सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलांगिंग’ का आकर्षण अभी भी कम नहीं हुआ है। अभी भी लोग इस किताब को पढ़ रहे हैं, इसके ऊपर लिख रहे हैं। इस किताब की यह समीक्षा लिखी है महेश कुमार ने। महेश कुमार ने हाल के वर्षों में किताबों पर लिखने की अपनी विशिष्ट शैली विकसित की है। उनकी लिखी यह विस्तृत समीक्षा पढ़िए- मॉडरेटर
==============
जब मेरी पीढ़ी के लोग सुदूर ग्रामीण इलाकों और कस्बों में बड़े हो रहे थे; तब राजनीति की बातें अखबारों, रेडियो के आकाशवाणी और बुजुर्गों के गपशप से ही पता चलता था। तब बिहार में नीतीश राज की शुरुआत हुई थी और केंद्र में काँग्रेस का जलवा था। सोनिया गाँधी के बारे में दो बातें कही जाती थी। पहला, वो विदेशी है इसलिए प्रधानमंत्री नहीं बनेगी और दूसरा, उसके परिवार से अब कोई भी प्रधानमंत्री नहीं बनेगा क्योंकि उसकी हत्या कर दी जाएगी। यह अफवाह तब और फैल गई जब मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया गया।
हम जब और बड़े हुए मतलब यूनिवर्सिटी से होते हुए नौकरी तक आ गए तब केंद्र में भाजपा की सरकार आ गई। अब सोनिया गाँधी के साथ राहुल गाँधी भी चर्चा के केंद्र में थे। इसी के साथ एक और अफवाह को चाणक्य के सूत्र वाक्य और तथ्य की तरह प्रस्तुत किया गया कि “विदेशी कोख से पैदा हुई संतान कभी देशभक्त नहीं हो सकती है”। तथ्य जाँच में यह झूठ पाया गया। इसे मनोज मुन्तशिर शुक्ला से लेकर विद्यालयों-विश्वविद्यालयों में पढ़ाने वाले शिक्षक तक अपने भाषणों में बोलते रहे और व्हाट्सएप स्टेटस पर शेयर करते रहे।
इन्हीं अफवाहों, जहरीले भाषणों और स्त्री अस्मिता पर होने वाले हमलों से सोनिया जी के आत्मकथा का शीर्षक बना है ‘बिलांगिंग’। ऑक्सफोर्ड अँग्रेजी शब्दकोश के अनुसार इसका अर्थ होता है ‘सहज होने का भाव और किसी भी समूह में सदस्य के तौर पर स्वीकृति’। सोनिया जी बतौर स्त्री भारतीय कहे जाने के लिए संघर्ष करती रहीं। यह संघर्ष और गहरा होता गया जब राजनीति में सक्रिय हुईं और उन्हें अपमानित करने के लिए बार बाला, कैबरे डांसर, एंटोनियो मायनो, इटली की जासूस जैसे शब्दावली को लोकप्रिय बनाया गया। स्त्रियों के सम्मान के गर्व बोध से उबलता हुआ यह देश राजनीति में एक स्त्री को अपदस्थ करने के लिए प्रायः चरित्रहनन का सहारा लेता है। हालाँकि, कैबरे डांस एक कला है और काम भी। इस आत्मकथा के जरिए सोनिया जी यह बताती हैं कि वे प्रेम में थीं और उन्होंने प्रेम में इस देश को भी अपनाया। प्रेम में पड़े व्यक्ति के लिए ‘नागरिकता’ मुख्य चिंता नहीं होती है क्योंकि यह चुनावी राजनीति से बहुत अलग विषय है। सोनिया जी ने प्रेम की नागरिकता चुनी और निबाहा भी। प्रेम में वो एक स्त्री जैज़ से होते हुए मोहम्मद रफ़ी, पंडित रविशंकर तक की यात्रा करती हैं और फिल्मों में सत्यजीत रे को पसंद करने लगती हैं। इतालो कालविनो, चार्ल्स डिकेन्स, जोनाथन स्विफ्ट को पढ़ने वाली लड़की भारत आकर गीता समझने का प्रयास करती हैं।
