गांधी और उनकी वैचारिकता को लेकर प्रसिद्ध इतिहासकार रामचंद्र गुहा की किताब आई है ‘आर्ग्युमेंट्स विथ गांधी’। इस किताब की एक समीक्षा प्रसिद्ध अमेरिकी अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स में आई थी। लेखक हैं थॉमस मिनी। थॉमस मिनी प्रसिद्ध पत्रिका ग्रांटा के संपादक हैं। उस समीक्षा का हिन्दी अनुवाद आपके लिये प्रस्तुत है- मॉडरेटर
==============
मोहनदास करमचंद गांधी की विरासत की चर्चा अब पहले जैसी नहीं रही। एक दशक पहले दक्षिण अफ्रीका में गांधी की प्रतिमा को प्रदर्शनकारियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। दक्षिण अफ्रीका वही देश है, जहाँ गांधी ने भारतीय व्यापारियों के वकील के रूप में काम करते हुए पहली बार राजनीति की दुनिया में अपनी पहचान बनाई थी। कुछ साल बाद, जब अमेरिका में कॉन्फेडरेट नेताओं की मूर्तियाँ हटाई जा रही थीं, तब घाना विश्वविद्यालय ने भी गांधी की एक दूसरी प्रतिमा हटाने पर सहमति जता दी।
इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने अपनी पुस्तक आर्ग्युमेंट्स विद गांधी में बताया है कि ऐसा क्यों हुआ। इसके साथ ही वे गांधी की विरासत की बात को आगे बढ़ाते हुए उनके आलोचकों पर एक पुराने अपराध का आरोप भी लगाते हैं। गुहा लिखते हैं, “आज हमारे सामने जो स्थिति है, वह न तो इतिहास की नई व्याख्या है और न ही पुरानी मूर्तियों को तोड़ने की कोशिश। यह तो पितृहंता जैसा कृत्य है, उस व्यक्ति को पूरी तरह नकार देना, जिसने शायद किसी भी दूसरे व्यक्ति से अधिक इस राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया और इसे सँवारने का काम किया।”
स्वतंत्रता के बाद के भारत के इतिहास पर बेहतरीन पुस्तक और गांधी पर दो खंडों में जीवनी लिखने वाले रामचंद्र गुहा इस बहस में पूरी तैयारी के साथ उतरते हैं। कुछ समय पहले तक गांधी के सबसे कट्टर आलोचक मुख्य रूप से हिंदू राष्ट्रवादी दक्षिणपंथी विचारधारा के लोगों में ही दिखाई देते थे। उनका मानना था कि स्वतंत्रता की लड़ाई के दौरान गांधी ने भारतीय मुसलमानों का जरूरत से ज्यादा पक्ष लिया था। 1948 में हिंदू वर्चस्ववादी विचारधारा से जुड़े एक व्यक्ति ने नई दिल्ली में प्रार्थना सभा के लिए जाते समय गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
लेकिन पिछले कुछ दशकों में गांधी के दक्षिणपंथी आलोचकों के सुर बदल गए हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो दक्षिणपंथी राजनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं, आज भी उपमहाद्वीप के मुसलमानों के साथ मेल-मिलाप की नीति की आलोचना करते हैं। लेकिन वे नियमित रूप से राष्ट्रपिता गांधी का नाम भी लेते हैं। ऐसा करके वे भारतीय मध्यवर्ग को संबोधित करते हैं, जिसके बीच गांधी आज भी एक सम्मानित और लोकप्रिय व्यक्तित्व हैं।
इस असहज समझौते के बाद गांधी के सबसे तीखे आलोचक वामपंथी खेमे में दिखाई देते हैं। गांधी पर लगाए जाने वाले सबसे चर्चित आरोपों में से एक यह है कि वे नस्लभेदी थे। 1896 में बंबई में दिए गए एक विवादास्पद भाषण में गांधी ने दक्षिणी अफ्रीका के अश्वेत निवासियों के प्रति अपनी घृणा जाहिर की थी। उन्होंने भारतीयों पर हो रहे अत्याचारों की निंदा करते हुए कहा था कि यूरोपीय लोग हमें “असभ्य काफिरों के स्तर तक गिराना चाहते हैं।”
बीसवीं सदी के शुरुआती वर्षों में ब्रिटिश अधिकारियों ने गांधी को कई बार जेल में डाला। जेल में अश्वेत और चीनी कैदियों के साथ बंद किए जाने पर वे बेहद परेशान हुए थे। लेखिका और सामाजिक कार्यकर्ता अरुंधति रॉय ने बताया है कि गांधी ने तो कि ब्रिटिश सरकार से भारतीय और अश्वेत कैदियों के लिए अलग-अलग कोठरियों और शौचालयों की व्यवस्था करने की माँग की। उन्होंने भारतीयों और अंग्रेजों के बीच समान ‘भारत-आर्य’ नस्लीय पृष्ठभूमि होने की बात भी उठाई थी।
