एक अल्पज्ञात इतिहास का स्वर्णिम पन्ना

असम के अहोम वंश के शासन काल और उनके इतिहास को लेकर ज्योत्स्ना मिश्रा की किताब आई है ‘स्वर्ण, रक्त और ब्रह्म-पुत्र’। इसी पुस्तक पर यह टिप्पणी लिखी है प्रसिद्ध लेखिका मनीषा कुलश्रेष्ठ ने- मॉडरेटर 

==================

‘स्वर्ण, रक्त और ब्रह्म-पुत्र’ एक अनूठी किताब है जो भारत के एक पूर्वोत्तरी मगर महत्वपूर्ण राज्य ‘असम’ के इतिहास के कम ज्ञात कोने की तरफ नए झरोखे खोलती है। बल्कि मैं यह कहूँगी यह किताब ‘अहोम साम्राज्य’ के रोमांचक इतिहास को भारत के अन्य खंडों के इतिहास के बरक्स मजबूती से खड़ा करती है। 

डॉ. ज्योत्स्ना मिश्रा की इस अनूठी कृति का पहले शीर्षक और फिर कवर पेज अपनी तरफ आकर्षित करता है, ‘स्वर्ण, रक्त और ब्रह्मपुत्र’ फिर मुखपृष्ठ पर ‘अरूप कुमार दत्ता’ की टीप,
“यह किताब  अहोम राजवंश को भारतीय विरासत की व्यापक बुनावट में जोड़ने का सफल प्रयास है।“ बहुत सहज और सरल टीप है मगर इसमें छिपी व्यंजना सोचने पर विवश करती है कि हम पूर्वोत्तर को अखंड भारत का हिस्सा कहते हैं मगर इतिहास में इतने बड़े कालखंड तक असम के एक बड़े हिस्से पर राज करते आए ‘अहोम सम्राज्य’ ने कभी हमें पढ़ाए गए इतिहास में जगह क्यों नहीं पाई? 

हम किताब खोलते हैं, किताब सरलता से हाथ पकड़ अपने विराट गलियारों से होकर समय में पीछे ले जाती है। फिर इसे आप छोड़ना नहीं चाहते और इसे  पढ़ते हुए बार–बार यह अहसास गहरा होता जाता है कि हम उत्तर भारतीय लोग अपने देश के केंद्र में अपने ही देश के कितने बड़े हिस्से के योगदान को लगभग भूल बैठे हैं। क्यों हिंदी के लोकप्रिय ऐतिहासिक लेखन में पूर्वोत्तर भारत—विशेषकर मध्यकालीन असम—बहुत कम दिखाई देता है। यकीन मानिए यह किताब उसी रिक्त स्थान को भरने का एक सघन, संवेदनशील और रोचक प्रयास है।

इसमें लगभग छह सौ वर्षों के असम के महत्वपूर्ण ‘अहोम साम्राज्य’ का अतीत कथा के माध्यम से पृष्ठों पर जीवंत होता जाता है। इसका फलक 1212 में मोंगमाओ से निकले राजकुमार सुकाफा की यात्रा से शुरू होकर 1826 की यांडाबू संधि तक फैला हुआ है। लेकिन लेखिका ‘अहोम इतिहास’ को  महज सुकाफा के आगमन से आरंभ नहीं करतीं। वे खुद टाइम–ट्रेवल करती हैं और पाठकों को साथ लिए जाती हैं सातवीं शताब्दी के कामरूप और भास्करवर्मन तक और दिखाती हैं कि सुकाफा के आगमन से पहले भी ब्रह्मपुत्र घाटी का अपना लंबा राजनीतिक–सांस्कृतिक अतीत पहले से मौजूद था।

सुकाफा जो चीन के युन्नान (हुनान के समीपवर्ती क्षेत्र) से ‘सोने के बागों वाले देश’ (मुंग-दुन-शुन-खाम) की तलाश में निकले थे। करीब तेरह वर्षों के कठिन और लंबे सफर के बाद वे उस उपजाऊ क्षेत्र में पहुंचे, जिसे वर्तमान में हम ‘असम’ के नाम से जानते हैं। लेखिका इस महत्वपूर्ण तथ्य को प्रमुखता से उजागर करती हैं कि सुकाफा का उद्देश्य इस नई भूमि को तलवार के बल पर जीतना नहीं था। इसके विपरीत, वे एक विस्थापित और प्रवासी के रूप में यहाँ शांतिपूर्वक बसने की आकांक्षा लेकर आए थे। सुकाफा एक स्थायी और दीर्घकालिक शासन की स्थापना करने में इसलिए सफल रहे क्योंकि उन्होंने टकराव के बजाय संवाद का मार्ग चुना। उन्होंने स्थानीय जनजातियों और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी भाईचारा और तालमेल बिठाया। सबके सहयोग और समावेशी नीतियों के माध्यम से शासन चलाने की उनकी इसी कला ने अहोम साम्राज्य को मजबूत आधार प्रदान किया।

