एक व्यक्ति का एक मन लेकिन उस मन में चल रहे होते हैं अनगिनत ख़याल । वह न जाने कितना कुछ सोचता-समझता रहता है और उसमें ही जीता रहता है। हाल ही में सुमन शेखर ने एक कहानी लिखी है ‘कुएँ पर झूलती रस्सी’। यह पिछले महीने कृति बहुमत में प्रकाशित हुई है और आज जानकीपुल पर प्रस्तुत है। इस कहानी में ऐसे ही एक व्यक्ति का मन है जो निरंतर बेचैन है, साथ होकर भी अकेला है, जो अपनी ही खोज में है या कहें कि शांति की खोज में, अपने को सुने-समझे जाने की खोज में। प्रस्तुत है ‘कुएँ पर झूलती रस्सी’- अनुरंजनी
===================================
कुएँ पर झूलती रस्सी
..और वह फिर से चुप हो गई।
मैं हमेशा बातों का ऐसा ग़लत सिरा पकड़कर बात शुरू कर देता, जिसके बाद बात करने की सारी संभावनाएँ ध्वस्त हो जातीं।
आज फिर से शाम और रात काटे न कटेगी। सुबह से कुछ भी खाया नहीं, न ही खाने की तलब हुई। बीती शाम से ही हमारे बीच कुछ तनातनी थी, बार-बार लगता बात अब सँभल जाएगी, मैं कुछ ऐसा कह देता, बातों का सारा सुर फिर से ख़राब, पहले से और विकराल।
मुझे इस शहर में आये हुए कुछ साल ही हुए हैं लेकिन मैं अपना घर नहीं बना पाया। ऐसा कोई व्यक्ति नहीं बना पाया, जिसको सामने पाकर कहूँ- “यार, तू मेरे लिए घर सा है।”
साथ काम करने वाले दिन-ब-दिन व्यस्त होते जा रहे हैं या शायद मुझे ही व्यस्त दिख रहे हों! मैं ऑफिस से लौटने के बाद देर तक बाहर भटकता रहता हूँ। लौटने की जगह मेरे लिए कमरा की तरह है। मुझे पहले खुद के साथ रहना अच्छा लगता था। “अकेला होना मेरा खुद का चयन है”, इस बात पर मैं इतराता हुआ दोस्तों के बीच से निकल पड़ता। अब जाकर बीते दिनों-महीनों से मुझे लगने लगा है मुझे कोई चाहिए। कोई जो आसपास भर रहे, जब मैं बोलूँ, सुनता रहे, मुझे मन का कहने और सुनने की आज़ादी दे। मैं व्यस्त रहने, खुश रहने का दिखावा आखिर क्यूँ करूँ! मैं लोगों और मकानों से भरे इस जंगल में अकेला, निपट अकेला, दमघोंटू नदी में ऊब-डूब रहा हूँ, मुझे कौन बचाएगा!
मेरे अंदर बहुत सारे डर हैं। ऑफिस से लौटने के दौरान सड़क पर चलता हुआ उन डरों को बोलता-बड़बड़ाता रहता हूँ। मैं ऐसा मानकर चलता हूँ कि कोई न कोई कान सुन ही रहा होगा। सुनने को इतने कान हैं, इतनी सम्भावनाएँ हैं लेकिन मुझे कोई नहीं सुनता है।
अब न कहने का बाँध मजबूत नहीं बचा था, मैं ऑफिस से सीधा घर आया, उससे सारे डर कह दिए, और यहीं से बातों का सुर आज अभी फिर से बिगड़ गया।
“मुझे लगता है, एक दिन माँ और पिताजी मर जाएँगे रुचि।”
“फालतू की बातें मत करो तुम… तुम तो सब जानते हो न! मुझे सोचकर ही डर लग जाता है, जानते हो न!…”
“और उन दोनों की देह में आग मुझे ही देनी पड़ेगी। सबसे पहले माँ के केश जलेंगे, फिर माँ की आँखें, फिर त्वचा… और फिर माँ, चीखने-चिल्लाने, दहाड़ने पर भी पूरी धरती पर कहीं नहीं दिखेंगी… यही एक दिन पापा के साथ भी होगा, तुम्हारे साथ भी होगा..”