इन तथ्यों से भली-भाँति परिचित होने के बावजूद गुहा बड़ी चतुराई से अपनी पुस्तक की शुरुआत एक ऐसे अध्याय से करते हैं, जिसमें वे बताते हैं कि साठ के दशक में अमेरिका के अश्वेतों के नागरिक अधिकारों के संघर्ष में गांधी एक महत्त्वपूर्ण प्रेरणास्रोत थे। जहाँ तक अफ्रीका के अश्वेत लोगों के प्रति गांधी के विचारों का सवाल है, गुहा का तर्क है कि समय के साथ उनमें बदलाव आया था।
यह बात कुछ हद तक सही है। लेकिन उदाहरण के लिए, 1939 में भी, जब तक गांधी वकील के रूप में पहने जाने वाले थ्री पीस सूट को छोड़कर धोती और शॉल पहनने लगे थे, वे अपने पुराने विचारों की ओर लौट गए थे। उन्होंने लिखा था, “बंटू लोगों के प्रति किसी के मन में कितनी भी सहानुभूति क्यों न हो, भारतीय उनके साथ मिलकर कोई साझा संघर्ष नहीं कर सकते।”
गांधी और जाति का प्रश्न गुहा के लिए इससे भी अधिक पेचीदा है। पश्चिमी देशों में गांधी के प्रशंसकों को यह जानकर आज भी झटका लग सकता है कि गांधी जाति व्यवस्था को बचाए रखना चाहते थे, जबकि यह व्यवस्था दुनिया में असमानता और क्रूरता को बढ़ावा देने वाली सबसे बड़ी व्यवस्थाओं में से एक रही है।
ऊँची जातियों के हिंदुओं के भीतर नैतिक चेतना जगाने के लिए गांधी अक्सर स्वयं को निचली जातियों के लोगों के साथ जोड़कर देखते थे और छोटे-मोटे काम भी करते थे। यहाँ तक कि उन्होंने अलग-अलग जातियों के बीच विवाह और अछूतों, जिन्हें भारत में दलित कहा जाता है, के मंदिरों में प्रवेश को भी स्वीकार करना शुरू कर दिया था।
लेकिन अरुंधति रॉय और दूसरे आलोचकों का तर्क है कि हिंदू परंपराओं के प्रति गांधी की गहरी निष्ठा और धन-दौलत तथा सामाजिक प्रतिष्ठा हासिल करने की आधुनिक होड़ के प्रति उनकी नापसंदगी ने अंततः उन्हें इस निष्कर्ष तक पहुँचाया कि थोड़े-बहुत बदलावों के साथ जाति व्यवस्था समाज को व्यवस्थित रखने का एक उचित तरीका है।
1936 में लिखे गए अपने एक निबंध, जिसका शीर्षक था ‘आदर्श भंगी’, में गांधी ने सुझाव दिया कि ऊँची जातियों का मल-मूत्र साफ करने का काम करने वाली निचली जातियों के लोगों को अपनी नियति स्वीकार कर लेनी चाहिए। उन्हें अक्सर यह गंदगी अपने सिर पर टोकरी रखकर ढोनी पड़ती थी। गांधी ने लिखा था, “एक आदर्श भंगी को यह जानना चाहिए कि मल-मूत्र की दुर्गंध को कैसे दूर किया जाए और उसे हानिरहित बनाने के लिए किस तरह विभिन्न कीटाणुनाशकों का इस्तेमाल किया जाए।” स्वतंत्र भारत में इसके बदले उन्हें अधिक वेतन, साफ-सुथरे घर, स्वच्छता के बारे में बुनियादी शिक्षा और ऊँची जातियों के हिंदुओं का आभार मिलेगा।
गुहा इस निबंध का उल्लेख नहीं करते, लेकिन वे दलित नेता बी. आर. आंबेडकर के साथ गांधी के बड़े टकराव का विस्तार से वर्णन करते हैं। आंबेडकर 1949 में बने भारतीय संविधान के निर्माताओं में से एक थे। 1930 के दशक में आंबेडकर ने भारत में दलितों के लिए अलग निर्वाचन क्षेत्र की माँग की थी, ताकि स्वतंत्र भारत की विधायिका में ‘पिछड़ी जातियों’ को अपना प्रतिनिधि चुनने के लिए ऊँची जातियों के भारतीयों पर निर्भर न रहना पड़े। आंबेडकर अपनी माँग पूरी कराने के काफी करीब पहुँच गए थे कि तभी गांधी ने अनशन करके अपनी जान दे देने की धमकी दी। यह एक बेहद सोची-समझी राजनीतिक चाल थी।
इस घटना को राजनीतिक दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखने के बजाय, जो वास्तव में राजनीतिक ब्लैकमेल जैसा था, गुहा आंबेडकर को भी ब्रिटिश सत्ता के साथ उनके संबंधों के आधार पर दोषी ठहराते दिखाई देते हैं। वे बताते हैं कि ब्रिटिश साम्राज्य ने दलितों को अपना अलग प्रतिनिधित्व हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया था, ताकि स्वतंत्रता आंदोलन पर गांधी और कांग्रेस पार्टी की पकड़ कमजोर की जा सके। उस समय स्वतंत्रता आंदोलन की स्थिति बिल्कुल सुरक्षित नहीं थी।