यह एक दिलचस्प ऐतिहासिक संयोग है कि चीनी सीमावर्ती क्षेत्रों से आए अहोम शासकों का कालखंड चीन के शक्तिशाली मिंग और किंग राजवंशों के समकालीन था। इतना ही नहीं, इन दोनों ही सभ्यताओं की प्रशासनिक व्यवस्थाओं और शासन करने के तरीकों में कई अद्भुत समानताएं भी देखने को मिलती हैं। प्रशासनिक दृष्टि से देखें तो अहोम साम्राज्य की प्रारंभिक और सर्वाधिक लंबे समय तक रहने वाली राजधानी ‘चराईदेउ’ थी, जबकि ‘जोरहाट’ को सबसे कम अवधि के लिए राजधानी बनने का गौरव प्राप्त हुआ। छह सौ वर्षों तक अबाध रूप से शासन करने वाले इस विशाल साम्राज्य का पतन 1826 में अंग्रेजों के साथ हुई ‘यांदाबू संधि’ के हस्ताक्षर के साथ हुआ। हालांकि, इस संधि के बावजूद असम के अजेय होने का गौरव बरकरार रहा। ऐतिहासिक रूप से अंग्रेजों ने असम को किसी युद्ध में पराजित करके नहीं छीना था, बल्कि एक कूटनीतिक समझौते के तहत इस पर अपना नियंत्रण स्थापित किया था।

सुकाफा का 1228 में आगमन निश्चय ही निर्णायक घटना है, पर असम का इतिहास केवल अहोम राजवंश का इतिहास बनकर नहीं रह जाता। ‘स्वर्ण’ और ‘रक्त’ यहाँ महज अलंकार नहीं हैं। एक ओर राज्य–निर्माण, विस्तार, समृद्धि और सांस्कृतिक उपलब्धियाँ हैं; दूसरी ओर युद्ध, षड्यंत्र, उत्तराधिकार–संघर्ष और हिंसा। इन दोनों के बीच ब्रह्मपुत्र नदी लगभग स्थायी साक्षी की तरह बहती रहती है। भौगोलिक संरचना—घाटी, पर्वत, वर्षा, नदियाँ और कठिन आवागमन—कथा की पृष्ठभूमि मात्र नहीं, बल्कि सत्ता और युद्ध की परिस्थितियाँ गढ़ने वाले सक्रिय कारक हैं। किताब  की कथा–रचना भी रोचक है। 

ज्योत्सना क्योंकि स्वयं एक कवि-कथाकार हैं तो वे इतिहास की तरह यहाँ कालक्रम को सीधी रेखा में नहीं रखतीं। वे 1817 में सिरिमारी में निर्वासित पुरंदर सिंघा से कथा के द्वार  खोलती हैं और फिर उनके दादा बिजाय बरमूरा गोहाईं के माध्यम से सुकाफा के आगमन तक पीछे जाती हैं। दादा–पोते का यह  संवाद इतिहास की असंख्य कड़ियों को सहजता से जोड़ता चला जाता है। पाठक कथा दर कथा इस इतिहास के गुंजल में प्रविष्ट होता है और बस पृष्ठ-दर-पृष्ठ पढ़ता चला जाता है। इसका कथा-रस जिज्ञासा-मुक्त नहीं करता अंत से पहले। इस तरह सम्मोहित पाठक एक साथ दो कालों में विचरता है— एक ओर अहोम सत्ता के निर्माण के काल-खंड में और दूसरी ओर उसके अवसान के आस-पास।

मुझे इस किताब कि कुछ पंक्तियां हतप्रभ कर जाती हैं – ‘क्या हमारी संस्कृति का तलवार के बल पर दूसरों को झुकाने वाली रही है? हम तो कला, साहित्य और शास्त्रों के संरक्षक थे। न जाने कब निरंतर युद्धों ने अहोमों को ऐसा बन दिया कि युद्ध ही उनका भाग्य और उनका धर्म बन बैठा। खेल के मैदान सुने पड़ गए, कला-वीथिकाएँ वीरान हो गईं, यहाँ तक कि न्यायालयों की गरिम भी समाप्त हो चली।’