“तुमसे बात करना ही बेकार है… ज़्यादा बोले तो थप्पड़ खाओगे अब…बहुत फ़ालतू का बोलने लगे हो तुम” उसने सख्ती से कहा।“तुम्हें तुम्हारे बारे में एक बात बताऊँ, तुम किसी से भी बात करने लायक नहीं रह गए हो..” मैं अवाक…
उससे शादी हुए साढ़े तीन साल हो चुके हैं। हम दोनों कहाँ ही बात कर पाते हैं! हम मरने और जीने की बातों से कतराते हैं। स्त्री-पुरुष का रिश्ता कैसा होता है, कैसा होना चाहिए, इन बातों पर भी कभी खुलकर बात नहीं हुई। मैंने उसे अपने बहुत डरावने और बहुत सुखद सपने भी कभी नहीं सुनाए। जब वह किसी दिन बड़े मन से कहती, “कोई सपना सुनाओ न आज”, तो मैं उसे सपने को कहानी की तरह बनाकर सुनाता। प्रवेश भरी रातें, कमरे में घूम-घूमकर उठती सिसकी भरी मादक आवाज़ें, उसके तिल पर मेरा शहद का डालना और ऐसे अतरंगी सपने, जो कभी आए ही नहीं। मैं सपनों को अपनी ख़्वाहिश की शक्ल में सुनाता, वह उन सपनों को जिए हुए संतुष्टि की तरह सुनती, मौन मुस्काती। जबकि असल में मैं उसके साथ ‘केवल’ औसत रूप से सोने का सहचर हूँ।
मैं रुचि से बहुत-सी बातें नहीं कर पाता। करने और न करने, दोनों ही स्थितियों में मन कचोटता रहता। हम, जैसे अचानक मिल गए लोग थे। दार्शनिक बातें करने का मन होता, तो भगवान और अध्यात्म की बातें करने लगते। जीवन की बात करने का मन होता, ‘हम दोनों एकदूसरे के लिए सहज और उपयोगी हैं ही नहीं’ पर बात खत्म हो जाती। क्या शादी के बाद भी अधिकार का और सहजता का क्षेत्र अलग-थलग रहता है!
कभी-कभी उसको सोये में ताकते हुए बहुत अजीब महसूस करता कि उसका भाई, जो उससे ढाई साल बड़ा था, उसने कितनी मुश्किल से उस शाम कहा होगा-
“कोई आएगा और मेरी बहन पर हमेशा के लिए अधिकार कर लेगा। मैं फिर मेहमान की तरह रह जाऊँगा। अपनी बहन से लड़ना भी चाहूँ तो नहीं लड़ पाऊँगा… यह सोचकर ही मैं काँप जाता हूँ, जीजाजी…” मुझे वह भी कभी अकेली, एकदम अकेली दिखती।
हम साथ रहते हैं। देखने-सुनने में बहुत बोलने वाले और खुश रहने वाले लोगों की तरह, लेकिन बात करने में असहज, झूठे और डरे हुए। मैं उसके साथ बैठते हुए भी उतना ही अकेला महसूस करता हूँ, जितना स्वयं के साथ। हमारी तस्वीरों को देखकर कोई नहीं कह सकता कि हम दुखी और असफल जोड़े हैं।
उसे मैंने एक सुबह, बात हो पाए की उम्मीद से ‘विद्रोही’ की कविता पढ़कर सुनाई थी। उसने कुछ नहीं कहा, चुप ही रही। उसकी चुप्पी मुझे दिन भर खली। मैंने कहा था-
“इस सदी की सबसे महान कविताएँ कवियों की आँखों से खून की तरह टपकी हैं। खून की उन्हीं बूँदों पर हमने आरामदायक घर बनाए, दर्शन की बातें कीं, ठहाके लगाए और चैन से सोए।” क्या पता ये सारा कहीं पढ़ा हुआ वाक्य रहा हो। लेकिन मैंने कहा, आगे भी कहा।
“आँखों से गिरा खून अब भी लाल ही है। मुझे उन बूँदों के ऊपर अपने बनैले जीवन का भार रख देना अपराधबोध में धँसा देता है। मैं इतना डरपोक हूँ कि आँखें बंद करता हूँ तो डर जाता हूँ, खोलता हूँ तो डरा रहता हूँ। मुझमें प्रेम खत्म होता जा रहा है, रुचि। क्या मुझे कोई बचा पाएगा?..”