सोनिया इस आत्मकथा में राजनीतिक होने से ज्यादा पारिवारिक हैं। एक प्रेमिका, पत्नी, बहू, माँ और इन सबसे अधिक एक स्त्री का जीवन अधिक है।
इस आत्मकथा को तीन हिस्सों में बाँटकर देखा जा सकता है। पहला, सोनिया के परिवार का हिस्सा, दूसरा, राजीव के परिवार का हिस्सा और तीसरा राजीव के बाद उनका अपना जीवन। सोनिया का परिवार जिसे हम 1960 के दौर के इटली का सामान्य मध्यवर्गीय परिवार के तौर पर पढ़ सकते हैं; काफी हद तक भारतीय परिवार जैसा था। पिता मुखिया हैं। पिता से सब डरते हैं। वो बताती हैं कि खाने के टेबल पर श्रेणीक्रम(हायरार्की) के हिसाब से बैठना पड़ता था। युद्ध, तानाशाही, गरीबी, विस्थापन, काम के लिए भटकना और यौन शुचिता पर विशेष ध्यान देना यह उस समय के मूल्य थे । सोनिया इसी तरह पली-बढ़ी। इन्हीं कारणों से सोनिया-राजीव के प्रेम को विवाह में परिणत करने में दिक्कतें आयी थीं।
राजीव गाँधी और सोनिया की प्रेम कहानी भारतीय किस्म के मध्यवर्गीय समाज के प्रेम जैसा ही था। दोस्तों के जरिए मिलना, फिर छुप-छुप के मिलना, फिर सबको बताना, अड़चनें आना और बड़ी मुश्किल से शादी तक पहुँच पाना। इस पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण यह है कि राजीव प्रेमी बनकर ही सोनिया के साथ अपना रिश्ता बरतते रहे। कहीं भी प्रधानमंत्री के बेटे को बीच में नहीं लाया। सोनिया राजीव के बारे में जो दिलचस्प बात बताती हैं वो यह कि अपने खर्चे निकालने के लिए राजीव ने आइसक्रीम बेची और भवन निर्माण में मजदूर के रूप में भी काम किया। विवाह के बाद सोनिया ने अपने घर में रहने की बेपरवाही खो दिया। वो लिखती हैं कि राजीव के घर पर उसे अत्यधिक औपचारिक रहने की स्थिति से वो ऊब गईं थीं। यह स्थिति हर स्त्री के जीवन में आता है जब वो अपने घर से ससुराल जाती है तो उसे कई तौर-तरीके सीखने पड़ते हैं। ऐसे में ससुराल वालों का काम है उसे उसकी जरूरत के हिसाब से सहज बनाए। वो बहुत विस्तार से बताती हैं कि कैसे उन्होंने ससुराल में ‘एडाप्टेशन’ सीखा। इस काम में राजीव और इंदिरा जी ने भी मदद की। एक तरह से सोनिया जी कि आत्मकथा एक स्त्री के एडाप्टेशन की भी यात्रा है। इस बात को रेखांकित करना जरूरी है। सोनिया जी ने अपने ससुराल में काम करने वाले लोगों का जिक्र किया है वह उल्लेखनीय है। आमतौर पर आत्मकथा में ‘मैं’ की व्याप्ति बहुत अधिक होती है। यहाँ नत्थू, कालीप्रसाद और मोहम्मद हसन जैसे लोग जो खाना बनाने, कपड़ा सिलने और अन्य घरेलू काम करने वाले लोग हैं उन्हें सम्मानपूर्वक याद करना परिवार के मूल्यों को ऊँचाई देती है। इस आत्मकथा की विशेषता यह है कि इसमें ‘परिवार’ केंद्रीय तत्व है। सोनिया जी अपनी बात भी प्रायः इसी के आसपास घूमते रहती है। इसी के बीच उन्हें यह हमेशा महसूस होता रहता है या कहिए महसूस करवाया जाता है कि वे एक राजनीतिक परिवार की बहू हैं। उनका पहला बच्चा जब गुजरा तो उन्हें सुनने को मिला कि “इंदिरा गाँधी एक नाजायज औलाद की दादी बनने से बच गईं”। इस तरह के तथ्य यह समझने में भी मदद करता है कि कैसे भारतीय लोकतंत्र में राजनीतिक भाषा में निरंतर गिरावट आती गई।