क्या यह आज का भी सत्य नहीं? युद्ध की लालसा किसी भी फलती-फूलती संस्कृति को अपने भीतर खींच लेती है। चाहे वे चाहें कि न चाहें। अहोम साम्राज्य एक उदाहरण है अतीत का, लगभग चालीस राजाओं का यह साम्राज्य अपना गौरवशाली अतीत लिए छ: शताब्दियों तक चला। सुकाफा ने युद्ध करके नहीं, बल्कि स्थानीय कबीलों और समाजों के बीच समन्वय स्थापित करके सत्ता की नींव रखी, विविध संस्कृतियों का मिश्रण हुआ, टकराव भी हुए। पाइक व्यवस्था, विभिन्न समुदायों का समावेश और बाद में शंकरदेव के नववैष्णव आंदोलन ने इस साम्राज्य को आंतरिक स्थिरता दी। सुहुंगमुंग के काल में अगर साम्राज्य का विस्तार हुआ तो राजपरिवार के भीतर षड्यन्त्र और तनाव भी उभरे। इसके बाद लचित बोरफूकन आए और 1671 का सराईघाट युद्ध मुगल विस्तार के विरुद्ध अहोम प्रतिरोध की सबसे चमकदार रेखांकित की जाने वाली मिसाल है। औरंगजेब के शासनकाल में मुगल सेना को मिली वह हार इतनी निर्णायक थी कि मुगल उत्तर–पूर्व में स्थायी रूप से कभी नहीं टिक सके। बाद में मोआमारिया विद्रोह, बर्मी आक्रमण और अंग्रेजी हस्तक्षेप ने साम्राज्य की आंतरिक कमजोरियों को उजागर किया। 1826 में यांडाबू संधि के साथ अहोम सत्ता का औपचारिक अंत हुआ—युद्ध से नहीं, संधि से।

किताब साक्षी है कि लेखिका डॉ.ज्योत्सना मिश्रा  ने बुरंजियों, यात्रावृत्तों, पुरातात्त्विक सामग्री और अंग्रेजी तथा असमिया स्रोतों का गहन अध्ययन किया है। फिर भी यह पारंपरिक अकादमिक इतिहास–ग्रंथ न होकर एक बेहद पठनीय रोचक गद्य में बदल जाता है। यह अपने आप में एक कौशल है। यह कहना एकदम अतिशयोक्ति नहीं है कि यह इतिहास के गरिष्ठ पन्नों को खोलती एक रोचक कथात्मक रचना है। यही इसकी सबसे बड़ी शक्ति भी है और चुनौती भी। पाठक के लिए यह जानना महत्त्वपूर्ण रहता है कि कहाँ वह स्त्रोत से निकला तथ्य पढ़ रहा है और कहाँ कल्पना कथा को जीवंत बना रही है। ज्योत्स्ना मिश्रा इस बारीक अंतराल को पर्याप्त सावधानी से पाटती हैं। इस पुस्तक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह हिंदी पाठकों को भारतीय इतिहास के एक ऐसे क्षेत्र से रूबरू कराती है, जिसे प्रचलित ऐतिहासिक विमर्श में अक्सर अनदेखा किया गया है। असम का अतीत यह स्पष्ट करता है कि भारतीय उपमहाद्वीप की राजनीतिक यात्रा केवल उत्तर भारत के विशाल साम्राज्यों तक ही सीमित नहीं थी। ब्रह्मपुत्र घाटी की अपनी स्वतंत्र शासन व्यवस्था, युद्ध कौशल, सामाजिक-धार्मिक परंपराएँ और बाहरी ताकतों के साथ कूटनीतिक संबंधों का एक अलग और समृद्ध इतिहास रहा है। लेखिका का व्यक्तिगत लगाव भी किताब  को एक अलग संवेदनशीलता देता है। वे अपने आत्मकथ्य में लिखती हैं कि – ‘असम से पहली नजर में इश्क हो जाने के बावजूद किताब लिखूं ये विचार आने में मुझे लगभग दो दशक लग गए।‘ 