वह गुस्से में उठकर बागवानी में चली गई। झूले पर टिककर बादलों से भरा आसमान देखने लगी। मैं अंदर कमरे में बैठा, शीशे की खिड़की के पार उसे झूलते हुए देखता रहा।
“मेरे संवाद दिनों-दिन ‘मोनोलॉग’ की तरफ बढ़ते जा रहे हैं। रुचि! क्या यही तुम्हारे साथ भी हो रहा है। मुझसे कह तो सकती हो न! हम एक घर में दो अनजाने लोगों की तरह क्यों रहते हैं!” मैंने उसे देखते हुए हल्की आवाज़ में कहा। आवाज़ उस तक पहुँची भी नहीं होगी। मेरी आँख से गिरा आँसू दाहिने गाल पर फिसला। वह अब भी पेड़ और पत्तों को ही देख रही थी।
थोड़ी देर बैठने के बाद मन उकताने लगा। मुझे बाहर जाना है। कहाँ जाना है? किसके पास? कोई भी तो नहीं है, जहाँ अपनी उदासी और बेचैनी का बीज गिरा आऊँ। रुचि मेरी बहुत-सी बातें बिना कहे समझ जाती है, मेरा डर क्यों नहीं समझ पाती?
एक अरसा हुआ, खुद से नहीं मिल पाया हूँ। ख़ुद से बातें करने का वक़्त ही नहीं मिला। कभी मैंने खुद से नहीं पूछा- “क्या हाल है यार!”
मेरे होंठों पर हल्की सी मुस्कान आई, आँसू से भीगा गाल थोड़ा चौड़ा हुआ। मुझे आज खुद से बातें करनी चाहिए। मैंने रुचि को देखा, वह मुझे देख रही है, उसके गाल पर टप-टप आँसू। मुझे क्या करना चाहिए! रुचि ऐसी क्यों है! मैं ऐसा क्यों हूँ! हम दोनों इतने अकेले..
मैंने कपड़े बदले और बाहर निकल आया। शाम में भी धूप की चमक तेज थी।
मुझे सीधे माँ-पापा की मौत से बात शुरू नहीं करनी चाहिए थी। लेकिन आख़िर कब तक? हम साथ रहते हैं, बात तो करनी होगी न! क्या मुझमें बात करने की क्षमता नहीं है? बात करने की कला कहाँ से सीखूँ?
नहीं, उसे डर लगता है। उसने पिछले साल ही अपने माँ-बाबा का मरना देखा है। मुझे याद है, कैसे मैं उसे बिना बताए उसके घर ले गया था। रास्ते में कई बार उसने पूछा था-
“क्या हुआ है? अचानक घर क्यों चल रहे हैं? अगले महीने तो जाना ही है। भाई की बेटी का अन्नप्राशन होना है।”
घर पहुँचने तक मुझे अपना और उसका मोबाइल बंद ही रखना पड़ा था। मौत का या किसी भी तरह की बुरी खबर का अंदेशा उस जगह के आसपास पहुँचने भर से कैसे हो जाता है! उसे महसूस हो गया था। बस से उतरते ही उसने मुझे मारा था, लगातार मुझसे लड़ रही थी, मुझपर चिल्ला रही थी, पहली बार चिल्ला रही थी। लोगों ने देखा, लेकिन कुछ नहीं कहा।
माँ-बाबा की टूटी हुई देहों से जगह-जगह हड्डियाँ और मांस दिख रहे थे। मंदिर-दर्शन से लौटते वक्त रास्ते में गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी और दोनों, एक साथ जीते हुए एक साथ मर गए थे। घर में मातम था। भाई आकर अपनी बहन से गले मिला। क्या उसे उस वक्त महसूस हुआ होगा कि उसकी बहन पर रहा उसका अधिकार। अब उसका नहीं, उसके जीजा का है! क्या उसी अधिकार से वह अपनी बहन को गले लगा पाया होगा? उसके पास बिलखकर रोना क्या वैसा ही रहा होगा, जैसा पहले कभी हुआ होगा?