इंदिरा गाँधी के जीवन प्रसंगों के बारे में चर्चा करते हुए सोनिया जी बताने में सफल होती हैं कि धर्मनिरपेक्षता, साम्प्रदायिक सौहार्द, आपसी संवाद, असहमति का सम्मान और अन्य लोकतांत्रिक मूल्य उनके परिवार में पहले से ही मौजूद है। कश्मीरी पंडितों का रीति रिवाज, पारसी मूल्यों का सम्मान, हिन्दू मिथकों के प्रति आकर्षण, मौत के खतरे के बावजूद सिख अंगरक्षक रखना इन सब तथ्यों से यह बताने की कोशिश है कि गाँधी परिवार ‘भारतीयता’ में विश्वास रखता है। इसका एक उदाहरण वो देती हैं कि इंदिरा जी ने काशी विश्वनाथ के सौंदर्यीकरण का उन्होंने विरोध किया। इसके लिए संजय गाँधी से वो नाराज हुई। उनका मानना था कि वह प्राचीन मंदिर है और आसपास कई प्राचीन मूर्तियाँ हैं। उसमें बदलाव करना या छेड़छाड़ करना बनारस की प्राचीनता को नष्ट करने जैसा है।
सोनिया जी जब राजनीति पर बात करती हैं उनका ध्यान दो बातों पर है। एक काँग्रेस की उपलब्धि बताना और दूसरा विपक्ष के तौर पर भाजपा और आरएसएस की आलोचना करना। इंदिरा गाँधी से लेकर राहुल गाँधी की राजनीतिक यात्रा में सोनिया गाँधी बराबर यह बताते चलती हैं कि कैसे वो देश के बीच गईं और कैसे देश ने उन्हें अपनाया। जब वो चुनाव प्रचार के लिए राजीव जी के साथ अमेठी और देशभर में जाने लगीं तब लोग उन्हें ‘बहुरानी, पतोहू’ के रूप में स्वीकार करने लगे। स्त्रियाँ आशीर्वाद देती थीं। यहाँ भी सोनिया जी के भीतर वह इच्छा बलवती है कि इस देश के लोग उन्हें ‘अपना’ माने। खासकर अमेठी की चर्चा वो बार-बार करती हैं। वो कहती भी हैं कि घर के बाहर अमेठी ही था जिसने उन्हें स्वीकार किया।
चुनावी राजनीति और काँग्रेस के कार्यों की सूची का विवरण देते हुए सोनिया जी बेहद सावधान हैं। उन्होंने बहुत सावधानी से उन घटनाओं का जिक्र किया है जो एक तरफ काँग्रेस के लिए प्रचार का भी काम करे और दूसरी तरफ भारत के बदलते हुए सामाजिक-आर्थिक हालातों को भी स्पष्ट करे। उदाहरण के लिए, बेलछी जनसंहार की चर्चा करना। इसके माध्यम से वो दिखाना चाहती हैं कि काँग्रेस तब कितनी संवेदनशील थी और भारत में जाति व्यवस्था कितनी क्रूर है। राजीव गाँधी के तकनीकी नीतियाँ, संजय गाँधी के पाँच सूत्रीय कार्यक्रम, आईआईटी, एम्स इन सबके चर्चा से वो अपने पाठकों को यह समझाने की कोशिश करती हैं कि काँग्रेस ने अबतक क्या -क्या किया है। यह आत्मकथा यह बताती है कि राजनीतिक लेखन में किन घटनाओं को चुनें, क्रम क्या रखें और उसे प्रस्तुत कैसे करें जो एक तरह से प्रचार का माध्यम भी बने, छवि