, लड़की पसंद नहीं आयी” शाहीन का दिल वापस खिल गया।
“हमें तो बताई नहीं तुम” अब्बा फिक्रमंदी से पूछे।
“अब का बताते, वसीम बोले ‘भाभी एक रिश्ता है शाहीन के लिए। मेरा साला है बोलो तो घर ले आये दिखाने।’ पूछे ‘कब आ जाये’, हम कह दिए कभी भी आ जाओ। वह चले आये दुपहरिया में और यह मैडम” कनखियों से शाहीन की तरफ़ इशारे से, “उनके सामने कॉलेज से लौटकर आयी, पसीने से लथ-पथ, धूप से करियाई हुई। अब अल्लाह ताला भी आजकल ऐसे टूट कर चमकते है, कि अच्छे खासे रंग की मटियामेट कर दे।” अम्मा गुस्से में एक जुमला अल्लाह ताला को भी सुना गई। कुछ ही पल में कान पकड़ कर माफ़ी मांग ली, “बस फिर क्या था जवाब आ गया। लड़की नहीं पसंद आयी।”
शाहीन ने राहत की सांस ली, और मन ही मन बोली ‘या अल्लाह ऐसे ही टूट कर चमकना।’
अम्मा ग़मगीन होकर, “हाँ कर दिए होते, तो अभी शादी की तैयारियां हो रही होती।”
“शुक्र है की ना कर दी”
“का बोली?”
“कुछ नहीं”
अब्बा भी आख़िर बोलने लगे, “वही एक रिश्ता थोड़े था। अभी कौन सी उम्र निकल गयी। खूब मिलेंगे।”
“हाँ तो ढूंढ लाऔ” अम्मा ऐंठते हुए “एक तो तुम्हारी वजह से इसकी शादी में देरी हो गयी। कॉलेज तुमने ही भेजा। वर्ना इण्टर तक बहुत था। अब राबिया को ही देख लो” अम्मा शाहीन की तरफ़ देखते हुए, “तेरे से तो बहुत अच्छे नंबर लायी थी… वह। मगर मजाल है जो कभी माँ-बाप के आगे ज़बान खोली। सिर झुकाकर पढ़ने जाए और सिर झुकाकर घर लौटे। कभी सिर उठाकर इधर-उधर देखा हो और कचर-कचर ज़बान चलायी हो तो बता।” शाहीन भुनभुनाई, ‘कम्बख़त को इतना ही सिर झुकाकर रहना था तो 82% नंबर लाने की कहाँ ज़रूरत थी।’
अम्मा के चेहरे पर अचानक रौनक़ लौटी, “परसों राबिया की दादी मिली। बोलने लगी, हमाई राबिया बहुत ख़ुशक़िस्मत है। ऐशो आराम की कमी नहीं। हमाई बिटिया सोना भी मांगे खाने को तो दामादजी लाकर देंगे।”
शाहीन चौंककर अम्मा की तरफ़ देखने लगी, ‘क्या अब राबिया की कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, कैल्शियम, फैट की ज़रूरत सोना यानी गोल्ड पूरा करता है’ शाहीन की आँखें चौंधियाँ गई। आँखों के सामने नए चमचमाते सोने की सुनहरी किरने चमकने लगी। अगले ही पल उसने अपने आपको संभाला। ‘कम्बख़त का पहले सिर झुका रहता था, अब सोना खा-खाकर तो पीठ भी झुक गयी।’
अम्मा चीखी, “अब क्या सोच रही है… कहीं नहीं जाएगी। जो पढ़ना है यहीं पढ़। अब जल्दी शादी करनी है।”
अब्बा भी बोले, “हाँ ठीक बात है यहीं पढ़ो। वहां की पढ़ाई महंगी भी होगी।”
शाहीन की चुप्पी टूटी और वह बोल पड़ी, “नहीं अब्बा महंगी बिलकुल नहीं है। सेंट्रल गवर्नमेंट की यूनिवर्सिटी है। यहाँ से भी कम फ़ीस लगेगी।”
“अच्छा… लेकिन फिर होस्टल का ख़र्चा?”