उसका डर बड़ा था। उसने अभी-अभी अपने घर को खाली होते देखा था। घर भर में अपनी माँ को भागते-दौड़ते देखने वाले बच्चे, माँ को एकदम शांत और चुप लेटा देख रहे थे।
उसने कहा था-
“मेरी चार माँ एक साथ मर गईं विनीत।”
रो-रोकर वह अपनी माँ को पुकार रही थी। बेहोश हो रही थी, फिर होश में आते ही “माँ… माँ…” कहने लगती। उसके पिता को कितना दुख हुआ होगा, जब बेटी ने “बाबा-बाबा” नहीं कहा होगा! माँ के साथ बाबा भी मरे हैं न! उसे बाबा के लिए भी रोना चाहिए था। वह दुख को चुनकर क्यों रो रही है!
वह घर की बातों में माँ का ज़िक्र ज़्यादा करती थी। एक बार उसने कहा था-
“माँ बहुत कम बोलती थी, बहुत चुप रहती थी। मैंने हमेशा माँ को घर में ही देखा। मैं बाहर जाती, माँ घर में ही होती। मैं घर में रहती, तब भी माँ घर में ही रहती। बाहर रहने पर माँ की याद आती, और अब यहाँ हूँ तो माँ की याद बहुत-बहुत ज़्यादा आती है। माँ एक ही समय में खाना भी बनाती, कपड़े भी धोती, कोनों में लगे जाले भी साफ करती और बाहर से आए बाबा को पानी, चाय और खाने के साथ उनके कपड़ों की प्रेस का भी ध्यान रखती। मैं एक घर में चार माँओं के साथ रही…”
उसकी बात सुनकर मैंने उसे बताया कि मुझे क्या याद आता है। मैंने उसे बताया कि मैं सपने बहुत देखता था, फिर बहुत दिनों तक सपना नहीं देखता था। जब सपने नहीं देखता था, उन दिनों खूब गालियाँ देता था और खूब गालियाँ खाता भी था। मैं आवारों की तरह था। उन दिनों मेरा रोने का मन बहुत होता था। ऐसे दिनों में ही मैं ढाबे वाले से कहकर लड़की का इंतज़ाम करवाता। लड़की हर दुख की दवा होती थी। मुझे फिर खूब सपने आते। लड़की की आवाज़ सुन मैं हफ्तों चैन से रहता। न आवारगी पर रोष, न गाली देने और खाने में कोई कमी आती। चैन हमेशा बना रहता।
उसने मेरी बात सुनते ही कहा-
“तुम बहुत सारी लड़कियों के साथ सोए हो?”
“हाँ…”
“मतलब तुम मुझसे पहले बहुत सारी लड़कियों के साथ सोए हो?”
“हाँ… तो?”
“तो? तुमने पहले क्यों नहीं बताया! कोई तुक है इस बेशर्मी की? मैं अपनी मरी हुई माँ को याद करते हुए तुम्हारे साथ मन का साझा कर रही हूँ और तुम लड़कियों के साथ सोने की बात बता रहे हो! शादी के इतने समय बाद आज बता रहे हो!”
