फायरफॉक्स फोकस अब अंगिका में भी उपलब्ध

एंड्रायड के लिए फायरफॉक्स का एक विशेष ब्राउजर फोकस अब अंगिका भाषा में भी उपलब्ध है। मोजिला फायरफॉक्स की ओर से जारी फोकस एक ऐसा विशेष ब्राउजर है जिसमें गोपनीयता को काफी अधिक महत्व दिया जाता है। इस विलक्षण कार्य को अंजाम दिया है कुमार रितुराज ने जो अभी मधेपुरा के टीपी कॉलेज से बीसीए की पढाई कर रहे हैं और प्रथम वर्ष में ही हैं। यह ब्राउजर गूगल प्लेस्टोर से डाउनलोड और उपयोग के लिए उपलब्ध है। यह जानकारी मोजिला के आधिकारिक ब्लॉग पर मोजिला लोकलाइजेशन विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर डेल्फिन लेबेडेल ने साझा की है। इस रिलीज के साथ ही अंगिका भारत की कुछेक भाषाओं में आ गई है जिसमें फायरफॉक्स उपलब्ध है। मोजिला एक ओपन सोर्स की गैर लाभकारी वैश्विक संस्था है जो सूचना प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में काम करती है।

हालाँकि अंगिका भाषा-भाषियों की संख्या काफी अधिक है लेकिन गौरतलब है कि अंगिका को कुछ साल पहले यूनेस्को की ओर से जारी सूची में लुप्तप्राय भाषाओं के अंतर्गत रखा गया है। इस संदर्भ में देखा जाए तो यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है कि महज स्वैच्छिक प्रयास से अंगिका भाषा में डिजिटल वर्ल्ड में खासा अहमियत रखने वाला सॉफ्टवेयर फायरफॉक्स अब उपलब्ध है।

रितुराज ने यह काम स्वैच्छिक रूप से किया है। अंगिका को कंप्यूटर के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लाने के काम की यह एक महत्वपूर्ण शुरुआत है। अंगिका भाषा में कई और अहम सॉफ्टवेयर पर काम शुरू किया जा रहा है। रितुराज कम संसाधन वाली भाषाओं के लिए काम करने वाली संस्था भाषा घर से जुड़े हैं जहाँ अलग-अलग भाषाओं के लिए लोग स्वैच्छिक रूप से काम करते हैं। यह मैथिली, गढवाली, मगही आदि के लिए भी काम कर रही है। अंगिका के लिए कुछ साल पहले काम शुरू किया गया था और इसी के तहत भागलपुर की दिशा नामक संस्था ने शब्दावली निर्माण की कार्यशाला भागलपुर में आयोजित करने में मदद की थी और उस कार्यशाला में भागलपुर शहर के जाने-माने लोगों जैसे डा. अमरेन्द्र, मनोज मीता, मुकुटधारी अग्रवाल आदि से शिरकत की थी।

More From Author

लेखकों को ‘चीयर अप’ करने के लिए पुस्तक विमोचन पार्टी में कोई हर्ज नहीं है!

अंकिता जैन की कविताएँ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जानकी पुल को सहयोग करें

Jankipul : A Bridge of World's Literature एक नयी शुरुआत! मेरा कॉलम #Jankipul के लिए " जनहित में जारी सब पर भारी" आपकी टिप्पणी की अपेक्षा रहेगी