आगे वे बताती हैं बचपन में पिता की कहानियों में प्राग्ज्योतिषपुर, कामरूप और ब्रह्मपुत्र का जिक्र, किशोरावस्था में पढ़ी पत्रिकाओं में असम की रहस्यमयी छवि, और बाद में गुवाहाटी यात्रा के दौरान एक क्रूज पर लचित बोरफूकन की नाट्य–प्रस्तुति—ये सब मिलकर लगभग दो दशकों बाद इस किताब के रूप में सामने आए। लेखिका का असम के विराट इतिहास में से ‘अहोम’ के प्रति यह लगाव ही है जो इस किताब को सिर्फ सूचना नहीं, बल्कि एक तरह का गहरा आग्रह बनाता है—कि इस इस भारत में बहती इतिहास की प्रछन्न धाराओं को भी जाना जाए। 

स्वर्ण, रक्त और ब्रह्मपुत्र पढ़ते हुए बार–बार लगता है कि इतिहास का अर्थ यहाँ केवल साम्राज्य को बनाए रखने के लिए लड़े गए युद्धों और राजशाही के भीतर षड्यंत्रों और हत्याओं का ही नहीं है। यह मनुष्य के अस्तित्व का कैलाइडोस्कोप भी है, जिसमें स्त्रियाँ भी बराबरी से उपस्थित हैं, प्रेम भी है तो विश्वासघात भी है। विविध संस्कृतियों का मेल है तो टकराव भी। अहोम साम्राज्य महज युद्धों से अपना भौगोलिक विस्तार ही नहीं चाहता वह दर्शन, कलाओं के माध्यम से अपने अस्तित्व की छाप भी छोड़ना चाहता है, वह मनुष्यता के मूल्यों की स्थापना करने वाले साम्राज्य के रूप में एक भयहीन आश्रय भी बनना चाहता है। 

हमें भूलना नहीं चाहिए कि भारत की सभ्यता और संस्कृति की असंख्य धाराएँ देश के अलग–अलग भूभागों में बहती रहीं और उन्होंने अपनी–अपनी तरह से इस अखंड राष्ट्र को आकार दिया। ब्रह्मपुत्र के किनारे विकसित यह धारा उनमें से एक महत्त्वपूर्ण धारा है—जिसे हिंदी पाठक अब आसानी से छू सकता है, इस अनूठी किताब के माध्यम से क्योंकि ‘स्वर्ण, रक्त और ब्रह्मपुत्र’ ऐतिहासिक तथ्यों की कसौटी पर पूरी तरह खरी उतरते हुए भी अपनी रोचक किस्सागोई शैली से पाठकों को बांधे रखती है। इस पुस्तक में कथावाचन की एक बेहद अनूठी और मार्मिक तकनीक अपनाई गई है। इसमें मात्र ग्यारह वर्ष की अल्प आयु में राजगद्दी संभालने वाले बालक राजा पुरंदर को उनके परिवार के बुजुर्ग अपने गौरवशाली पूर्वजों की वीरगाथाएं सुनाते हैं। इसी संवाद और कहानियों के माध्यम से पूरे अहोम राजवंश का समृद्ध इतिहास जीवंत हो उठता है। यह पुस्तक गहन शोध का परिणाम है, जिसे लिखने के लिए डॉ ज्योत्सना मिश्रा ने अंग्रेजी और असमिया भाषा में उपलब्ध लगभग सभी प्रमुख ऐतिहासिक दस्तावेजों और स्रोतों का रचनात्मक इस्तेमाल किया है।

पूर्वोत्तर के राज्य और उनका इतिहास इस देश में बहुत से लोगों के अज्ञात और प्रछन्न है। मैं सात वर्ष पूर्वोत्तर के विविध हिस्सों में बिता कर भी ‘अहोम साम्राज्य’ की विराट संस्कृति और अतीत से अल्पभिज्ञ थी। इस किताब ने मुझे समृद्ध किया है। यह किताब चर्चा में है और इसे और पढ़ा जाना चाहिए। 

=======================

‘स्वर्ण, रक्त और ब्रह्म-पुत्र’ : डॉ ज्योत्सना मिश्रा 

प्रकाशक :  पेंगुइन स्वदेश

पृष्ठ : 226 

पुस्तक मूल्य : 399 रु

More From Author

सिनेमाई भव्यता और कथा के साथ न्याय?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जानकी पुल को सहयोग करें

Jankipul : A Bridge of World's Literature एक नयी शुरुआत! मेरा कॉलम #Jankipul के लिए " जनहित में जारी सब पर भारी" आपकी टिप्पणी की अपेक्षा रहेगी