“हाँ, तो सोया हूँ। उनके पास सोकर मैंने अपने दुख की दवा ली है रुचि। मैं उन्हें रातभर पास सोने के पैसे देता था और बदले में अपने सारे डर, सारे बुरे सपने और बुरी आदतों के बारे में सुनाता था। इस शर्त के साथ कि वह मेरी पूरी बात सुनेगी, मुझे बीच-बीच में प्यार भी करेगी, पुचकारेगी, लेकिन उससे आगे नहीं बढ़ेगी। हमारी रात की मुलाकात और सारी बातों के बारे में किसी से कुछ नहीं बताएगी। इस बीच लड़की कुछ नहीं बोलती थी। बोल-बोलकर जब मैं खाली हो जाता, उसे भेज देता।”
इस बात के बाद उस रात हमारी बात करने की संभावना भी खत्म हो गई थी।
मैं पार्क में खाली पड़े बेंच पर आकर बैठ गया, खुद के साथ था, उसका मैसेज आया-
“कहाँ हो? घर आ जाओ, कुछ बना रही हूँ। सॉरी..”
मैंने मैसेज नोटिफिकेशन में ही पढ़ लिया। कुछ कहने का मन नहीं हुआ, नहीं कहा।
इस शहर मे मुझे कोई नहीं जानता। सबको मैं नया और बाहर से आया हुआ दिखता हूँ। मैं अंजान लोगों से बात करने की कोशिश करता हूँ, औपचारिक बात भी नहीं हो पाती है। जबकि देखता हूँ सामने वाला भी अकेला है, भाग रहा है, कुछ ढूँढ रहा है, डरा और थका हुआ है। फिर मुझसे बात क्यों नहीं कर लेता!
मुझे उदासी के समय में वह किला बार-बार दिखता है, जिसे एक टूरिस्ट गाइड ने दिखाया था। किले के भीतर एक कुआँ था, कुएँ के ऊपर एक रस्सी टँगी थी। गाइड ने बताया था-’जो जीने के लायक नहीं बचते थे, राजा उसे इसी रस्सी पर टँगवा कर कुएँ में गिरा देता था। कुएँ में हड्डियाँ भरी हुई हैं।’ उसी समय रस्सी झूली थी, परिंदे उड़ने लगे थे। जब भी याद आता है, अजीब सा डरावना सन्नाटा घेर लेता है।
सामने की बेंच पर एक वृद्ध पाँव मोड़े बैठे थे। दुबली-पतली काया। उनकी आँखें भीतर को धँसी हुई थीं। गालों और त्वचा पर झुर्रियों की रेखाएँ एक-दूसरे में गड्डमड्ड होतीं, हिलतीं, जब भी उनका हाथ बदन खुजाने के लिए उठता। सामने बच्चे खेल रहे थे।
जो बच्चे अभी सामने झूमकर खेल रहे हैं, हँस रहे हैं, उसी उम्र और उत्साह में कभी मैं भी था। तब सोचा भी नहीं था कि जीवन इस तरह उदासीन हो जाता है, जीने का उत्साह बोझिल पड़ जाता है, और आदमी सिर्फ़ इसलिए जीता रहता है क्योंकि जीना है। सामने बैठे वृद्ध मुझे और बच्चों को देखते हुए शायद यही सोच रहे होंगे, जो मैं बच्चों के लिए सोच रहा था। बूढ़े इतने चुप क्यों रहते हैं? क्या उनमें अपनी ज़िंदगी को लेकर स्वीकृति आ जाती है? क्या वे जीने और उत्साह के मोह से दूर निकल चुके होते हैं?
बच्चों को मैं बताऊँ कि मुझे और इस वृद्ध को देखो, कितना भी कुछ कर लो, जीवित रहे तो भविष्य इसी के आसपास होगा? बता दूँ? मुझे कभी किसी ने क्यों नहीं बताया! शायद मैं अपना बचपन और खुलकर जीता। माँ-पापा के साथ और खुश हो पाता।
अकेली संतान को जन्म देने वाले मेरे माता-पिता अपनी बेतरतीब, हर क्षण सिहर जाने वाली, कहीं अपनी जगह न बना पाने वाली, कमजोर मन की संतान को लेकर क्या सोचते होंगे? ज़िंदगी के इस पड़ाव तक वही मुझे सँभाल रहे हैं। मेरी बारी कब आएगी? जब मेरी बारी आएगी, मैं निभाऊँगा या अपनी ज़िम्मेदारी से भाग खड़ा होऊँगा? बहाने बनाऊँगा और उनके सामने से निकल जाऊँगा?