“वह भी बहुत कम है। मैं ट्यूशन भी पढ़ा लूंगी।”
कलैंडर में तारीख़ कहाँ ठहर रही थी। आज सत्रह मई हो गई। सूरज के चमकने से पहले ही वह जाग गयी थी। दिन बीत रहे थे और फ़िक्र बढ़ रही थी। फिर कल रात से उसने अहिंसा के साथ आमरण अनशन शुरू कर दिया था। राष्ट्रपिता से मिले इस मज़बूत हथियार का इस्तेमाल करके अभी तक की ज़िन्दगी में वह न उम्मीद नहीं हुई थी। खाली पेट और फ़िक्र में वह ढंग से सो न सकी थी। वह बरामदे में खड़ी थी कि अख़बार बाहर के दरवाज़े से हाई जम्प लगाकर आते हुए उसके पैरो के पास लैंड हुआ। हवा तेज़ चल रही थी। अख़बार के पन्ने खुल कर फैल गए। पेज नंबर पांच उसके सामने फड़फड़ाने लगा। उसने झुककर समेटना चाहा। पेज नंबर पांच… महिला विशेषांक, “गर्मियों में मेकअप के कुछ ख़ास टिप्स”, “त्वचा में निखार के लिए फेस पैक बनाने का तरीका” “पति पत्नी के बेहतर रिश्ते के लिए सुझाव” पेपर समेटने का ख़्याल मुल्तवी कर वह दाहिना पैर मय चप्पल के महिला विशेषांक पर रखकर ग़ुसलख़ाने की तरफ़ बड़ गयी।
चाय की भीनी-भीनी ख़ुश्बू आ रही थी। अम्मा महिला विशेषांक देख रही थी। बाक़ी अख़बार अब्बा के हाथ में था। शाहीन को देखकर अम्मा बोली, “खाना कब तक छोड़कर बैठेगी। अब ज़िद छोड़ दे। किसको-किसको जवाब देंगे हम और करेगी क्या… ज़्यादा पढ़कर। अल्लाह से दुआ कर अच्छा शौहर मिले, फिर चैन की ज़िन्दगी जी।”
“अल्लाह से दुआ ही तो की थी। तभी तो वहाँ एडमिशन मिल रहा है” आँसू आये पर आँखों में ही ठहर गए।”
“तौबा है……! अरे अपने ख़ानदान में छोड़ो। इन लोगो को देख लो। अरे वर्मा जी के इहाँ। वह खुद तो सरकारी नौकर है और दोनों लड़कियों को देखो। जितना माँ बाप पढ़ाये…. पढ़ी.. जब कहें, तब शादी कर ली। रौशनी तो तेरे साथ ही दसवीं करी थी।”
“अम्मा रहने दो” शाहीन की भवे चढ़ गयी और माथे पर बल आ गए, “कोई और ना मिली…रौशनी… रौशनी न, अँधेरा है वह। एक बार नवीं में फ़ेल एक बार दसवीं में, और जो पास की है तो 39 % नंबर से। शुक्र मनाओ कि 39% में दूल्हा मिल गया। वरना इतने नम्बर में तो दूल्हे भी नहीं आते।” शाहीन की बात सुनकर वह कुछ देर चुप हो गयी। फिर बोली, “दबा के दहेज दिया है, उसके बाप ने। दूल्हे का कौन ईमान, जहाँ माल मिले वही ढुलक जाए।” कई दिनों की बहस में अम्मा की यह बात शाहीन के दिल को छू गयी।
ख़ैर अम्मा फिर पीछे लौटी, “हाँ तो छोड़ उसको राबिया को देख। उससे कुछ सीख।”
“हमें नहीं सीखना किसी से कुछ” शाहीन अचानक गुस्से में चीखी, “अब…बस हमें जाना है।”
अम्मा का गुस्सा भी सातवें आसमान पर पहुंच गया, “जाकर दिखा। टांगें न तोड़ दूँ, तो कहना।” रात तक गरमा-गरम बहस चलती रही।
दिन कहाँ रुक रहे थे। एक-एक करके हाथ से फ़िसल रहे थे। 18 तारीख़ ने आँखें खोल ली। 18 मई कलेंडर में चमकने लगा। शाहीन को एक रिमाइंडर ईमेल मिला, “The last date for document verification is 20th May”. अब शाहीन के आँसू ना रुक रहे थे। आज सब चुप थे। कोई कुछ नहीं बोला। ग़जब सन्नाटा था। शाहीन की आँखें लाल थी। आख़िरकार रात में शाहीन ने एलान कर दिया, “मैं भाग जाउँगी।”