निर्माण भी करे और आत्मकथा के तत्त्वों का निर्वहन भी कर सके। यही कारण है कि वो जब आपातकाल को दर्ज करती हैं। जानती हैं कि यह जनता की स्मृतियों में है। वो इसका बचाव नहीं करती हैं पर, जयप्रकाश नारायण के निर्णयों की आलोचना करती हैं। बताती हैं कि कैसे हो आरएसएस के लोगों के इर्दगिर्द फँसकर रह गए। बोफोर्स वाले मामले पर राजीव जी का बचाव करना और उसे बेहद सरल तरीके से प्रस्तुत करना ‘इमेज क्लीनिंग’ का असफल प्रयास है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस पूरे आत्मकथा में विपक्ष के तौर पर निशाने पर भाजपा-आरएसएस ही क्यों है? इसका सीधा जवाब है कि स्त्री होने के नाते और राजनेता के हैसियत से उनके निजी जीवन पर सबसे अधिक हमले भाजपा ने किए। इसके अलावा भाजपा ही काँग्रेस के लिए सबसे बड़ा विपक्ष है। तत्कालीन स्थिति देखते हुए सोनिया गाँधी अन्य राजनीतिक पार्टियों के खिलाफ बहुत नहीं लिख सकती थीं क्योंकि गठबंधन की जरूरत है। यही कारण है कि वो ममता बनर्जी, लालू यादव, मुलायम सिंह यादव आदि नेताओं की बहुत कटु आलोचना नहीं करती हैं; बल्कि तारीफ ही करती हैं। राहुल गाँधी के भारत जोड़ो यात्रा का विवरण करते हुए यह बताने में सफल होती हैं कि ये केवल काँग्रेस के उत्थान के लिए की गई यात्रा नहीं है। इसका उद्देश्य राहुल गाँधी के बारे में फैलाए गए अफवाह को ध्वस्त करना और लोकतांत्रिक मूल्यों को पुनर्स्थापित करना है। अध्याय के अंत में इंदिरा गाँधी के भाषण से अथर्ववेद के श्लोक उद्धृत करके समावेशी विकास, गरीबी से मुक्ति और समानता का संदेश दिया गया है। विरोधाभास यह है कि सोनिया जी कहीं भी काँग्रेस काल में हुए जंगलों के विनाश, पूंजीपतियों द्वारा आदिवासी और वंचित समूहों के शोषण आदि पर एक भी शब्द नहीं कहती हैं। इसलिए जब वो काँग्रेस की राजनीति पर लिखती हैं तो प्रचारक ज्यादा लगती हैं लेखिका कम।
फिर भी आत्मकथा में कहीं भी बहुत कड़वाहट नहीं है किसी के लिए बस एक पीड़ा है कि उन्हें स्वीकार किया जाए। वो लिखती हैं कि “मेरे भीतर यह गहरी इच्छा थी मुझे लोग स्वीकारें। मैं तब कितनी बेवकूफ थी। जिस देश में इतनी विविधता है। यहाँ तक कि एक ही क्षेत्र में रहने वाले, एक ही भाषा बोलने वाले लोग, एक ही रीति-रिवाज को मानने वाले भी आपस में एक दूसरे से अलग हैं। यह हमारा जन्म है जो तय करता है कि आप कौन हैं मरते दम तक क्या रहेंगे?” यह है एक आम स्त्री की पीड़ा जिसे संगीत, साहित्य, साड़ियाँ, अलग-अलग रीति-रिवाज, देवालय, भोजन पसंद हैं लेकिन वह एक देश के प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार की बहू बनती है जिसपर आजीवन ‘विदेशी’ होने का ठप्पा लग जाता है। यह आत्मकथा उस विदेशी स्त्री का खुद को ‘हिंदुस्तानी’ मानने की अभिव्यक्ति है भले उसे कोई और भारतीय माने या न माने। अब उस स्त्री ने इसकी परवाह करना भी बन्द कर दिया है।