मेरा मन कहता है, अगर मुझे अच्छा लगने का आधा भी हिस्सा मिले, तो मैं माँ को अच्छा लगाऊँ। माँ को गाँव अच्छा नहीं लगता, वह शहर में अच्छा महसूस करती है। उससे भी ज़्यादा अच्छा वह नानी के घर में महसूस करती है। इसके लिए माँ को उसके मायके छोड़कर आना पड़ता है। वहाँ माँ खुश रहती है, घर में ऊपर-नीचे करती रहती है, काम करते हुए आसपास के रिश्तेदारों से बातें करती है, अच्छा महसूस करती है।
कुछ दिन बाद वहाँ रहते हुए भी उसे बुरा महसूस होने लगता। इसके लिए उसे पचास साल पीछे जाना पड़ता, जब उसकी शादी नहीं हुई थी, जब वह खुलकर अपना बचपन जी रही थी। फिर पापा को भी पचास साल पीछे जाना पड़ता। तब मैं इस दुनिया में नहीं होता। मैं किसी और दुनिया का हिस्सा होता।
माँ तब कितना अच्छा महसूस करती होगी, जब खट्टे आम खाती होगी, सुबह-सुबह नदी में नहाने जाती होगी, अपनी सहेलियों के साथ उछल-कूद करती होगी। और पापा स्कूल में पढ़ाई करते हुए खूब खेलते होंगे।
मुझे माँ-पापा दोनों को अच्छा लगाना था। फिर पापा गुस्सा भी नहीं करते और माँ इतना सोचती भी नहीं। तब माँ को बोलने की आदत पड़ जाती और वह मुझसे भी खूब बातें करती। सबको अपनी गलतियाँ सुधारने के मौके मिलने चाहिए। गलतियों का एहसास होना और उन्हें सुधारने के लिए अतीत में न लौट पाना, गलतियों से भी बुरा होता है।
“अंकल, बॉल फेंकना…” बच्चे ने दूर से आवाज़ लगाई।
मैं जैसे उसी कुएँ में बहुत अंदर गिरता जा रहा था। बच्चे ने रस्सी डालकर मुझे वापस खींच लिया।
“दो न बाबा, कितना आलसी हो आप…” बच्चा फिर बोला।
मैंने झुककर बेंच के नीचे छिपी हरी गेंद बच्चे की तरफ फेंकी। बच्चे फिर खेलने में व्यस्त हो गए।
मैंने देखा, वृद्ध मेरी तरफ एकटक देख रहे हैं। मुझे जब कोई एकटक देखता है, मैं असहज हो जाता हूँ। मैं बेंच से उठा, चप्पल पहनी और आवेग में बाहर निकल आया। बाहर आकर मन धक् से बैठ गया। अब कहाँ जाऊँ! क्या मैं वापस अपने अतीत में लौट सकता हूँ? रुचि के साथ अपने बातचीत का सुर ठीक कर सकता हूँ! कहाँ लौटूँ!
अगर लौट सकता, तो मैं एक पक्षी होता, जो जीवन भर अकेले प्रवास में रहता। रुचि किसी और से शादी कर लेती। मैं शादी नहीं करता। माँ अपनी पढ़ाई पूरी कर पाती, किसी स्कूल में पढ़ाती, और पापा बैंक में काम कर पाते। दो अच्छे बच्चे पैदा करते। दोनों बच्चे उनके पास रहते। जहाँ-जहाँ बच्चे रहते, माँ-पापा साथ रहते।
फिलहाल मैं कहाँ जाऊँ? क्या मेरे लिए और कोई जगह नहीं है?
रुचि का कॉल आया, मुझे महसूस हुआ ठंढी हवा चली, कुएँ पर झूलती रस्सी काँपी। मैं फिलहाल फिर से बच तो जाऊँगा!
परिचय :



