बिमल दे की किताब ‘महातीर्थ के अंतिम यात्री’ का बांग्ला भाषा के यात्रा वृत्तांत में बहुत ऊँचा स्थान रहा है। कुछ साल पहले लोकभारती से इसका हिन्दी अनुवाद आया था। अनुवाद किया है दिलीप कुमार बनर्जी ने। इसी किताब की अपनी शैली में काव्यात्मक समीक्षा की है यतीश कुमार ने। आप भी पढ़ सकते हैं- मॉडरेटर
===================
1.
न प्रकाश की चाह
न मोक्ष की तलाश
इहलोक का पुण्य
और परलोक का प्रायश्चित
सब यात्रा की प्राप्ति हैं
यात्रा, सिर्फ यात्रा नहीं होती
गांठें खोलने का साधन बन जाती हैं
बिन यात्रा नहीं जान पाते कि
आनंद को तो
पतीले की तरह चकनाचूर हो जाना है।
पर यह जानना भी जरूरी है
कि टूटना हर बार खोना नहीं होता
2.
बिछोह में ऐसा दिन आता है
कि वो आनंद को पी जाती है
फिर बिछोह में भी
आनंद आने लगता है
मुस्कुराहट की प्रतीक्षा
सिर्फ आपको ही नहीं
बल्कि मुस्कराहट को भी
आपकी प्रतीक्षा रहती है
सच्चे मन की तलाश सदिच्छा है
सदिच्छाएं कभी जाया नहीं होतीं
यह भी सच ही है
कि इच्छा हो तो उपाय निकल ही आते हैं
उपाय की खोज गुरु के पास ले जाती है
गुरु की वाणी आपको मांजती है
जितना मंजाओ, उतनी पात्रता
जितना मनन, उतना ग्रहण
प्रज्ञा तुम्हारे पास
उच्चारण के संग, मनन से आती है
अंततः समझ में आता है
कि बीजमंत्र में खो जाना
एकाकार के मिलन- रहस्य के ताले को खोलना है
3.
पहाड़ को धरा का स्वप्न आता है
और धरा को पहाड़ का
नदियाँ चलते- चलते
पहाड़ की गोद में खो जाती हैं
पहाड़ों पर फाहों का सौंदर्य
नदी के अल्हड़पन में
बलखाने का सौंदर्य देख
और खिल उठते हैं
असमान मन
और देह पहाड़
सीमा में बंधे पहाड़
और सीमा से परे आकाश
अब मुझे
दोनों के मिलन को देखते हुए
प्राण भर खिलखिलाना है।
4.
आग तापना
सबसे सुंदर सामूहिक क्रिया है
सामूहिकता ही पहाड़ों का संबल है
और एकजुटता उसका उदाहरण
आँच बनकर आग
अपने सबसे सुंदर रूप में मिलती है
मन के साथ भी शायद
ऐसा ही होता है
पहाड़ के अलाव को रात में देखो तो
लगता है
जैसे कई दिए जल उठे हों
एकांत की रात में
मन का भी
ऐसा ही हासिल है
पहाड़ों पर बिजली नहीं होती
पर रोशनी की कोई कमी भी नहीं होती
असल में
उजास का सारा मसला
तो दिल से जुड़ा होता है
5.
नमक के टीले पर
रुई के फाहे जैसे पहाड़
आग, पुआल और कंबल
पहाड़ के असली साथी हैं
धूप में गर्मी
और छाया में सर्दी
पल- पल बदलते जीवन की तरह है पहाड़
पहाड़ों पर गरीब हैं
पर चोर नहीं
भिखमंगे हैं
लुटेरे नहीं
जिन पहाड़ों के घरों में
ताला चाबी नहीं होता
वहां कभी चोरी नहीं होती
पहाड़ की लीला चलायमान है
अचर के बीच
चर का दर्शन है
पहाड़ ने ही सिखाया
आधार ही मंडला है
और मंडला ही आधार है
मैंने पहाड़ से कहा
अगली बार लौटूंगा
तब तुम्हारी ही भाषा में बातें करूंगा
6.
तलाश भी एक चक्र है
और चक्र से पार जाना
असली यात्रा
बंधनों से मुक्ति
दुर्भाग्य है या सौभाग्य
पलायन शुरुआत है या अंत
ठहरना है कि रुकना है?