दूसरी ओर, आंबेडकर को इस बात की चिंता थी कि कहीं एक ही शक्तिशाली राजनीतिक दल सत्ता का नया केंद्र बनकर ऊँची जातियों के हिंदुओं के नेतृत्व में उत्पीड़न का नया माध्यम न बन जाए। उनकी यह आशंका सही साबित हुई। स्वतंत्रता के बाद आधी सदी से भी अधिक समय तक भारत पर शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने जातिगत भेदभाव की सबसे बुरी असमानताओं को कुछ हद तक कम करने का प्रयास जरूर किया, लेकिन जाति व्यवस्था की बुनियाद को कभी चुनौती नहीं दी गई।
गांधी की राजनीतिक प्रभावशीलता के प्रश्न पर आर्ग्युमेंट्स विद गांधी अधिक ठोस तर्क प्रस्तुत करती दिखाई देती है। गांधी की यह बात सही थी कि 1930 और 1940 के दशक के उदारवादी ब्रिटिश साम्राज्य के सामने सशस्त्र विद्रोह का रास्ता अपनाने के बजाय ब्रिटिश सरकार को नैतिक रूप से शर्मिंदा करके रियायतें हासिल करना अधिक प्रभावी हो सकता था। 1857 के भारतीय विद्रोह में सशस्त्र संघर्ष का रास्ता बुरी तरह विफल हो चुका था। फिर भी, सुभाष चंद्र बोस जैसे अधिक उग्र और हिंसक रास्ता अपनाने वाले नेताओं ने भी निस्संदेह स्वतंत्रता आंदोलन को मज़बूती दी। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान उनकी आज़ाद हिंद फौज ने जापान के साथ गठबंधन किया था। ऐसे नेताओं की मौजूदगी से ब्रिटिश सरकार को गांधी के शांतिपूर्ण आंदोलन का रास्ता कहीं अधिक आकर्षक लगने लगा होगा।
जाति व्यवस्था की स्पष्ट और निर्णायक निंदा करने में गांधी की हिचकिचाहट के पीछे राजनीतिक व्यावहारिकता का भी एक पक्ष रहा होगा। इससे हिंदू परंपरावादी उनके आंदोलन से जुड़े रहे। लेकिन इतिहासकार रणजीत गुहा (जो स्वयं एक बड़े इतिहासकार हैं और लेखक रामचंद्र गुहा से उनका कोई संबंध नहीं है) ने तर्क दिया है कि भौतिक सुख-सुविधाओं और धन-संपत्ति की लालसा के विरुद्ध गांधी के नैतिक उपदेशों से भारत के सबसे गहरे अन्याय दूर नहीं हुए। इन उपदेशों में मुख्य रूप से ऊँची जातियों के लोगों की सोच पर सवाल उठाए जाते थे। इसके बजाय गांधी के राजनीतिक कार्यक्रम ने इस खतरे को टालने में मदद की कि निचली जातियों के नेता स्वतंत्रता आंदोलन की कमान देश के संपन्न कारोबारी वर्ग के हाथों से छीन सकते थे। संयोग से इसी कारोबारी वर्ग ने गांधी के राजनीतिक उत्थान में उनका साथ दिया था।
यह बात भी ध्यान देने योग्य है कि रामचंद्र गुहा ने अपने लेखन की शुरुआत पर्यावरण के इतिहासकार के रूप में की थी। जब वे गांधी की इस दूरदर्शिता की प्रशंसा करते हैं कि पश्चिमी जीवनशैली अपनाकर उपभोक्ता बन चुके करोड़ों भारतीय “टिड्डियों के झुंड की तरह दुनिया को चट कर जाएँगे”, तो वे उस आर्थिक व्यवस्था की चर्चा से बचते हैं, जो इस विनाश के पीछे काम कर रही है।
हिंदू वर्चस्व के प्रति अपनी अलग-अलग प्रतिबद्धताओं के बावजूद गांधी को जिस सहजता से भारतीय आर्थिक शक्तियों ने अपना लिया और उनका समर्थन किया, उसी वजह से देश के बड़े कारोबारी और प्रधानमंत्री यह दावा करते दिखाई देते हैं कि वे गांधी के बताए रास्ते पर चल रहे हैं।
गुहा की पुस्तक इस बात के पक्ष में मजबूत तर्क देती है कि गांधी इतिहास के महानतम राजनीतिक नेताओं में से एक थे। लेकिन अगर हम उस क्रांति के वादे को पूरा करना चाहते हैं, जिसकी शुरुआत उन्होंने की थी, एक ऐसी क्रांति, जिसकी बुनियाद राजनीतिक संप्रभुता और मानवता पर टिकी थी, तो हमें कुछ मुश्किल सवालों का सामना करना होगा।