अब्बा और अम्मा की निगाह शाहीन के चेहरे पर टिक गयी। दोनों उसके मुँह से निकले लफ़्ज़ों को अपनी आँखों से टटोलने लगे। फिर देर तक दोनों की आँखें आपस में बात करती रही। लड़कियां अक्सर घरो से भागी है। किसी कम उम्र लड़के या मर्द के साथ। अकेली नहीं..। लेकिन यह भागेगी अकेली और वह भी..। सही और ग़लत में वह डूबते उबरते रहे। साफ़ सुथरा किनारा उन्हें नज़र नहीं आ रहा था।
19 मई की तीन ट्रेन की टिकट रिज़र्व हो गयी। “चलो तैयारी करो आज शाम को निकलना है” अब्बा घर में घुसते ही बोले। अम्मा पूरी तरह से शांत दिख रही थी। घर में चारो तरफ़ सुक़ून था। अम्मा बैग पर जमी धूल झाड़कर उसमे कपड़े सहेजने लगी। शाहीन के चेहरे पर रौनक लौट आयी। इस बार सिर्फ़ अहिंसा से बेड़ा पार नहीं हुआ थोड़ी क्रांति की भी ज़रूरत पड़ी।
अब्बा चुपचाप शाहीन के पास आकर पूछे, “तूने इम्तेहान कब दिया?”
“डेढ़ महीने पहले”
“कहाँ.. कैसे?”
“ऑनलाइन…” वह मुस्कुराई, और अपने आप से ही बोल पड़ी, ‘शुक्र है digitalization का। अगर शहर बाहर जाना होता, तब शायद इतनी माथापच्ची के बाद इम्तेहान दे ही ना पाती। अगर दे देती तो पास ना कर पाती। दूसरा चांस…वह हँस दी, अल्लाह के फ़रिश्ते भी ज़मीन पर उतर आते तब भी ना मिलता।’
अचानक दरवाज़े पर दस्तक हुई। ख़ाला, खालूजान और बड़ी अम्मा घर में घुसे। अम्मा कपड़े और बैग एक तरफ़ छोड़, आगे बड़ी और गले लग गयी।
“बहुत दिनों बाद आयी आपा”
“तू ही आ जाया कर, हमारे पैरो में इतना दम नहीं कि इधर-उधर आये जाए। बिख़रे कपड़े और बैग देखकर खालूजान पूछ बैठे, “कहीं जा रहे हो….?”
“हाँ…..” अम्मा बस इतना ही बोली।
खाला और बड़ी अम्मा एक साथ, “कहाँ….?”
इस बार अम्मा कुछ नहीं बोली, अब्बा की तरफ़ देखने लगी। अब बोलने की ज़िम्मेदारी अब्बा की थी। ‘ठीक भी है। कभी तो बोलें’ शाहीन मन ही मन बुदबुदायी।
“दिल्ली जा रहे आपा” आख़िर अब्बा बोले।
“काहे…. भला…!”
“शाहीन का दाख़िला कराने”
“दाख़िला…कैसा दाख़िला….कहाँ…?” खालू जान ने तो चकाचौंध आँखों से चौंकने की झड़ी लगा दी।
“दिल्ली की यूनिवर्सिटी में” इस बार अब्बा सकपका कर बोले।
“दिमाग़ खराब हो गया तुम लोगो का” खालूजान का चेहरा सख़्त हो गया।
शाहीन सुन्न सी हो गयी। उसे फिर सबकुछ पीछे लौटता हुआ दिखा। जिन उमड़ती-घुमड़ती लहरों से लड़कर वह किनारे तक पहुंची थी। उस किनारे को छूने से पहले ही पीछे से लहरों ने फिर हुंकार मारनी शुरू कर दी।
“लड़की ज़ात कहाँ अकेली रहेगी। खानदान की इज़्ज़त का ख़्याल नहीं तुम लोगो को। सबकी नाक कटवाओगे।”
अब्बा चुप खड़े सब सुन रहे थे। अम्मा ने सिर से सरकते हुए आँचल को संभाला और खींचकर माथे तक ले आयी। निगाहें फर्श पर टिका दी, लम्बी सांस खींची, “भाईसाहब…..पढ़ने जा रही है, आवारागर्दी करने नहीं।”