या फिर
अज्ञात यात्रा की अगली शुरुआत पर निकलना है
अज्ञात सुख की सांकल बजने की
आवाज सुनने के लिए
मोर के पँख सा अपने हाथ फैलाता हूँ
उस डार पर बैठने की चाहत में
उड़ने की कला सीखने की जिद लिए
भटक रहा हूँ
पर भटकना यात्रा नहीं होती
बहस उलझन को और उलझाती है
एकरसता का जामन जल्द ही खट्टा हो जाता है
सुख दुःख, अंधेरा और रोशनी
सब एक दूसरे के पूरक हैं
मुझे अपने पूरक की तलाश है
असल में मुझे मंडला की तलाश है
7.
अभ्यस्तता सहजता लाती है
दीक्षा, समानधर्मिता
उद्देश्य साथ हो तो
भीख, भिक्षा नहीं,
विनय और नम्रता का अभ्यास बन जाता है
मत और पथ को नहीं
सत्य को भीतर उतारने निकलना है
नमक सत्य की तरह होता है
जितनी ऊँचाई, उतना दुर्लभ
यात्राएँ आपको धागा- धागा खोलती हैं
पूरा एक बार खुल जाना जरूरी है
नई सीवन चढ़ाने के लिए
नया रंग रचाने के लिए
8.
नई सुबह
यात्रा की खुराक है
सिखाती है
कि ओस पर चलते हुए
पत्थर पर चला जा सकता है
पत्थर पर चलना
अविराम यात्रा की तैयारी है
तैयारी चेताती है
कि अभी यात्रा जारी है…
समझाती है कि प्रार्थनाएं हवा में तैरें
इसलिए उन्हें पताकाओं में बाँध देना चाहिए
कतरनों पर लिखी इबादतें
सदियों का सफर करती हैं
9.
महाभारत आज भी तिब्बत में जीता है
एक नारी और कई अनाड़ी
बुद्ध और द्वंद्व
दोनों को तिब्बत ही
एक साथ, साध सकता है
माना हुआ सच, सच नहीं होता
देखा से ज्यादा
भोगा हुआ सच
सच होता है
जैसे एक भोगा हुआ सच यह भी है
कि तिब्बती मोजे
तिब्बती जूतों के साथ ही पहने जा सकते हैं
हिमालय पर रहने वाले
मन से साफ होते हैं
तन से साफ होने में
अभी भी समय लगेगा
बाहरी और भीतरी
दोनों की भागीदारी लिए
नरक में स्वर्ग का निर्माण जारी है
10.
हिमालय की हर चोटी में
सौंदर्य का अलग ही रहस्य छिपा है
समय की चाल से
इनका पट खुलता है
आँख समय की चाल पकड़ ले
यह हर बार मुमकिन नहीं
सौंदर्य आपको यहाँ
वाक् रहित बना देता है
मौसम और मिट्टी का जादू
किताब से ज्यादा
बंजारों को पता होता है
रूप रहस्य का आकर्षण भी है
और यात्रा की खुराक भी
न समझो तो बेहतर
समझ गए तो और बेहतर
11.
स्वच्छ ज्योति है आँखों में
सत्य, शिव और सुंदर के मिश्रित प्रकाश से
चेहरा दमक रहा है
नारंगी सूरज और धवल चाँद
दोनों की परतें गढ़ते हुए
नई उगती अपराजिता के रंग के संग मनन
मन की गांठें खोल देता है
मंत्र नाभि-देश से पढ़ो
तो मन की चाबी बन जाती है
निर्वाण का दरवाजा
रूह खटखटाने लगता है
सौंपने का और साधना का मार्ग
कहीं-कहीं आपस में टकराते हैं
तो कहीं पटरियों की तरह
गले लग जाते हैं
इतिहास सिर्फ शिलालेख में नहीं
कालिख की लकीरों से भी झांकता है
असल में
तिब्बत के उन बर्तनों में
शताब्दियों की निशानी है
आज उन बर्तनों के टकराने की आवाजें
चोटी के बर्फ पिघला रहीं हैं
12.
अपने शैशव काल में
नदियां अल्हड़ होती हैं
यौवन आते -आते मलिन होने लगती हैं
स्थिर एकाग्रता में वो
मातृरूपा बन जाती हैं
महाशक्ति कहीं- कहीं विचलित
तो कहीं स्थिर हो जाती है
पहाड़ी स्त्रियों में उस नदी को
या फिर उन स्त्रियों में पहाड़ी नदी को देखो
स्त्रियां पहाड़ी नदी की तरह
कलकल और गर्जन दोनों करती हैं
बारिश में दोनों का चेहरा बदल जाता है
इनके पास घड़ी नहीं होती
पर समय का पता सबको होता है।
स्त्री का वैभव्य और अधिपत्य
पहाड़ को जमीन से अलग करता है
आगंतुक भूखा न रहे
इसलिए हर घर से
एक लकड़ी जुगाड़ती हैं स्त्रियाँ
दान को सम्मान
बनाती हैं स्त्रियाँ
13.
वह हँसता नहीं
पर जब हँसता है
तो बच्चों सा सुंदर लगता है
इसी बचपने में उसने एक दिन कहा
” मैला मन है मेरा
माँ मेरी पूजा ग्रहण कैसे करेगी ?”
उसे बताया गया
सागर में मिलने से पहले
नदियों की भी ऐसी ही अवस्था होती है
आधिभौमिक, आधिदैविक
या आध्यात्मिक
सब के जड़ में
आधि ही है
आधि को अनुभव बनाते हुए
त्रापा को लामा बनने की राह में
दुःख को कपूर बनना होता है
14.
हिमालय की ठंड में
चाय की प्याली
सागर के अमृत से कम नहीं
इन पहाड़ों पर
नमक सोना से कीमती है
जो दुर्लभ है वही कीमती है
नमक उसकी हथेली पर रखते ही
उसकी बंद घड़ी चल पड़ी
और वह बच्चों की तरह उछलने कूदने लगी
फिर जीवन के मोल का रहस्य
उगते सूरज – सा
धीरे- धीरे खुलता चला गया
देख रहा हूँ
अब समर्पण
समाधि की ओर बढ़ चला है
15.
संयम, नियम, ध्यान, धारणा, आसन, प्राणायाम
और प्रत्याहार समाधि
सब यहाँ तक पहुंचने के रास्ते हैं
ध्यान पथ पर
मुस्कान का विलुप्त होना भी
एक सीढ़ी ही तो है
एक समय आता है
जब चढ़ने से ज्यादा
उतरने में थकान घेरती है
अपरा से परा
भोगानन्द से सच्चिदानंद
सब मंजिलों के नाम हैं
यात्रा तो विलुप्त होने की है
ध्यान लगाते ही
शांत सौम्य ध्यानस्थ पर्वत कहता है
मोक्ष ही अंतिम काम्य है
16.
सामने ईश्वर का द्वार है
पर पहुँचना नरक के रास्ते ही संभव है
मन अपूर्ण
तो शून्य कभी हाथ नहीं आएगा
आत्मशक्ति से विश्वशक्ति की यात्रा संभव है
इच्छा शक्ति का जागरण ही
असल अभिप्राय है
दुःख का उन्मूलन
दुःख जानने से नहीं
दुःख का कारण जानने से संभव होता है
देह मन का नौकर है
मन वश में रहे
इसके लिए साधना करनी होती है
महान आत्मा के साथ
क्षुद्र आत्मा का योग ही तो पूजा है
पूजा से
सूखे घास में नए तृण उग आते हैं
17.
यात्रा में रस आने लगे तो
यात्राएं दुरूह नहीं रहती
थकावट अच्छे-अच्छे डर को
पराजित कर देती है
अभ्यास से लोहा भी हजम हो सकता है
अभ्यास बर्दाश्त की सीमा बढ़ाता है
आनंद को उपलब्धि मान लो
तो दुर्गम रास्ता
और सरल लगने लगता है
तंत्र की जमीन पर चलते हुए
मन को गति मिलती है
गति आधार की प्राप्ति की ओर ले जाती है
जहाँ स्थिरता का वरण करना ही अंतिम लक्ष्य है
और आधार पर स्थिर आसन लगाना
मंडला के मुख को पहचानने की पहली सीढ़ी है
18.
शून्यवाद और पूर्णवाद के अंतर को पाटना है
पवित्रता, शक्ति और शांति
तीनों का त्रिचक्र ही असली संतुलन है
त्रिशूल को थामना ही असली प्राप्ति
इति और नेति का चक्र पार करने
कैलाश की यात्रा करनी है
अमृत और अमृत के भ्रम के अंतर को मिटाना है
सूरज और हिमालय की होली
यात्रा की प्राप्ति
होली खेलते हुए पाया गया ध्यान
आत्म साक्षात्कार की कुँजी है
आत्म साक्षात्कार हो जाय तो आप साधु
और यह भी सच है कि माँ की तरह
अंततः सच्चे साधु का चेहरा
एक जैसा हो जाता है
तभी बादलों के बीच से एक आवाज आयी
“सत्य को चित्त में रख
और भस्म से रगड़”
जीवन का सार तो भस्म ही है
अंततोगत्वा सब राख ही हो जाना है



